Saturday, March 1, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में दीपक बाबू की शिकायत है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल रिश्वतकांड में सीबीआई की गिरफ्त में फँसे अपने छोटे दामाद के चक्कर में होने के कारण उनकी ठीक से मदद नहीं कर पा रहे हैं

मुरादाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल ने दीपक बाबू को कॉन्करेंस जुटाने के लिए ज्यादा से ज्यादा समय देने के लिए ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी प्रक्रिया के शिड्यूल को तय करने से बचने की तरकीब लगाई है क्या ? डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को लेकर डिस्ट्रिक्ट 3100 में मजेदार सीन बना हुआ है - नोमीनेटिंग कमेटी द्धारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन हो चुका है । अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज करने का काम भी हो चुका है । लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने अभी तक भी यह घोषित नहीं किया है कि चेलैंज को मान्यता देने के लिए आवश्यक कॉन्करेंस कब तक जमा कराई जानी हैं । उल्लेखनीय है कि अधिकृत उम्मीदवार दिवाकर अग्रवाल चुने गए हैं और उनकी उम्मीदवारी को चेलैंज करने का काम दीपक बाबू ने किया है । रोटरी इंटरनेशनल के जो नियम-कानून हैं और प्रायः जो होता है - उसके अनुसार, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल को इस समय तक यह सुनिश्चित कर देना चाहिए था और घोषित कर देना चाहिए था कि दीपक बाबू को अपने चेलैंज को मान्य कराने के लिए आवश्यक कॉन्करेंस कब तक जमा करानी हैं । राकेश सिंघल ने अभी तक लेकिन ऐसा नहीं किया है । डिस्ट्रिक्ट में चर्चा है कि दीपक बाबू को क्लब्स से आवश्यक कॉन्करेंस मिल नहीं रही हैं; इसीलिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल उन्हें ज्यादा से ज्यादा समय देना चाहते हैं जिससे कि वह कॉन्करेंस जुटाने के लिए और प्रयास कर लें और इसी कारण से राकेश सिंघल कॉन्करेंस जमा करने के लिए समय-सीमा तय और घोषित नहीं कर रहे हैं ।
राकेश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए दीपक बाबू की मदद करने के चक्कर में पहले ही भारी फजीहत और किरकिरी का सामना करना पड़ा है और बार-बार मुहँकी खानी पड़ी है, लेकिन लगता है कि पीछे उन्हें जिन शर्मनाक हालातों से गुजरना पड़ा है - उससे उन्होंने कोई सबक नहीं लिया है ।
राकेश सिंघल ने पहले दीपक बाबू की मदद करने के उद्देश्य से दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को ही निरस्त करने की चाल चली थी, लेकिन अपनी उस चाल के चलते खुद उन्हें ही भारी फजीहत का शिकार होना पड़ा । डिस्ट्रिक्ट और डिस्ट्रिक्ट से बाहर अपनी चौतरफा किरकिरी करा लेने के बाद राकेश सिंघल को अंततः दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ा था । इसमें मुहँकी खाने के बाद, दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को स्वीकार करने के फैसले को दीपक बाबू द्धारा रोटरी इंटरनेशनल में चुनौती देने को मुद्दा बना करा राकेश सिंघल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने के लिए होने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की बैठक को स्थगित करने की तिकड़म लगाई - लेकिन उसमें भी उनकी दाल नहीं गली । इसके बाद, राकेश सिंघल ने कोशिश की कि नोमीनेटिंग कमेटी दीपक बाबू को अधिकृत उम्मीदवार चुन ले और या किसी को न चुने, ताकि चुनाव का मामला खुला बना रहे । लेकिन राकेश सिंघल की यह कोशिश भी विफल रही ।