Sunday, August 9, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के पूर्व प्रेसीडेंट सुनील तलति ने अपने पार्टनर मनीष बक्षी को 'निपटा' देने के साथ-साथ अपने बेटे अनिकेत तलति को दोतरफा रूप से 'सुरक्षित' कर लेने के लिए चाल तो बड़ी ऊँची चली है, लेकिन अनिकेत तलति को रीजनल काउंसिल का चुनाव जितवाने का पेंच उनके सामने अभी फँसा भी हुआ है

अहमदाबाद । सुनील तलति ने सेंट्रल काउंसिल के लिए मनीष बक्षी की उम्मीदवारी को प्रस्तुत करवा कर अपने बेटे अनिकेत तलति के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने/रखने का प्रयास तो अच्छा किया है, लेकिन फिलहाल उनके लिए अनिकेत तलति को रीजनल काउंसिल का चुनाव जितवाना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है । उल्लेखनीय है कि पहले अनिकेत तलति के सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की चर्चा थी, किंतु अंततः सुनील तलति के बेटे की बजाए सुनील तलति के पार्टनर मनीष बक्षी की उम्मीदवारी प्रस्तुत हुई है । पिछले दो चुनावों में भी मनीष बक्षी की उम्मीदवारी के प्रस्तुत होने की चर्चा थी, पर वह हो नहीं सकी थी । समझा जाता है कि सुनील तलति ने इस बार मनीष बक्षी को उम्मीदवार बनवा कर उनकी उम्मीदवारी का 'किस्सा'
हमेशा के लिए खत्म कर देने की चाल चली है, जिससे कि वह आगे अनिकेत तलति के लिए समस्या न पैदा कर सकें । समझा जाता है कि सुनील तलति ने यह बड़ी ऊँची चाल चली है - जिसमें उन्होंने मनीष बक्षी को 'निपटा' देने के साथ-साथ अनिकेत तलति को दोतरफा रूप से 'सुरक्षित' कर लिया है । सुनील तलति ने दरसअल जान/समझ लिया कि धीनल शाह और पराग रावल की उम्मीदवारी के रहते हुए सेंट्रल काउंसिल में अनिकेत तलति का इस बार जीतना मुश्किल क्या, असंभव ही है; जीतना मनीष बक्षी को भी नहीं है - और इस तरह सुनील तलति ने सेंट्रल काउंसिल की उम्मीदवारी से अनिकेत तलति को पीछे खींच कर एक तरफ तो उन्हें हार के दाग से बचा लिया, और दूसरी तरफ मनीष बक्षी की 'बलि' लेकर अनिकेत तलति के लिए आगे का रास्ता भी साफ कर लिया है । 
सुनील तलति की यह चाल है तो बड़ी ऊँची, लेकिन इसमें एक बड़ा पेंच अनिकेत तलति को रीजनल काउंसिल का चुनाव जितवाने को लेकर फँसा है । इंस्टीट्यूट के पूर्व प्रेसीडेंट सुनील तलति के लिए अपने बेटे को रीजनल काउंसिल का चुनाव जितवाना यूँ तो कोई मुश्किल नहीं होना चाहिए, किंतु अहमदाबाद में रीजनल काउंसिल के लिए चार उम्मीदवार हो जाने से मामला जरा टेढ़ा सा हो गया है । बात चार उम्मीदवारों की भी नहीं है - असल बात यह है कि चार उम्मीदवारों में सबसे कमजोर स्थिति अनिकेत तलति की ही है, और उन्हीं पर चौथी सीट निकालने की जिम्मेदारी भी है । वेस्टर्न रीजनल काउंसिल के 22 सदस्यों में अहमदाबाद से अभी तीन सदस्य हैं, जिनमें से एक पराग रावल सेंट्रल काउंसिल के लिए उम्मीदवार हो गए हैं; तथा बाकी दो सुबोध केडिया व प्रियम शाह रीजनल काउंसिल की सदस्यता को बनाये रखने के लिए चुनावी मैदान में होंगे । रीजनल काउंसिल के लिए नए उम्मीदवारों के रूप में अनिकेत तलति और पुरुषोत्तम खण्डेलवाल का नाम आया है । इन दोनों में पुरुषोत्तम खण्डेलवाल की उम्मीदवारी को अनिकेत तलति की उम्मीदवारी के मुकाबले भारी देखा/पहचाना जा रहा है - इस नाते से सुबोध केडिया, प्रियम शाह व पुरुषोत्तम शाह की जीत को सुनिश्चित माना जा रहा है; किंतु अनिकेत तलति तक आते आते मामला फँसता नजर आ रहा है । 
इसका कारण यह है कि पिछली बार अहमदाबाद ब्रांच के चुनाव में अनिकेत तलति की स्थिति पुरुषोत्तम खण्डेलवाल के मुकाबले बहुत पीछे थी । पुरुषोत्तम खण्डेलवाल को पहली वरीयता के जहाँ 638 वोट मिले थे, वहाँ अनिकेत तलति को मात्र 196 वोट ही मिले थे । चुनाव में कुल पड़े वोटों का 27 प्रतिशत हिस्सा अकेले पुरुषोत्तम खण्डेलवाल को मिला था, और इस तरह से उन्होंने एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया था । ब्रांच में काम करते हुए उन्होंने लोगों के बीच अपनी स्थिति को और सुदृढ़ ही बनाया है । ब्रांच में यूँ तो अनिकेत तलति की परफॉर्मेंस भी अच्छी ही रही है, किंतु वह इतनी अच्छी नहीं रही है कि पुरुषोत्तम खण्डेलवाल के साथ उनका जो अंतर रहा था - उसे खत्म या कम कर सके । सुनील तलति के बेटे होने के बावजूद अनिकेत को ब्रांच के चुनाव में जिस तरह से पिछड़ना पड़ा था और अच्छी स्थिति प्राप्त कर पाने में वह विफल रहे थे - उसे देखते हुए ही रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत उनकी उम्मीदवारी के सफल होने को लेकर संदेह बना हुआ है ।
हालाँकि रीजनल काउंसिल के उम्मीदवारों में पराग रावल के न होने को अनिकेत तलति के लिए एक मौके के रूप में भी देखा/पहचाना जा रहा है । उल्लेखनीय है कि रीजनल काउंसिल के पिछले चुनाव में पराग रावल को पहली वरीयता के 2068 वोट मिले थे, जिस कारण से सुबोध केडिया और प्रियम शाह मुश्किल से अपनी सीट निकाल पाए थे । माना जा रहा है कि पराग रावल ने रीजनल काउंसिल छोड़ कर सेंट्रल काउंसिल का रुख करके रीजनल काउंसिल के उम्मीदवारों को राहत की बड़ी साँस दी है - और पिछली बार पराग रावल ने जो तमाम सारे वोट खुद झटक लिए थे, वह अब की बार सभी उम्मीदवारों में बटेंगे, और सभी की नैय्या पार हो जाएगी । कुछेक लोगों को लेकिन पराग रावल की जगह पुरुषोत्तम खण्डेलवाल लेते हुए नजर आ रहे हैं; और उन्हें लग रहा है कि पुरुषोत्तम खण्डेलवाल हो सकता है कि पराग रावल जितने वोट न भी ले पाएँ, तो भी सुबोध केडिया और प्रियम शाह के वोटों में जो सुधार होगा - वह अनिकेत तलति का रास्ता रोकने का काम करेगा । पिछले चुनाव में पहली वरीयता के वोटों की गिनती में प्रियम शाह 805 वोटों के साथ 14वें नंबर पर तथा सुबोध केडिया 686 वोटों के साथ 17वें नंबर पर थे; जो फाइनल नतीजे में क्रमशः 1103 वोटों के साथ 20वें और 1131 वोटों के साथ 19वें स्थान पर रहे थे । इस नतीजे के संदर्भ में देखें तो अहमदाबाद के चौथे उम्मीदवार के लिए रीजनल काउंसिल में जगह बनाना मुश्किल नजर आता है । अनिकेत तलति के लिए चुनौती की बात यह है कि चौथे उम्मीदवार के रूप में उन्हें ही देखा/पहचाना जा रहा है ।     
अनिकेत तलति के लिए यह चुनौती इसलिए और बड़ी है क्योंकि इस बार की उनकी उम्मीदवारी को अगली बार, यानि वर्ष 2018 में सेंट्रल काउंसिल के लिए उनकी संभावित उम्मीदवारी के लिए आधार भूमि तैयार करने के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । वर्ष 2018 में धीनल शाह द्वारा खाली की गई सीट पर अनिकेत तलति को फिट करने की अपनी योजना को क्रियान्वित करने के लिए ही सुनील तलति ने इस बार मनीष बक्षी को बलि का बकरा बना दिया है । सुनील/अनिकेत तलति के कुछेक समर्थकों की सलाह थी भी कि अनिकेत को रीजनल काउंसिल के चुनाव के झमेले में नहीं पड़ना चाहिए, क्योंकि यदि वह चुनाव नहीं जीत सके तो फिर अगली बार सेंट्रल काउंसिल के लिए उनका दावा कमजोर हो जायेगा । सुनील तलति ने किंतु अपने अनुभव से जाना/सीखा है कि इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में जानबूझ कर गैप करना नुकसान ही पहुँचाता है । इस तरह अनिकेत तलति के लिए एक तरफ कुआँ तो दूसरी तरफ खाई वाली स्थिति है; इस स्थिति में उनकी उम्मीदवारी रीजनल काउंसिल के लिए प्रस्तुत तो हो गई है - किंतु इस प्रस्तुत हो गई उम्मीदवारी को कामयाब बनाने की चुनौती उनके सामने अभी मुँह बाये खड़ी है । 

Friday, August 7, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाने के बदले में मुकेश अरनेजा को लोगों से जो खरी-खोटी सुनने को मिल रही है उससे बचने के लिए उनके सारे फार्मूले, हथकंडे, टोटके फेल साबित हो रहे हैं

नई दिल्ली/गाजियाबाद । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाने के बाद मुकेश अरनेजा के और भी बुरे दिन शुरू हो गए हैं - क्योंकि लोगों ने अब उन्हें खुल कर तथा सामने सामने लताड़ना शुरू कर दिया है । उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट में अभी तक फिर भी लोग मुकेश अरनेजा का थोड़ा बहुत लिहाज किया करते थे और कम से कम उनके मुँह पर बुरा/भला कहने से बचते थे और यदि कोई कुछ कहता भी था तो थोड़ा संयत भाषा का प्रयोग करता था । लेकिन अब लगता है कि लिहाज का पर्दा पूरी तरह से हट गया है । दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को मुकेश अरनेजा ने जिस तरह से उकसाया है, उससे मुकेश अरनेजा को दोहरी मार पड़ी है : दिल्ली में अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के समर्थन में जुड़े लोगों को इस बात की नाराजगी है कि मुकेश अरनेजा ने उन्हें धोखा दिया, गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश के लोग इस बात पर खफा हैं कि मुकेश अरनेजा उनके बीच फूट पैदा करके उन्हें आपस में लड़वाना चाहते हैं । हाल-फिलहाल में संपन्न हुए क्लब्स के अधिष्ठापन समारोहों में ऐसे बहुत से दृश्यों को देखा गया जिनमें कि लोग मुकेश अरनेजा को खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं, और मुकेश अरनेजा के लिए जबाव देते तथा उनसे बचना मुश्किल हो रहा है, तथा वह सिर्फ बौखला कर रह जा रहे हैं । लोगों को मनाने के लिए मुकेश अरनेजा हालाँकि अपने सारे फार्मूले, हथकंडे, टोटके इस्तेमाल कर रहे हैं - लेकिन सब फेल साबित हो रहे हैं । मुकेश अरनेजा को ऐसी असहाय व निरुपाय स्थिति में इससे पहले कभी भी नहीं देखा गया है ।  
मुकेश अरनेजा की बदकिस्मती से टाइमिंग दरअसल उनके लिए बहुत गलत हो गई है । हाल ही में मुकेश अरनेजा अपनी कारस्तानियों के चलते पहले अपने भाई-भतीजों द्वारा कंपनी से भगाए गए और फिर अपने क्लब से निकाले गए । इन घटनाओं पर लोगों के बीच चर्चा अभी चल ही रही थी कि मुकेश अरनेजा को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अशोक गर्ग को धोखा देने का किस्सा सामने आ गया । कई लोगों का मानना/कहना हालाँकि यह रहा है कि मुकेश अरनेजा ने अशोक गर्ग को कोई धोखा नहीं दिया है, और उन्होंने वास्तव में अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को मदद पहुँचाने के इरादे से ही दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाया है । मुकेश अरनेजा की चाल है कि दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसा कर वह गाजियाबाद/उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच फूट डलवा देंगे और उन्हें आपस में लड़वा कर सुभाष जैन की स्थिति को कमजोर करके अशोक गर्ग को फायदा पहुँचवा देंगे । कई अन्य लोगों का लेकिन इस थ्योरी पर भरोसा नहीं भी है - उनका मानना/कहना है कि मुकेश अरनेजा की चाल भले ही अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को फायदा पहुँचाने के लिए हो, लेकिन उनकी चाल के क्रियान्वन ने अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को खासा बुरा झटका दिया है । अधिकतर लोगों का मानना/कहना है कि मुकेश अरनेजा वास्तव में किसी के साथ नहीं है, वह तो रोटरी और डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपने आप को प्रासंगिक बनाये रखने के लिए पहले अशोक गर्ग को इस्तेमाल कर रहे थे, और अब दीपक गुप्ता को इस्तेमाल करने लगे हैं । 
मुकेश अरनेजा के साथ कंपनी में और क्लब में जो हुआ, उसका जिक्र करते हुए यह भी कहा जा रहा है कि मुकेश अरनेजा की असली समस्या दरअसल यह है कि जिस चीज को वह अपनी चतुराई समझते हैं, वह उनकी मूरखता होती है - और वह मूरखता साबित भी होती है, लेकिन फिर भी वह कोई सबक नहीं सीखते हैं । कंपनी में और क्लब में उनकी जो भी हरकतें रही होंगी, उन्हें अंजाम देते हुए उन्हें सोचा तो यही होगा कि इन हरकतों से उनका रुतबा बढ़ेगा; किंतु नतीजा ठीक उलटा निकला । इससे मुकेश अरनेजा ने भले ही कोई सबक न लिया/सीखा हो, दूसरों को लेकिन यह खूब समझ में आ रहा है कि - जो मुकेश अरनेजा अपनी होशियारी, अपनी तरकीबों, अपने फार्मूलों से अपनी खुद की मदद नहीं कर पाए; और अपने क्लब में वर्षों से साथ रहे सदस्यों तथा कंपनी में अपने ही भाई-भतीजों द्वारा बाहर निकाल दिए गए; उन मुकेश अरनेजा की होशियारी, तरकीबें, फार्मूले दूसरों की भला क्या और कैसे मदद कर पायेंगे ? हमारे समाज में तो वैसे भी कहावत भी है और देखने में भी आता है कि जो गिर गया हो या पिट रहा हो तो हर कोई उसे अपनी तरफ से दो लात और लगा देने का प्रयास करता है । मुकेश अरनेजा के साथ दरअसल यही हुआ है । कंपनी से और क्लब से निकाले जाने की खबरों के सामने आने के बाद उनका इक़बाल, उनका ऑरा खत्म हो गया है - जिसका नतीजा यह हुआ है कि उनके प्रति लोगों के बीच जो लिहाज था, वह खत्म हो गया है और अब हर कोई उनके सामने सामने उनसे तू-तड़ाक करने के लिए प्रस्तुत हो गया है । डिस्ट्रिक्ट में जो लोग किसी से भी कभी कुछ कहते हुए सुने नहीं गए हैं और बड़े शरीफ समझे जाते हैं, और मुकेश अरनेजा के नजदीकी भी रहे हैं, वह लोग भी मुकेश अरनेजा से सीधे सीधे सवाल करने लगे हैं, और उन्हें लताड़ने लगे हैं । 
मुकेश अरनेजा से हमदर्दी रखने वाले लोगों का मानना/कहना है कि कंपनी में और क्लब में उनके साथ जो हुआ उसके कारण लोगों के बीच उनका इक़बाल और उनका ऑरा तो खत्म हुआ, लेकिन लोगों के बीच उनके प्रति सहानुभूति भी बनी; लोगों ने माना/समझा कि मुकेश अरनेजा ने जैसी जो कारस्तानियाँ की हैं उसका नतीजा उन्हें मिल गया है । किंतु लोगों ने जब मुकेश अरनेजा को दीपक गुप्ता को उम्मीदवारी के लिए उकसाते पाया, तो उनकी सहानुभूति विरोध में बदल गई और लोगों ने मुकेश अरनेजा को लताड़ना शुरू कर दिया । लोगों को यह बात खास तौर से बुरी लगी है कि चौतरफा मुसीबतों में घिरे मुकेश अरनेजा अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं, और उनके बीच फूट डाल कर तथा उन्हें आपस में एक-दूसरे के खिलाफ भिड़ाने का प्रयास कर रहे हैं । लोगों का कहना है कि दीपक गुप्ता ने इस बार के चुनावी झमेले से जब अपने आपको अलग और दूर कर लिया था, उनके क्लब के पदाधिकारी लोगों को बता रहे थे कि दीपक गुप्ता ने इस बार अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने से इंकार कर दिया है, और इसी इंकार के भरोसे दीपक गुप्ता के क्लब के पदाधिकारी सुभाष जैन की मीटिंग्स व पार्टियों में जा रहे थे और सुभाष जैन की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन व्यक्त कर रहे थे - तब मुकेश अरनेजा ने अचानक से दीपक गुप्ता को उम्मीदवारी के लिए उकसाना शुरू करके उनके लिए तो भारी समस्या खड़ी कर दी है । मुकेश अरनेजा के प्रति लोगों के बीच संगठित व मुखर हुए इस विरोध ने दीपक गुप्ता के सामने अजीब सा संकट खड़ा कर दिया है - मुकेश अरनेजा का जो समर्थन उनके लिए वरदान होना चाहिए था, वह अभिशाप बनता नजर आ रहा है ।