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार चुनने के लिए तैयार हुई नोमीनेटिंग कमेटी ने राकेश सिंघल की सारी कोशिशों को धता बताते हुए दिवाकर अग्रवाल को अधिकृत उम्मीदवार चुन लिया । ऐसे में, राकेश सिंघल के पास दिवाकर अग्रवाल की राह में रोड़ा अटकाने के लिए एक ही तरीका बचा और वह यह कि वह दीपक बाबू से चेलैंज करवाएँ । दीपक बाबू के कई नजदीकियों ने उन्हें समझाया कि डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच उनके लिए किसी भी तरह से कोई समर्थन नहीं है, इसलिए चेलैंज-वेलैंज के चक्कर में न पड़ो; लेकिन राकेश सिंघल ने उन्हें आश्वस्त किया कि चुनाव चूँकि पोस्टल बैलेट से होगा, जिसमें क्लब अध्यक्ष को पैसे देकर वोट खरीद लेने का विकल्प होगा और उस काम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मैं भी तुम्हारी मदद करूँगा - इसलिए चेलैंज करो । दीपक बाबू को राकेश सिंघल के इस 'खेल' में दम लगा और उन्होंने चेलैंज कर दिया । दीपक बाबू और राकेश सिंघल की जोड़ी के लिए लेकिन यह काम भी मुश्किल हो गया है । दीपक बाबू ने चेलैंज तो कर दिया है, लेकिन चेलैंज को मान्य कराने के लिए आवश्यक क्लब्स का समर्थन जुटाने में उन्हें सफलता नहीं मिल रही है । कई क्लब्स से दीपक बाबू को टका-सा जबाव सुनने को मिला है कि उम्मीदवार के रूप में आपने कभी बात तक भी नहीं की, तो अब समर्थन की उम्मीद कैसे और क्यों कर रहे हैं ? दीपक बाबू को चूँकि पर्याप्त क्लब्स से कॉन्करेंस नहीं मिल रही हैं इसलिए ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राकेश सिंघल कॉन्करेंस जमा कराने की समय-सीमा तय और घोषित नहीं कर रहे हैं ।
मजे की बात यह है कि दीपक बाबू के कुछेक नजदीकियों को ही अब लगने लगा है कि राकेश सिंघल सचमुच में दीपक बाबू के लिए कुछ कर तो पा नहीं रहे हैं और नाहक ही दीपक बाबू को इस्तेमाल करते हुए झगड़े को बनाये हुए हैं । दीपक बाबू के नजदीकियों को हालाँकि यह भी लगता है कि राकेश सिंघल दरअसल रिश्वतकांड में सीबीआई की गिरफ्त में फँसे अपने छोटे दामाद योगेंद्र मित्तल के चक्कर में परेशान होने के कारण डिस्ट्रिक्ट की गतिविधियों के लिए ज्यादा समय नहीं दे पा रहे हैं, और इसलिए भी दीपक बाबू की मदद नहीं कर पा रहे हैं । उल्लेखनीय है कि राकेश सिंघल के छोटे दामाद योगेंद्र मित्तल दिल्ली में सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर हैं जो 60 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के मामले में सीबीआई की गिरफ्त में हैं । दामाद के आईआरएस अफसर होने का जो तथ्य अभी तक राकेश सिंघल के लिए गर्व का विषय था, उसी दामाद के रिश्वतकांड में फँसने से राकेश सिंघल के लिए शर्म की स्थितियाँ बनीं । इसका असर राकेश सिंघल की सामाजिक सक्रियता पर पड़ा । राकेश सिंघल ने मुरादाबाद में कम