Thursday, August 6, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में पहले प्रेसीडेंट इलेक्ट और फिर प्रेसीडेंट पद की जिम्मेदारियों का खासे उत्साह व पूरी पूरी दिलचस्पी के साथ निर्वाह कर रहे पुनप्रीत सिंह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी रवि चौधरी की कारस्तानियों के कारण अध्यक्ष पद छोड़ने के लिए मजबूर हुए; और डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने के लालच में पूर्व गवर्नर दमनजीत सिंह भी चुपचाप तमाशा देखते रहे

नई दिल्ली । रवि चौधरी की हरकतों से परेशान होकर उनके क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली वेस्ट के अध्यक्ष पुनप्रीत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है । क्लब की जिस मीटिंग में पुनप्रीत सिंह का इस्तीफा स्वीकार हुआ, करीब डेढ़ घंटा चली उस मीटिंग में रवि चौधरी ने इस्तीफे के कारणों की चर्चा तक नहीं होने दी - और बाद में अपनी हरकतों पर पर्दा डालने के उद्देश्य से उन्होंने अफवाह यह फैलाई कि पुनप्रीत सिंह क्लब के एक लाख रुपये लेकर भाग गए हैं । इस मामले में सबसे शर्मनाक भूमिका पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दमनजीत सिंह की रही, जिन्होंने उस मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए पुनप्रीत सिंह के इस्तीफे के कारणों पर चर्चा न होने देने के उद्देश्य से रवि चौधरी तथा उनके साथियों द्वारा मचाये जा रहे हुड़दंग को नियंत्रित करने का कोई प्रयास तक नहीं किया - और इस्तीफे के कारणों को मीटिंग के रिकॉर्ड पर नहीं आने दिया । दरअसल रवि चौधरी ने दमनजीत सिंह से वायदा किया हुआ है कि वह उन्हें अपने गवर्नर-काल में डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनायेंगे - डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का पद छिन न जाए, इसलिए दमनजीत सिंह ने रवि चौधरी के इरादे को चुपचाप पूरा होने दिया; और रवि चौधरी की हरकतें मीटिंग के रिकॉर्ड पर नहीं आ सकीं । 
क्लब में दूसरे पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेशचन्द्र ने कुछेक जगह यह तो कहा है कि पुनप्रीत सिंह के साथ जो हुआ, वह अच्छा नहीं हुआ है - लेकिन इससे ज्यादा कुछ कहने/करने से उन्होंने भी बचने की कोशिश की । क्लब के ही सदस्यों का कहना है कि रमेशचन्द्र ने इतना जो कह दिया, वही बहुत है - इससे ज्यादा कुछ कहा तो उन्हें भी पता है कि रवि चौधरी और उनके हुड़दंगी साथी उन्हें भी क्लब से बाहर का रास्ता दिखा/दिखवा देंगे ।
रवि चौधरी को क्लब में अशोक कंतूर के रूप में एक पक्के वाले समर्थक भी मिल गए हैं । अशोक कंतूर ने अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उम्मीदवार होने की तैयारी शुरू कर दी है - और उन्होंने मान लिया है कि उन्हें यदि कामयाब होना है तो उन्हें रवि चौधरी की हाँ में हाँ मिलानी ही होगी । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बनने के बाद रवि चौधरी की 'हैसियत' में जो इजाफा हुआ है, उससे रवि चौधरी की हरकतों में और तेजी ही आई है - और इस तेजी का पहला शिकार क्लब के अध्यक्ष पुनप्रीत सिंह बने हैं । रवि चौधरी यूँ तो अपनी हरकतों के लिए पहले से बदनाम रहे हैं, लेकिन उम्मीद की जा रही थी कि गवर्नर बनने की लाइन में आने के बाद उनमें जिम्मेदारी का भाव आयेगा और वह अपनी हरकतों को छोड़ना शुरू करेंगे । किंतु पुनप्रीत सिंह के साथ उन्होंने जो किया, उससे उन्होंने साबित किया है कि उनका 'सुधरना' मुश्किल ही है । 
पुनप्रीत सिंह की शिकायत रही कि रवि चौधरी ने शुरू से ही उन पर हावी होने की और उन्हें अपने इशारों पर नचाने की कोशिश की, और जब उन्होंने देखा कि उनकी कोशिशें सफल नहीं हो रही हैं - तो उन्होंने पुनप्रीत सिंह से चिढ़ना शुरू कर दिया और उन्हें जब तब अपमानित करने लगे । अध्यक्ष के रूप में पुनप्रीत सिंह की पहली ही मीटिंग में रवि चौधरी उपस्थित नहीं हुए । मीटिंग के बाद पुनप्रीत सिंह ने फोन करके जब उनसे कहा कि मेरी पहली मीटिंग में तो आपको आना चाहिए था, तो रवि चौधरी से उन्हें सुनने को मिला कि जब मैं तुम्हारे बारे में अच्छा सोच नहीं सकता, तो मैं अच्छा बोलता क्या, और इसलिए मैंने मीटिंग में न आना ही उचित समझा । रवि चौधरी के इस जबाव से ही उनकी घटिया सोच के स्तर को समझा/पहचाना जा सकता है । रवि चौधरी यदि अपने ही क्लब के अध्यक्ष के बारे में अच्छा नहीं सोच सकते थे, तो उन्होंने कभी भी क्लब में अध्यक्ष के कामकाज या रवैये को लेकर कोई शिकायत क्यों नहीं की थी ? अध्यक्ष के रूप में पुनप्रीत सिंह के कामकाज या रवैये को लेकर शिकायतरूपी कोई बात तो रवि चौधरी अब भी नहीं कह रहे हैं । दरअसल पुनप्रीत सिंह से उनकी खुन्नस का कारण सिर्फ यह रहा कि पुनप्रीत सिंह उनके कंट्रोल में नहीं आए, और उनके इशारों पर नाचने के लिए तैयार नहीं हुए । 
पुनप्रीत सिंह और रवि चौधरी के बीच मामला तब और बिगड़ गया, जब रवि चौधरी ने उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में दूसरे अध्यक्षों के बीच विनय भाटिया के पक्ष में माहौल बनाने की बात कही । इस पर पुनप्रीत सिंह ने रवि चौधरी से कहा कि वह विनय भाटिया को समझाएँ कि उनके व्यवहार के कारण अध्यक्षों के बीच उनके बारे में अच्छी राय नहीं है, और वह कुछेक नेताओं पर अपनी निर्भरता को छोड़ कर लोगों के तथा खासतौर से अध्यक्षों के बीच अपने लिए जगह बनाएँ । पुनप्रीत सिंह ने रवि चौधरी से साफ बता दिया कि अध्यक्षों के बीच अभी तो विनय भाटिया के प्रति समर्थन का कोई भाव नहीं है । यह सुनकर रवि चौधरी बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने पुनप्रीत सिंह से साफ कह दिया कि जो अध्यक्ष विनय भाटिया का साथ नहीं देगा, उसे देख लिया जायेगा । लगता है कि अध्यक्षों को 'देख लेने' की शुरुआत रवि चौधरी ने अपने ही क्लब से शुरू कर दी है ! 
रवि चौधरी ने और या क्लब के किसी भी सदस्य ने अध्यक्ष के रूप में पुनप्रीत सिंह के कामकाज या रवैये पर कभी भी कोई ऊँगली नहीं उठाई । रवि चौधरी और अशोक कंतूर ने लेकिन तरह तरह से पुनप्रीत सिंह के काम में अड़चन पैदा करने, भिन्न भिन्न तरीकों से उन्हें परेशान व अपमानित करने का सिलसिला शुरू कर दिया । बुरी तरह से परेशान और निराश होकर पुनप्रीत सिंह ने जब अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की तो रवि चौधरी ने क्लब के सदस्यों पर दबाव बनाया कि कोई भी न तो पुनप्रीत सिंह से इस्तीफा देने का कारण पूछेगा और न ही उनसे पद पर बने रहने का अनुरोध करेगा । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दमनजीत सिंह की अध्यक्षता में पुनप्रीत सिंह के इस्तीफे को स्वीकार करने के लिए जो मीटिंग हुई, उसमें कुछेक लोगों ने इस्तीफे के कारण पर चर्चा करने की माँग की, लेकिन रवि चौधरी और उनके संगी-साथियों ने इस माँग का पुरजोर विरोध किया । मजे की बात यह रही कि करीब डेढ़ घंटा चली मीटिंग में पुनप्रीत सिंह के इस्तीफे के कारणों पर चर्चा नहीं हुई, बल्कि इस बात पर चर्चा हुई कि कारणों पर चर्चा हो या न हो । अंततः जीत रवि चौधरी की ही हुई । यह जीत उन्हें प्राप्त करना ही थी, क्योंकि यदि पुनप्रीत सिंह के इस्तीफे के कारणों की चर्चा हो जाती - तो रवि चौधरी की कारस्तानियों की पोल खुल जाती ।
रवि चौधरी को लगता है कि उन्होंने अपनी कारस्तानियों की पोल को खुलने से बचा लिया है - पर सचमुच ऐसा हुआ कहाँ ?  डिस्ट्रिक्ट में लोगों को भले ही यह डिटेल्स न पता हों कि जो पुनप्रीत सिंह खासे उत्साह और पूरी पूरी दिलचस्पी के साथ पिछले कुछेक महीनों से पहले प्रेसीडेंट इलेक्ट और फिर प्रेसीडेंट पद की जिम्मेदारियों का निर्वाह कर रहे थे; वह अध्यक्ष पद छोड़ने के लिए आखिर मजबूर क्यों हुए; और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी रवि चौधरी ने क्लब की मीटिंग में उनके इस्तीफे के कारणों की चर्चा आखिर होने क्यों नहीं दी - किंतु लोगों के बीच यह चर्चा तो अवश्य ही छिड़ गई है कि रवि चौधरी जब अपने क्लब में ही काम करने वाले पदाधिकारियों को परेशान करने तथा उन्हें अपमानित करने के काम में लग गए हैं, तो फिर अपनी हरकतों से डिस्ट्रिक्ट में क्या गंद मचायेंगे ? 

Wednesday, August 5, 2015

रोटरी इंटरनेशनल के इतिहास में यह बात हमेशा याद रखी जायेगी कि केआर रवींद्रन नाम के प्रेसीडेंट की डिस्ट्रिक्ट 3080 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने कैसे खिल्ली उड़ाई और उनकी फजीहत की स्थिति बनाई थी

चंडीगढ़ । राजेंद्र उर्फ राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में एक अनोखा ऐतिहासिक काम हुआ है और वह यह कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करने वाले उम्मीदवार को डिस्ट्रिक्ट के 78 क्लब में से 52 क्लब ने अपनी कॉन्करेंस दी हैं । रोटरी में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में इससे पहले किसी चेलैंजर उम्मीदवार को ऐसा जोरदार समर्थन नहीं मिला है । डिस्ट्रिक्ट में लेकिन मजेदार बहस यह छिड़ी है कि चेलैंजर उम्मीदवार को मिला यह 'जोरदार समर्थन' असली है या नकली है ? असली/नकली की यह बहस इसलिए कि चेलैंजर उम्मीदवार के प्रति डिस्ट्रिक्ट में यदि वास्तव में इतना एकतरफा समर्थन है, तो फिर नोमीनेटिंग कमेटी ने अधिकृत उम्मीदवार के रूप में उन्हें ही क्यों नहीं चुना था ? लोगों के बीच सवाल यही है कि नोमीनेटिंग कमेटी के फैसले में बुरी तरह मात खाए उम्मीदवार को अचानक से डिस्ट्रिक्ट में इतना जोरदार समर्थन कैसे और क्यों मिल गया है ? डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यालय से कॉन्करेंस देने वाले क्लब्स की जो सूची जारी हुई है, उसे देखने के बाद यह समझना कोई मुश्किल नहीं रह जाता कि नोमीनेटिंग कमेटी में समर्थन न जुटा पाने वाले उम्मीदवार को थोक में क्लब्स की कॉन्करेंस कैसे मिल गईं हैं । कॉन्करेंस देने वाले क्लब्स की सूची में 23 पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के भी क्लब्स हैं, इनमें पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजा साबू तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर यशपाल दास के क्लब भी हैं - जो इस बात को साबित करते हैं कि यह कॉन्करेंस चेलैंजर उम्मीदवार ने नहीं बल्कि डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स ने इकट्ठा की हैं । 
रोटरी के 110 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी डिस्ट्रिक्ट में नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर्स गोलबंद हो जाएँ । यह तथ्य क्या यह साबित नहीं करता है कि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार को एक दूसरा उम्मीदवार नहीं, बल्कि डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स का समूह चेलैंज कर रहा है । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में डिस्ट्रिक्ट के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की इस खुली संलग्नता ने 'रचनात्मक संकल्प' की 12 अप्रैल 2015 की उस रिपोर्ट को शब्दशः सच साबित कर दिखाया है, जिसमें कहा गया था : "दरअसल, 22 फरवरी को डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में टीके रूबी के अधिकृत उम्मीदवार चुने जाने के साथ ही यह सुना जाने लगा था कि डिस्ट्रिक्ट के 'राजा' - पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू इस फैसले को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे । उल्लेखनीय है कि राजा साबू के इस डिस्ट्रिक्ट में पिछले कई वर्षों से यह प्रथा बनी हुई है कि नोमीनेटिंग कमेटी द्धारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार को कोई चेलैंज नहीं करता है और अधिकृत उम्मीदवार ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बनता है । इस बार लेकिन अधिकृत उम्मीदवार का नाम घोषित होने के साथ ही यह कहने/सुनने में आने लगा कि डीसी बंसल अवश्य ही अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करेंगे । नोमीनेटिंग कमेटी का फैसला आने से पहले वास्तव में हर किसी को डीसी बंसल के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में चुने जाने की उम्मीद थी । डीसी बंसल को राजा साबू के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था । डिस्ट्रिक्ट में राजा साबू का जैसा जलवा है, उसके चलते कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि नोमीनेटिंग कमेटी के सदस्य डीसी बंसल के अलावा अन्य किसी को चुन सकते हैं । नोमीनेटिंग कमेटी के अधिकतर सदस्यों ने लेकिन टीके रूबी में भरोसा जताया और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उन्हें चुना । यह फैसला आते ही डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में उपस्थित रोटेरियन सकते में आ गए । किसी के लिए भी विश्वास करना मुश्किल था कि डिस्ट्रिक्ट में राजा साबू की इच्छा के विपरीत कोई फैसला हो सकता है । फैसला तो लेकिन हो गया । फैसला हो भले ही गया, किंतु साथ ही साथ यह सुनाई भी पड़ने लगा कि राजा साबू इस फैसले को मान्य नहीं होने देंगे । जो सुनाई पड़ा था, वह अंततः सच भी साबित हुआ ।"
12 अप्रैल 2015 को जब उक्त रिपोर्ट लिखी गई थी, तब बात सिर्फ इतनी थी कि 22 फरवरी को डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में टीके रूबी के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में हुए चुनाव को अमान्य घोषित कर दिया गया था । मान लिया गया था कि टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (नॉमिनी) नहीं बनने देने पर आमादा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की फौज ने मैदान जीत लिया है । किंतु इसके बाद घटनाचक्र बड़ी बड़ी कलाबाजियाँ खाता/दिखाता हुआ घूमा और टीके रूबी को रोटरी इंटरनेशनल से तब बड़ी जीत मिली, जब रोटरी इंटरनेशनल ने अधिकृत उम्मीदवार के रूप में हुए उनके चुनाव को अमान्य घोषित करने वाले फैसले को ही अमान्य घोषित कर दिया तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को आदेश दिया कि टीके रूबी को अधिकृत उम्मीदवार के रूप में स्वीकार करते हुए आगे की चुनावी प्रक्रिया को पूरा किया जाए । रोटरी इंटरनेशनल से हुए इस फैसले के बाद उम्मीद की गई थी कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स अब रोटरी की भावना और रोटरी इंटरनेशनल के सम्मान तथा अपने ही डिस्ट्रिक्ट में अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज न करने के बारे में चली आ रही प्रथा के प्रति सम्मान दिखायेंगे - और कम से कम 'अब तो' अपने आपको तो चुनावी झमेले से दूर रखेंगे; किंतु कॉन्करेंस देने में गवर्नर्स के क्लब्स की जो संलग्नता सामने आई है, उसने 'रचनात्मक संकल्प' की 12 अप्रैल 2015 की रिपोर्ट को गहरे से सच साबित कर दिखाया है । 
पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रंजीत भाटिया के क्लब रोटरी क्लब पानीपत मिडटाउन ने तो और भी बड़ा कमाल किया है । क्लब बुलेटिन में ही प्रकाशित चिट्ठी के अनुसार, रंजीत भाटिया ने कॉन्करेंस का एजेंडा तय किया, जिसका निष्कर्ष यह निकला कि चूँकि डीसी बंसल के क्लब ने उनके क्लब के उम्मीदवार की मदद की थी, इसलिए उनका क्लब डीसी बंसल को कॉन्करेंस देगा । मजे की बात यह है कि डीसी बंसल ने पिछली बार भी और इस बार भी रंजीत भाटिया के लिए जमकर लताड़ निकाली है । इस बार तो डीसी बंसल ने रंजीत भाटिया पर धोखा देने का खुला आरोप लगाया था; उनका लगातार कहना रहा कि टीके रूबी को उम्मीदवार बनाने से लेकर उन्हें अधिकृत उम्मीदवार के रूप में चुनवाने तक का काम रंजीत भाटिया ने ही किया है । उन्हीं रंजीत भाटिया ने लेकिन अब जब उन्हीं डीसी बंसल के लिए कॉन्करेंस देने की वकालत की है, तो समझा जा सकता है कि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में पूर्व गवर्नर्स की किस तरह की घेरेबंदी हुई है ।  
डिस्ट्रिक्ट 3080 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की सक्रिय खुली भूमिका व संलग्नता इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के चुनावों को हतोत्साहित करने के अभियान को जिस तरह से पलीता लगाता है, उससे रोटरी इंटरनेशनल के प्रेसीडेंट की खुली फजीहत होने का भी दिलचस्प और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनता है । रोटरी के इतिहास में यह बात हमेशा याद रखी जायेगी कि केआर रवींद्रन नाम के प्रेसीडेंट की डिस्ट्रिक्ट 3080 के पूर्व गवर्नर्स ने कैसे खिल्ली उड़ाई और उनकी फजीहत की स्थिति बनाई थी । 
बहरहाल, 'रचनात्मक संकल्प' राजा साबू, यशपाल दास तथा डिस्ट्रिक्ट 3080 के अन्य पूर्व गवर्नर्स का इस बात के लिए तहेदिल से शुक्रिया अदा करता है - कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में अपनी खुली सक्रियता दिखा कर उन्होंने उसकी रिपोर्ट को शब्दशः सच साबित किया !