रहना शुरू किया है । जब भी कोई उन्हें फोन करता, राकेश सिंघल से उसे यही सुनने को मिलता कि वह बाहर हैं । शर्म के चलते ही राकेश सिंघल को डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख आयोजनों में भी अपनी उपस्थिति को सीमित करना पड़ा है । दीपक बाबू के नजदीकियों का कहना है कि राकेश सिंघल इसीलिए दीपक बाबू की कुछ मदद नहीं कर पा रहे हैं । दीपक बाबू के नजदीकियों का कहना है कि ऐसे में राकेश सिंघल को दीपक बाबू को सब्जबाग नहीं दिखाने चाहिए और स्वीकार कर लेना चाहिए कि दीपक बाबू का कुछ नहीं हो सकता है ।
राकेश सिंघल ने दीपक बाबू के चक्कर में डिस्ट्रिक्ट में और रोटरी में अपनी जो फजीहत कराई है - और उसके बाद भी दीपक बाबू के लिए कुछ हासिल नहीं कर पाएँ हैं, उससे सबक लेने का सुझाव देते हुए राकेश सिंघल के शुभचिंतकों का कहना है कि राकेश सिंघल को हकीकत को स्वीकार कर लेना चाहिए : अपने दामाद के कारण वह वैसे ही परेशानी में हैं और लोगों को फेस करने से बचते/छिपते फिर रहे हैं, ऐसे में उन्होंने दीपक बाबू को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने का ठेका और ले लिया है । इस 'ठेके' के चलते अभी तक तो उन्हें सिर्फ बदनामी ही हाथ लगी है - आगे भी इसके अलावा कुछ और उन्हें मिल सकेगा, इसकी संभावना नहीं है । ऐसे में, शुभचिंतकों की राकेश सिंघल को सलाह है कि वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की जिम्मेदारियों का नियमानुसार पालन करें और अपनी मनमानियाँ थोपने की कोशिश न करें । अपने ही शुभचिंतकों की इस सलाह को राकेश सिंघल कैसे लेंगे, यह देखने की बात होगी ।

Wednesday, February 26, 2014

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में दीपक गर्ग की पोल खुली और लॉटरी लगी राधेश्याम बंसल, मनोज बंसल और हरित अग्रवाल की

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के एक सदस्य दीपक गर्ग के साथ तो बहुत ही बुरा हुआ । दीपक गर्ग पिछले करीब तीन महीने से चेयरमैन बनने की तिकड़म लगा रहे थे - लेकिन चेयरमैन बनना तो दूर वह एक्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्य तक नहीं बन सके । सिर्फ इतना ही नहीं, रीजनल काउंसिल की मीटिंग में उनकी हरकतों का खुलासा हुआ, जिससे उनकी भारी फजीहत हुई - और सिर्फ यही नहीं हुआ, उन्हें फजीहत से बचाने में उनके 'गुरु' विजय गुप्ता ने भी कोई प्रयास नहीं किया और उन्हें अकेला छोड़ दिया । नए पदाधिकारियों को चुनने के लिए हुई रीजनल काउंसिल की मीटिंग दीपक गर्ग के लिए 'सिर मुंडाते ही ओले पड़ने' वाली साबित हुई । मीटिंग की शुरुआत सेंट्रल काउंसिल के सदस्य संजीव चौधरी के उस निमंत्रण से हुई जो उन्होंने रीजनल काउंसिल के सदस्य हरित अग्रवाल को दिया, जिसमें कहा गया कि हरित, जो कुछ तुम अभी बाहर कह रहे थे, उसे यहाँ कहो । दरअसल, मीटिंग शुरू होने से पहले एक अनौपचारिक बातचीत में हरित अग्रवाल ने संजीव चौधरी से कुछ कहा था - उसी का संज्ञान लेते हुए संजीव चौधरी ने मीटिंग के औपचारिक रूप से शुरू होने पर हरित अग्रवाल को निमंत्रित किया ।