Monday, August 3, 2015

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन जब उदयपुर में राजा साबू से मिलेंगे तो क्या उनसे यह कहने का साहस करेंगे कि जब उनके जैसे वरिष्ठ लोग ही रोटरी में चुनावी आग भड़कायेंगे, तो फिर रोटरी में चुनावी झगड़ों पर लगाम कैसे लगेगी ? और क्या वह राजा साबू को अपनी वह चिट्ठी पढ़वाने की कोशिश करेंगे, जो उन्होंने क्लब-अध्यक्षों को लिखी है ?

उदयपुर । रोटरी क्लब उदयपुर मीरा द्वारा कुछेक अन्य क्लब के सहयोग से होटल शौर्यगढ़ में होस्ट की जा रही 4 अगस्त की इंटरसिटी मीटिंग में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन जब अपना भाषण दे रहे होंगे और उस भाषण को दूसरे लोगों के साथ पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजेंद्र उर्फ राजा साबू भी सुन रहे होंगे, तो वह क्षण 'विरोधाभासों के आमने-सामने होने' का एक विलक्षण क्षण होगा । केआर रवींद्रन व राजा साबू के इस समय आमने-सामने होने को 'विरोधाभासों के आमने-सामने होने' के रूप में इसलिए देखा जा रहा है - क्योंकि ये दोनों इस समय रोटरी को लेकर परस्पर विरोधी रवैया अपनाए हुए हैं : एक तरफ केआर रवींद्रन रोटरी में चुनाव संबंधी समस्याओं से दो-चार होते हुए भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका के क्लब-अध्यक्षों को चुनावी प्रक्रिया में हिस्सेदारी निभाने को लेकर हतोत्साहित कर रहे हैं; तो दूसरी तरह राजा साबू अपने ही डिस्ट्रिक्ट में चुनावी लड़ाई को संभव बनाने के लिए तन-मन से क्लब-अध्यक्षों को प्रोत्साहित करने में लगे हुए हैं । मौजूदा प्रेसीडेंट और भूतपूर्व प्रेसीडेंट के इस परस्पर विरोधी रवैये की टाइमिंग भी बिलकुल मैच करती है । केआर रवींद्रन ने करीब करीब जुलाई के दूसरे सप्ताह से भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका के क्लब-अध्यक्षों को चुनावी प्रक्रिया के प्रति आगाह करते हुए पत्र भेजना शुरू किया; और ठीक इसी समय राजा साबू ने अपने डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर्स की फौज अपने डिस्ट्रिक्ट में चुनावी झमेला खड़ा करने के लिए उतार दी । राजा साबू के दिशा-निर्देशन में दूसरे पूर्व गवर्नर्स के साथ साथ निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक, मौजूदा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डेविड हिल्टन, पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर यशपाल दास और खुद राजा साबू चुनावी प्रक्रिया को खुले आम प्रोत्साहित करने तथा संभव बनाने में जुट गए हैं । 
राजा साबू ने बता/दिखा दिया है कि रोटरी में चुनावी झमेलों को लेकर व्यक्त की जा रहीं केआर रवींद्रन की चिंताओं की उन्हें कोई परवाह नहीं है; और चुनावी झमेलों को रोकने के लिए केआर रवींद्रन जो उपाय तय कर रहे हैं, उन्हें उनकी भी चिंता नहीं है । मजे की बात यह है कि ऐसा करके राजा साबू सिर्फ केआर रवींद्रन की ही फजीहत नहीं कर रहे हैं, बल्कि अपनी खुद की फजीहत भी कर रहे हैं । कुछ दिन पहले तक खुद राजा साबू ही उपदेश दिया करते थे कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए चुनाव की नौबत नहीं आने देना चाहिए, और नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार को ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी के रूप में स्वीकार कर लेना चाहिए । नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करने तथा चेलैंज को समर्थन देने का राजा साबू बड़ा विरोध किया करते थे । दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स में भाषण देते हुए राजा साबू जब तब अपने डिस्ट्रिक्ट में अधिकृत उम्मीदवार के चेलैंज न होने को लेकर अपनी ही पीठ थपथपाते रहते थे । लेकिन अब उन्हीं राजा साबू ने अपने डिस्ट्रिक्ट में चुने गए अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ न सिर्फ मोर्चा खोल दिया है, बल्कि मोर्चे की अगुवाई करने लगे हैं । नोमीनेटिंग कमेटी द्वारा चुने गए अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करने वाले उम्मीदवार को कॉन्करेंस दिलवाने में राजा साबू ने न सिर्फ पूर्व गवर्नर्स की ड्यूटी लगाई, बल्कि खुद भी ड्यूटी निभाई । दरअसल राजा साबू अभी तक पर्दे के पीछे से चालें चल रहे थे - लेकिन मात पर मात खाए जा रहे थे; जिससे उन्होंने समझ लिया कि अब उन्हें पर्दा हटा कर खुद ही मोर्चा सँभालना होगा । इसे रोटरी की बदकिस्मती ही कहा जायेगा कि जिस समय मौजूदा इंटरनेशनल प्रेसीडेंट माहौल को सुधारने तथा रोटरी की छवि को दाग-धब्बों से बचाने की चिंता और प्रयास कर रहा है, ठीक उसी समय एक पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट माहौल को बिगाड़ने तथा रोटरी की छवि पर कीचड़ मलने के काम में अपनी सारी ऊर्जा लगा रहा है । 
केआर रवींद्रन और राजा साबू जो कर रहे हैं, वह अपने आप में हालाँकि कोई नई बात नहीं है - लेकिन जिस तरीके से कर रहे हैं, वह अपने आप में विलक्षण जरूर है । रोटरी में हर इंटरनेशनल प्रेसीडेंट रोटरी में सद्भाव बनाए रखने की और चुनावी झगड़ों में न पड़ने की सलाह देता ही है, और प्रायः हर पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजनीति भी करता है - लेकिन रोटरी के 110 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट क्लब-अध्यक्षों को संबोधित करते हुए पत्र लिख कर चुनावी झमेलों से आगाह करे, उन्हें चेतावनी दे और सख्त कार्रवाई करने की धमकी दे; और इसी के साथ 110 वर्षों के इतिहास में शायद यह भी कभी नहीं हुआ होगा कि एक पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट अपनी सारी मर्यादा को ताक पर रख कर पूरी बेशर्मी के साथ चुनावी झगड़े को न सिर्फ प्रोत्साहित करे, बल्कि उसका सक्रिय हिस्सा और सरगना बन जाए । राजा साबू नियम-कानून की और आदर्श की ऊँची ऊँची बातें करते हुए शराफत का चोला तभी तक पहने हुए थे, जब तक उनकी इच्छा के अनुरूप काम हो रहे थे; इस बार लेकिन जैसे ही उनकी इच्छा के विपरीत काम हुआ, राजा साबू ने शराफत का चोला उतारने में जरा भी देर नहीं लगाई ।
राजा साबू को अपने ही डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में दरअसल पिछले रोटरी वर्ष में तब झटका लगा, जब डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में नोमीनेटिंग कमेटी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में रोटरी क्लब हिमालयन रेंजेस के टीके रूबी को चुन लिया । राजा साबू इस चुनाव से इतना भड़के कि षड्यंत्रपूर्ण तरीके से उन्होंने इस चुनाव को ही निरस्त करवा दिया । रोटरी क्लब हिमालयन रेंजेस ने इस निरस्तीकरण के खिलाफ रोटरी इंटरनेशनल में अपील की । राजा साबू ने इस अपील के समर्थन में दी गईं कॉन्करेंस को वापस कराने लिए पूर्व गवर्नर्स की फौज को मैदान में उतार दिया, जिससे कि अपील स्वतः खारिज हो जाए और विचार के लिए स्वीकार ही न हो । राजा साबू को दूसरा झटका यह लगा कि उनकी पूरी फौज एक भी कॉन्करेंस को वापस नहीं करवा सकी और उक्त अपील विचार के लिए स्वीकार हो गई । तब राजा साबू ने उक्त अपील पर सुनवाई करने वाली कमेटी के सदस्यों को प्रभावित करके अपील को खारिज कराने का प्रयास किया, लेकिन वहाँ भी उन्हें मुँह की खानी पड़ी । रोटरी इंटरनेशनल ने टीके रूबी के चुनाव को सही ठहराते हुए आगे की चुनावी प्रक्रिया को पूरा करने का फैसला सुनाया । रोटरी इंटरनेशनल के इस फैसले ने पर्दे के पीछे से की जा रही राजा साबू की राजनीति की सारी हवा निकाल दी । हवा निकली तो राजा साबू ने शराफत का चोला भी उतार फेंका; उन्होंने समझ लिया कि उनके पर्दे के पीछे रहने से काम नहीं चलेगा - और तब वह पर्दा हटा कर मैदान में सीधे उतर आए । अपनी इज्जत का वास्ता देकर राजा साबू ने चेलैंजर उम्मीदवार के पक्ष में कॉन्करेंस इकट्ठा करवाईं । चेलैंजर उम्मीदवार के पक्ष में कितनी कॉन्करेंस इकट्ठा हुई हैं, इसकी डिस्ट्रिक्ट के लोगों को अभी कोई आधिकारिक जानकारी तो नहीं मिली है - लेकिन चर्चा है कि 45 से 50 के बीच क्लब्स की कॉन्करेंस जुटा ली गईं हैं, जिनमें पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजा साबू तथा पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर यशपाल दास के क्लब की भी कॉन्करेंस हैं । 
इसे रोटरी के लिए दुर्भाग्य का समय ही माना/कहा जायेगा कि मौजूदा इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन क्लब-अध्यक्षों को चुनावी राजनीति से बचने व दूर रहने की सलाह दे रहे हैं, किंतु ठीक उसी समय एक पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजा साबू अपने डिस्ट्रिक्ट में चुनावी राजनीति के लिए मंच तैयार करने में जुटे हुए हैं । केआर रवींद्रन और राजा साबू ने चुनाव संबंधी जो परस्पर विरोधी स्टैंड लिए है, वह स्टैंड लेने के बाद दोनों एक दूसरे के सामने पहली बार अब उदयपुर में पड़ेंगे । डिस्ट्रिक्ट 3052 की इंटरसिटी मीटिंग में दोनों ही ऊँची ऊँची बातें तो हाकेंगे ही, उसके अलावा भी उदयपुर में दो-ढाई दिन रहते हुए वह रोटरी की समस्याओं पर बातें करेंगे । वह क्या बातें करेंगे, यह तो वह जानें - लेकिन रोटेरियंस क्या यह उम्मीद करें कि केआर रवींद्रन, राजा साबू से यह कहने का साहस करेंगे कि जब उनके जैसे वरिष्ठ लोग ही रोटरी में चुनावी आग भड़कायेंगे, तो फिर रोटरी में चुनावी झगड़ों पर लगाम कैसे लगेगी ? केआर रवींद्रन क्या राजा साबू को अपनी वह चिट्ठी पढ़वाने की कोशिश करेंगे, जो उन्होंने क्लब-अध्यक्षों को लिखी है ?
केआर रवींद्रन की चिट्ठी जो कोई पढ़ना चाहे, वह यहाँ पढ़ सकता है :





Friday, July 31, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की फरीदाबाद ब्रांच में जिस तरह से पैसों के घपलों और लूट-खसोटों की बातें सामने आ रही हैं, और उनमें विजय गुप्ता व उनके नजदीकियों की मिलीभगत के संकेत मिल रहे हैं - उस पर पर्दा डालने की जिम्मेदारी क्या प्रेसीडेंट मनोज फडनिस ने सचमुच ले ली है

फरीदाबाद । विजय गुप्ता ने इंस्टीट्यूट की फरीदाबाद ब्रांच के चेयरमैन संतोष अग्रवाल तथा सेक्रेटरी प्रदीप कौशिक को भरोसा दिया है कि उन्होंने इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस को पूरी तरह से सेट कर लिया है कि वह तीन अगस्त की मीटिंग के उनके एजेंडे में कोई रूकावट पैदा करने के बारे में सोचेंगे भी नहीं ।उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी की तीन अगस्त की प्रस्तावित मीटिंग का प्रमुख एजेंडा ब्रांच के बैंक एकाउंट्स से पैसा निकालने की प्रक्रिया में ट्रेजरार की भूमिका को वैकल्पिक बना देने का नियम पास कराना है । मौजूदा नियम के अनुसार, बैंक से पैसा निकालने में ट्रेजरार की भूमिका जरूरी है, और उसके साथ चेयरमैन या सेक्रेटरी के हस्ताक्षर होने की व्यवस्था है । तीन अगस्त की प्रस्तावित मीटिंग के एजेंडे में चेयरमैन की भूमिका को जरूरी बना देने तथा सेक्रेटरी व ट्रेजरार की भूमिका को वैकल्पिक कर देने की तैयारी है । फरीदाबाद ब्रांच के ट्रेजरार डीसी गर्ग ने इस तैयारी को इंस्टीट्यूट के मान्य निर्देशों का उल्लंघन करने तथा ब्रांच के पैसों का मनमाने तरीके से दुरूपयोग करने के लिए रास्ता बनाने के प्रयास के रूप में रेखांकित किया है; तथा इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस से गुहार लगाई है कि वह हस्तक्षेप करके फरीदाबाद ब्रांच में बैंक एकाउंट्स की देखभाल में छेड़खानी करने की इस तैयारी को सफल न होने दें । इस संबंध में डीसी गर्ग ने मनोज फडनिस को तथ्यों का विस्तार से हवाला देते हुए एक लंबा पत्र लिखा है, जिसमें बताया गया है कि किस तरह से ब्रांच के चेयरमैन और सेक्रेटरी ब्रांच के पैसों का मनमाना इस्तेमाल करना चाहते हैं - जिसमें ट्रेजरार के रूप में चूँकि वह बाधा बन रहे हैं, इसलिए अब वह उन्हें ही रास्ते से हटा देना चाहते हैं । 
मनोज फडनिस को संबोधित अपने पत्र की प्रति डीसी गर्ग ने चूँकि इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल, रीजनल काउंसिल के सदस्यों तथा फरीदाबाद के लोगों को भी भेजी है - इसलिए फरीदाबाद ब्रांच में पैसों की 'लूट-खसोट की व्यवस्था' बनाने की तैयारी पर थोड़ा दबाव महसूस किया जा रहा है । इस दबाव के कारण ब्रांच के चेयरमैन संतोष अग्रवाल और सेक्रेटरी प्रदीप कौशिक कहीं कमजोर न पड़ जाएँ, इसलिए उन्हें ढ़ाढ़स देने के लिए विजय गुप्ता को खुद सामने आना पड़ा है । विजय गुप्ता इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य हैं, और इस नाते से वह फरीदाबाद की ब्रांच में एक्सऑफिसो सदस्य हैं । फरीदाबाद ब्रांच को अपने कब्जे में रखने के लिए वह ब्रांच के पदाधिकारियों के चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाते हैं - और भूमिका निभाने की प्रक्रिया में जब भी जरूरत होती है, तब वह पर्दे के सामने आने में भी नहीं हिचकते हैं । ब्रांच के चेयरमैन के चुनाव में जब उन्हें लगता है कि उनके वोट के बिना उनके उम्मीदवार के लिए चुनाव जीतना मुश्किल होगा, तब वह ब्रांच के चुनाव में अपना वोट डालने के लिए आगे आ जाते हैं । इंस्टीट्यूट की महान आदर्श परंपरा में इसे अच्छा नहीं माना जाता है - लेकिन विजय गुप्ता प्रोफेशन व इंस्टीट्यूट की महान आदर्श परंपराओं की बजाए अपने स्वार्थों को तवज्जो देते हैं; और जब कभी आदर्श परंपराएँ उनके स्वार्थ में बाधा बनती हैं, तो वह उन्हें कुचल कर अपने स्वार्थ पूरे करते हैं । फरीदाबाद ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी की तीन अगस्त की मीटिंग के मुख्य एजेंडा के मास्टर माइंड के रूप में विजय गुप्ता को ही देखा/पहचाना जा रहा है । दरअसल इसीलिए इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस को लिखे डीसी गर्ग के पत्र के कारण उक्त एजेंडे के खतरे में पड़ने के संकेत मिले, तो विजय गुप्ता पर्दा हटा कर सामने आ गए हैं । 
विजय गुप्ता ने उक्त एजेंडे को सफल बनाने की तैयारी में लगे फरीदाबाद ब्रांच के चेयरमैन संतोष अग्रवाल व सेक्रेटरी प्रदीप कौशिक को तो आश्वस्त किया ही है कि उन्हें मनोज फडनिस की तरफ से डरने की जरूरत नहीं है; फरीदाबाद के अपने दूसरे समर्थकों को भी बताया है कि डीसी गर्ग बेकार में ही अपनी एनर्जी और समय खराब कर रहे हैं - उन्हें नहीं पता कि मनोज फडनिस फरीदाबाद के किसी मामले में उनके खिलाफ कोई काम कर ही नहीं सकते हैं । विजय गुप्ता लोगों को याद दिला रहे हैं कि पिछले वर्ष ब्रांच के तत्कालीन सेक्रेटरी विपिन मंगला ने तत्कालीन प्रेसीडेंट को ऑडीटोरियम से संबंधित घपलों का हवाला देते हुए खर्चों का ऑडिट कराने के लिए पत्र लिखा था, जिसका लेकिन उन्हें आज तक जबाव भी नहीं मिला है । उल्लेखनीय है कि ब्रांच की बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन के रूप में विजय गुप्ता पर उन घपलों में शामिल होने का आरोप है । विजय गुप्ता का दावा है कि जैसे विपिन मंगला की माँग पर इंस्टीट्यूट का प्रेसीडेंट ऑफिस चुप बना रहा है, वैसे ही डीसी गर्ग को भी प्रेसीडेंट ऑफिस से कोई जबाव नहीं मिलेगा । विजय गुप्ता का कहना है कि प्रेसीडेंट के पद पर चाहें कोई भी बैठा हो, किसी में उनके खिलाफ कार्रवाई करना तो दूर की बात, उनके खिलाफ हुई शिकायत का संज्ञान लेने तक की हिम्मत नहीं है । विजय गुप्ता का कहना है कि फरीदाबाद से और खासतौर से उनसे संबंधित मामलों में इंस्टीट्यूट का प्रेसीडेंट उन्हें ही समझा/माना जाए । लोगों का कहना है कि इस तरह की बातों से विजय गुप्ता दरअसल अपने नजदीकियों और समर्थकों का हौंसला बनाये रखने का प्रयास कर रहे हैं । फरीदाबाद ब्रांच में जिस तरह से पैसों के घपलों और लूट-खसोटों की बातें सामने आ रही हैं, और उनमें विजय गुप्ता व उनके नजदीकियों की मिलीभगत के संकेत मिल रहे हैं - उससे विजय गुप्ता के सामने अपने नजदीकियों व समर्थकों के उखड़ने/बिदकने का खतरा पैदा हो गया है । इसलिए उन्हें जरूरी लग रहा है कि वह अपने नजदीकियों व समर्थकों को विश्वास दिलाएँ कि इंस्टीट्यूट का प्रेसीडेंट पूरी तरह उनकी 'पकड़' में है ।
फरीदाबाद ब्रांच में बैंक से पैसे निकालने की प्रक्रिया से ट्रेजरार को अलग कर देने की कार्रवाई को जरूरी बताते हुए ब्रांच के चेयरमैन संतोष अग्रवाल व सेक्रेटरी प्रदीप कौशिक ने तर्क दिया है कि ट्रेजरार के रूप में डीसी गर्ग ने कई भुगतान करने से इंकार कर दिया है, जिस कारण ब्रांच के संचालन में बाधा पड़ रही है । उनका कहना है कि यह कदम उन्होंने बहुत मजबूरी में उठाया है, क्योंकि डीसी गर्ग के रवैये के चलते ब्रांच में कामकाज कर पाना मुश्किल ही नहीं, बल्कि असंभव होता जा रहा है । डीसी गर्ग ने लेकिन प्रेसीडेंट मनोज फडनिस को लिखे अपने विस्तृत पत्र में बताया है कि उन्होंने अधिकतर भुगतान किए ही हैं, और जो कुछेक भुगतान रोके हैं - वह ऐसे मामले हैं जिनमें नियम-कानूनों का पालन नहीं किया गया है और जो खर्चे संदेहास्पद हैं । डीसी गर्ग का कहना है कि ऐसे मामलों में भी उन्होंने सुझाव दिया है कि इन मामलों में ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी के सभी सदस्यों की सलाह लेकर फैसला किया जाए । डीसी गर्ग का कहना है कि ब्रांच के खर्चों को लेकर इंस्टीट्यूट के स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं, जिनका पालन हर हाल में होना ही चाहिए; और यदि कहीं थोड़ा इधर-उधर होने की जरूरत हो तो ब्रांच की मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों को विश्वास में लेकर ही खर्चों का फैसला करना चाहिए । डीसी गर्ग का कहना है कि ट्रेजरार के रूप में उन्होंने सिर्फ उन्हीं खर्चों के भुगतान को करने से इंकार किया है, जिन खर्चों में न तो नियम-कानून व दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है, और न ही ब्रांच की सामूहिक भागीदारी को सुनिश्चित किया गया है । डीसी गर्ग का कहना है कि वह ब्रांच के खर्चों में पारदर्शिता रखने की बात कर रहे हैं, और उनकी यह बात चेयरमैन व सेक्रेटरी तथा 'उनके आका' को इतनी बुरी लग रही है कि वह उन्हें प्रक्रिया से ही अलग कर देने पर आमादा हो गए हैं । इसे बिडंवना ही कहा जायेगा कि चार्टर्ड एकाउंटेंट जैसे प्रोफेशन की संस्था में हिसाब-किताब में पारदर्शिता बनाये रखने की बात को दबाने के लिए संस्था की सर्वोच्च कमेटी के एक सदस्य - विजय गुप्ता ने कमर कस ली है । यह देखना दिलचस्प होगा कि इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट मनोज फडनिस इस मामले में न्याय कर पायेंगे और या विजय गुप्ता के 'दावे' को सही साबित करेंगे ।

Wednesday, July 29, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तथा सीओएल सदस्य रह चुके योगेश मोहन गुप्ता ने रोटरी के बड़े पदाधिकारियों पर रोटरी फाउंडेशन के पैसे पर अय्याशी करने का आरोप लगाते हुए रोटरी फाउंडेशन में पैसे न देने का आह्वान करके रोटरी को ही चुनौती दी

मेरठ । योगेश मोहन गुप्ता ने रोटरी क्लब मुरादाबाद नॉर्थ की एक मीटिंग में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए रोटरी के बड़े पदाधिकारियों पर रोटरी फाउंडेशन के पैसे से अय्याशी करने का आरोप लगाते हुए रोटरी फाउंडेशन में पैसे न देने का जो आह्वान किया है, उसने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार राजीव सिंघल के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी है । डिस्ट्रिक्ट में लोगों का कहना है कि योगेश मोहन गुप्ता ने उक्त मीटिंग में जो कुछ भी कहा है, वह पूरी तरह से रोटरी विरोधी है; और इसलिए सुनील गुप्ता को उन्हें तुरंत प्रभाव से डिस्ट्रिक्ट काउंसलर पद से हटा देना चाहिए । सुनील गुप्ता चूँकि योगेश मोहन गुप्ता के खिलाफ कोई कार्रवाई करते हुए नहीं नजर आ रहे हैं, इसलिए लोगों की नाराजगी के निशाने पर योगेश मोहन गुप्ता के साथ साथ अब सुनील गुप्ता भी आ गए हैं । लोगों का कहना है कि यह रोटरी और डिस्ट्रिक्ट का बड़ा दुर्भाग्य है कि सुनील गुप्ता जैसा कमजोर व्यक्ति डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बन गया है, जो रोटरी व रोटरी के बड़े पदाधिकारियों को खुलेआम निशाना बनाये जाते हुए चुपचाप देख रहा है, और निशाना बना रहे व्यक्ति को बड़े पद पर बनाए हुए है । राजीव सिंघल की मुसीबत यह है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उनकी उम्मीदवारी को योगेश मोहन गुप्ता का जो खुला समर्थन है, वह समर्थन ही अब उनके लिए बोझ बन गया है । उनके लिए एक तरफ तो लोगों को यह जबाव देना मुश्किल हो रहा है कि रोटरी के खिलाफ विषवमन करने वाले योगेश मोहन गुप्ता का समर्थन वह कैसे लेते रह सकते हैं, और दूसरी तरफ योगेश मोहन गुप्ता के प्रति लोगों के बीच पैदा हुई नाराजगी को उन्हें झेलना पड़ रहा है । योगेश मोहन गुप्ता की कारस्तानी पर न डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता से कुछ कहते बन रहा है और न डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की इच्छा रखने वाले राजीव सिंघल ही मुँह खोल पा रहे हैं ।
योगेश मोहन गुप्ता ने रोटरी क्लब मुरादाबाद नॉर्थ की मीटिंग में जो कुछ भी कहा, वह इसलिए ध्यान देने और कार्रवाई करने योग्य है क्योंकि वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के पद पर रहने के साथ साथ सीओएल में भी रह चुके हैं । ऐसे में, उन्होंने रोटरी के विरोध में और या रोटरी को बदनाम करने वाली कोई बात कही है तो उसका तुरंत से संज्ञान लेने की जरूरत है । योगेश मोहन गुप्ता यदि किसी रोटेरियन विशेष पर बेईमानी और या अय्याशी करने का आरोप लगाते, तो भी यह समझा जा सकता था कि वह रोटरी में घुसपैठ कर चुके बेईमान लोगों की खिलाफत कर रहे हैं और इस तरह रोटरी को 'बचाने' का प्रयास कर रहे हैं; किंतु उन्होंने तो पूरी रोटरी व सभी रोटरी नेताओं को निशाने पर ले लिया और रोटरी फाउंडेशन के खिलाफ ही फतवा दे डाला । अपने इसी उद्बोधन में उन्होंने एक गंभीर आरोप यह भी लगाया कि किसी डिस्ट्रिक्ट की डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के प्रतिनिधि अधिकारी के रूप में अधिकृत कराने के लिए उनसे दो करोड़ रुपए माँगे गए थे । डिस्ट्रिक्ट और रोटरी के लिए सौभाग्य की बात हालाँकि यह है कि किसी ने भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया है; और सभी का मानना और कहना है कि योगेश मोहन गुप्ता इस तरह की बातें दरअसल कुंठा और फ्रस्ट्रेशन में कह रहे हैं । लोगों का कहना है कि योगेश मोहन गुप्ता रोटरी में खुद निर्लज्य किस्म की हरकतें करते रहे हैं, और अब जब उनकी हरकतों के चलते रोटरी में उनकी कोई साख नहीं बची रह गई है तो वह रोटरी को ही निशाना बनाने लगे  हैं । लोगों का यह भी कहना है कि यदि रोटरी में सिर्फ अय्याशी ही होती है, तो फिर वह इसमें बने क्यों हैं - और क्यों यहाँ पद पाने की कोशिशों में लगे रहते हैं ?
योगेश मोहन गुप्ता दरअसल रोटरी के बड़े नेताओं से बुरी तरह खफा हैं - क्योंकि रोटरी के बड़े नेताओं ने पिछले वर्ष सीओएल में दोबारा जाने के उनके बेईंमानीभरे प्रयास को विफल कर दिया था, जिसके चलते डिस्ट्रिक्ट और रोटरी में उनकी भारी फजीहत हुई । उल्लेखनीय है कि पिछले से पिछले वर्ष हुए सीओएल के चुनाव में उन्होंने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी । उन्हें बहुत समझाया गया था कि वह एक बार सीओएल में जा चुके हैं, इसलिए अब उन्हें इस होड़ में शामिल नहीं होना चाहिए और दूसरों के लिए मौका छोड़ देना चाहिए । लेकिन अहंकार में चूर योगेश मोहन गुप्ता ने किसी की नहीं सुनी और अपनी बेईमानीपूर्ण कारस्तानियों के बल पर वह चुनाव में कामयाब भी हो गए - लेकिन ललित मोहन गुप्ता ने उनकी बेईमानियों की पोल खोली तो रोटरी इंटरनेशनल ने न सिर्फ योगेश मोहन गुप्ता की चुनावी जीत को निरस्त कर दिया, बल्कि सीओएल के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में उनके उम्मीदवार न हो सकने के संकेत भी जारी कर दिए । योगेश मोहन गुप्ता ने हालाँकि बहुत हाथ-पैर मारे कि रोटरी इंटरनेशनल उन्हें इस कदर जलील न करे कि वह डिस्ट्रिक्ट में मुँह दिखाने लायक भी न रहें - इस पर रोटरी इंटरनेशनल ने उनके खिलाफ कोई सीधा कठोर फैसला 'सुनाया' तो नहीं, किंतु उन्हें यह जरूर स्पष्ट कर दिया कि वह सीओएल के चुनाव से दूर ही रहें - अन्यथा उन्हें रोटरी से बाहर कर दिया जायेगा । इस 'संदेश' के कारण ही - सीओएल में दोबारा जाने की जिद पर अड़े तथा उसके लिए हर संभव तिकड़म करने वाले योगेश मोहन गुप्ता को सीओएल के लिए दोबारा हुए चुनाव से अपने आप को दूर रखने के लिए मजबूर होना पड़ा । रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों और नेताओं के इस रवैये ने योगेश मोहन गुप्ता को बुरी तरह निराश किया है - उन्होंने समझ लिया है कि रोटरी में उनकी जैसी जो बदनामी हो गई है, उसके कारण यहाँ अब उन्हें कोई तवज्जो मिलने वाली नहीं है । 
राजीव सिंघल की उम्मीदवारी ने हालाँकि योगेश मोहन गुप्ता में एक नई उम्मीद का संचार किया । राजीव सिंघल के बारे में दरअसल बड़े सुनियोजित तरीके से डिस्ट्रिक्ट में एक प्रचार यह हुआ है कि उनकी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के साथ बड़ी निकटता है । योगेश मोहन गुप्ता को लगा कि राजीव सिंघल की उम्मीदवारी की डोर पकड़ कर वह मनोज देसाई तक अपनी पहुँच बना लेंगे; लेकिन जल्दी ही उन्हें समझ में आ गया कि यह बड़ी दूर की कौड़ी है । समस्या उन्हें राजीव सिंघल के रवैये से भी हुई - उन्होंने पाया कि उम्मीदवार के रूप में राजीव सिंघल उनसे फायदा तो उठाना चाहते हैं, किंतु उनके साथ खुले तौर पर जुड़े दिखने से बचते हैं । इसके अलावा, दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी के सामने आने के बाद राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के लिए चुनावी गणित पूरी तरह से पलट गया दिख रहा है । राजीव सिंघल का चुनाव जब तक मधु गुप्ता से होता दिख रहा था, तब तक राजीव सिंघल और उनके समर्थकों को उम्मीद थी कि वह मुकाबले में भारी पड़ेंगे - किंतु दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी ने उनकी उम्मीद की हवा निकाल दी है । राजीव सिंघल तीसरे स्थान पर 'दिख' रहे हैं, और चुनावी मुकाबला दिवाकर अग्रवाल व मधु गुप्ता के बीच होता नजर आ रहा है । राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थकों ने पीछे कोशिश की थी कि मेरठ की एकता का वास्ता देकर वह मधु गुप्ता को अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के लिए राजी कर लें; किंतु मधु गुप्ता की उम्मीदवारी के समर्थकों ने उन्हें समझा दिया कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच पहचान, साख व प्रतिष्ठा के मामले में राजीव सिंघल के मुकाबले मधु गुप्ता का पलड़ा भारी है - इसलिए यदि वास्तव में मेरठ की एकता और प्रतिष्ठा का ख्याल करना है, तो राजीव सिंघल की उम्मीदवारी को वापस ले लेना चाहिए । मधु गुप्ता की उम्मीदवारी को वापस कराने में मिली असफलता से राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थकों के हौंसले बुरी तरह टूट गए हैं । 
एमएस जैन की इंटरनेशनल प्रेसीडेंट को लिखी चिट्ठी और योगेश मोहन गुप्ता का रोटरी क्लब मुरादाबाद नॉर्थ की मीटिंग में किया गया प्रलाप दरअसल इसी टूटे हौंसले से पैदा हुई निराशा का नतीजा है । उल्लेखनीय है कि इन दोनों को राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के बड़े समर्थकों के रूप में देखा/पहचाना जाता है; किंतु यह दोनों अपनी अपनी हरकतों से जिस तरह रोटरी और डिस्ट्रिक्ट को कलंकित कर रहे हैं - उससे राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के लिए मुसीबतें और बढ़ती ही जा रही हैं । मुसीबत डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता की भी बढ़ रही है, जो रोटरी व डिस्ट्रिक्ट को कलंकित होते हुए चुपचाप देख रहे हैं । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि पिछले वर्ष के गवर्नर संजीव रस्तोगी की टीम में प्रमुख पद पर रहते हुए योगेश मोहन गुप्ता ने जब हरकत की थी, तब संजीव रस्तोगी ने उन्हें उनके पद से हटाने जरा भी देर नहीं की थी - किंतु अब योगेश मोहन गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई करने के मामले में सुनील गुप्ता मुँह छिपाते और बहानेबाजी करते देखे जा रहे हैं । सुनील गुप्ता कई मौकों पर अपनी यह 'इच्छा' जाहिर कर चुके हैं कि रोटरी में और डिस्ट्रिक्ट में जैसा सम्मान उनके पूर्ववर्ती गवर्नर संजीव रस्तोगी को मिला है, उन्हें उससे भी ज्यादा मिले - लेकिन 'काम' करने के मामले में वह संजीव रस्तोगी का मुकाबला ही नहीं कर पा रहे हैं और लगातार फिसड्डी साबित होते जा रहे हैं । योगेश मोहन गुप्ता ने रोटरी क्लब मुरादाबाद नॉर्थ की मीटिंग में रोटरी को जिस तरह से लांछित किया है, उससे उन्होंने सिर्फ अपना 'चरित्र' ही नहीं प्रकट किया है, बल्कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता की भी पोल खोल दी है ।