हरित अग्रवाल ने जो कुछ कहा, उससे दीपक गर्ग के लिए फजीहत का माहौल पूरी तरह बन गया । हरित अग्रवाल ने जो बताया, उसका लब्बोलुबाब यह था कि दीपक गर्ग ने चेयरमैन पद हथियाने की अपनी तिकड़म में सत्ता खेमे से बाहर के दो सदस्यों - हरित अग्रवाल और मनोज बंसल से संपर्क साधा था और उन्हें पदों का लालच देकर अपने साथ करने की तैयारी की थी । दीपक गर्ग ने उन्हें समझाया था कि अपने खेमे में उनकी राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला से नहीं बन रही है, इसलिए यदि वह दोनों उनके साथ आ जाते हैं तो उनका एक नया सत्ता खेमा बन जायेगा । नया सत्ता खेमा बनाने की दीपक गर्ग की कोशिश में स्वदेश गुप्ता का समर्थन तो उन्हें खुल कर मिल रहा था, लेकिन राधेश्याम बंसल और विशाल गर्ग के समर्थन को लेकर संदेह बना हुआ था । दरअसल इसीलिए दीपक गर्ग के प्रयासों के फलीभूत होने में देर लग रही थी । हरित अग्रवाल और मनोज बंसल सत्ता खेमे का हिस्सा बनने को लेकर तो तैयार हो गए थे, लेकिन वह आश्वस्त भी हो लेना चाहते थे कि सचमुच में कोई नया सत्ता खेमा बन भी रहा है ? उधर राधेश्याम बंसल और विशाल गर्ग भी दीपक गर्ग की खिचड़ी में शामिल होने के लिए तब तक इंतज़ार कर लेना चाहते थे, जब तक की खिचड़ी के सचमुच तैयार होने की स्थितियाँ न बन जाएँ । दीपक गर्ग ने इस खिचड़ी को तैयार करने में काफी मेहनत की और उनकी मेहनत से परिचित लोगों का कहना है कि इस खिचड़ी को तैयार करने/करवाने में सेंट्रल काउंसिल के सदस्य विजय गुप्ता ने दीपक गर्ग की बहुत मदद की । चर्चा तो यहाँ तक रही कि दीपक गर्ग के इस खेल के असली सूत्रधार विजय गुप्ता ही थे, दीपक गर्ग तो सिर्फ इस्तेमाल हो रहे थे ।
ख़ैर, इस संबंध में सच्चाई चाहें जो हो - दीपक गर्ग के लिए एक समय उपलब्धि की बात यह रही कि नए सत्ता खेमे के लिए पर्याप्त लोग जुट गए । इन जुटे लोगों की एकजुटता को और सीमेंटेड करने के उद्देश्य से दीपक गर्ग इन्हें लेकर कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर गए और वहाँ एकजुट रहने की सौगंध ली । यहाँ तक लगा कि दीपक गर्ग ने नया कुनबा जोड़ लिया है और अब उन्हें चेयरमैन बनने से कोई नहीं रोक सकता है । लेकिन इसके बाद फिर अचानक पता नहीं कि क्या हुआ, दीपक गर्ग ने हरित अग्रवाल और मनोज बंसल से बात तक करना बंद कर दिया । उनका माथा ठनका और उन्होंने तहकीकात की तो उन्हें पता चला कि दीपक गर्ग दूसरे लोगों के साथ भी समीकरण बनाने की जुगाड़ में हैं । हरित अग्रवाल और मनोज बंसल ने अपने आप को ठगा हुआ पाया । यह किस्सा बयान करते हुए हरित अग्रवाल ने अपनी बात को भावनात्मक-सा ट्विस्ट दिया और कहा कि मेरा कैरियर अभी शुरू ही हुआ है, इस तरह की धोखेबाजी और ठगी के अनुभव लेकर मैं आगे बढ़ूँगा तो मैं कैसा बनूँगा और प्रोफेशन को तथा इंस्टीट्यूट को कैसी पहचान दूँगा । हरित अग्रवाल के इस किस्से ने मीटिंग में मौजूद सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों को भड़का दिया और उन्होंने लगभग एक मत से कहा कि रीजनल काउंसिल में जो खेमेबाजी है, उसे ख़त्म किया जाए । इसके लिए उन्होंने फार्मूला सुझाया कि दीपक गर्ग ने सत्ता खेमे के बहुमत के भरोसे हरित अग्रवाल और मनोज बंसल को जो पद देने का वायदा किया था, उन दोनों को वह पद दिए जाएँ और बाकी पदों के लिए सत्ता खेमे के लोग जैसे चाहें वैसे चुनाव कर लें । फार्मूले में एक बात यह और कही गई कि सत्ता खेमे से बाहर जो दो सदस्य हैं - गोपाल केडिया और प्रमोद माहेश्वरी, उन्हें एक्जीक्यूटिव काउंसिल की प्रत्येक मीटिंग में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाये ।
सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों ने यह फार्मूला सुझाते हुए स्पष्ट कर दिया कि रीजनल काउंसिल के सत्ता खेमे के लोग यदि इस फार्मूले को स्वीकार नहीं करेंगे तो फिर वह एक्स-ऑफिसो सदस्य के रूप में रीजनल काउंसिल में शामिल होंगे और देखेंगे कि यहाँ कौन कैसे क्या मनमानी करता है ? सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के यह तेवर देख कर रीजनल काउंसिल में सत्ता की बंदरबाँट की जुगाड़ में लगे सत्ता खेमे के सदस्यों ने समर्पण करने में ही अपनी भलाई देखी और सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों द्धारा सुझाए गए फार्मूले को स्वीकार करते हुए बाकी बचे पदों के लिए पिछली बार तय किये गए तरीके - लॉटरी निकालने के जरिए - से चुनाव करने को राजी हो गए । यानि, सत्ता खेमे के लिए दीपक गर्ग की हरकत से हालात यह बने कि 'खाया पिया कुछ नहीं और गिलास तोड़ा बारह आना ।' आखिर हुआ वही जो होना तय हुआ था; दीपक गर्ग हरकत न करते और यही होने देते तो सत्ता खेमे की एकता भी बनी रहती और उन्हें सेंट्रल काउंसिल के फार्मूले को स्वीकार करने के लिए मजबूर भी न होना पड़ता - और सबसे बड़ी बात कि दीपक गर्ग की फजीहत भी नहीं होती । जिनको भी दीपक गर्ग की हरकत का पता चला है, उनका कहना रहा है कि दीपक गर्ग ने काउंसिल के अपने साथियों को तो धोखा दिया और देने की कोशिश की ही, हनुमान जी को भी धोखा देने की जो कोशिश की, उसका ही प्रतिफल उन्हें मिला है और उन्हें भारी फजीहत का शिकार होना पड़ा है ।  

Tuesday, February 25, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में विनोद बंसल और संजय खन्ना पर 'ठीक से' निमंत्रित न करने का आरोप लगा कर जेके गौड़ उनके कार्यक्रमों से दूर रहे

नई दिल्ली । जेके गौड़ अभी हाल ही में संपन्न हुए न तो विनोद बंसल के आयोजन 'विक्टरी ओवर पोलयो' में शामिल हुए और न संजय खन्ना की कोर टीम के ट्रेनिंग प्रोग्राम में दिखे । इन दोनों प्रमुख आयोजनों में जेके गौड़ की अनुपस्थिति को डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों के बीच उनके अलग-थलग पड़ जाने के संकेत के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । पिछले दिनों ही संपन्न हुए सीओएल के चुनाव में जेके गौड़ की जो भूमिका रही, और जिसकी चौतरफा जो आलोचना हुई उसे ध्यान में रखते हुए ही लोगों ने इन दोनों आयोजनों में जेके गौड़ की अनुपस्थिति को खास तौर से नोटिस किया । विनोद बंसल और संजय खन्ना ने हालाँकि उनकी अनुपस्थिति को लेकर बताया कि जेके गौड़ ने अपने परिवार में एक विवाह समारोह में व्यस्त होने के कारण उक्त आयोजनों में शामिल होने को लेकर पहले ही अपनी असमर्थता जता दी थी, किंतु जेके गौड़ और उनके नजदीकी अशोक अग्रवाल ने कुछेक लोगों के बीच यह शिकायत की कि विनोद बंसल ने और संजय खन्ना ने अपने अपने आयोजनों में जेके गौड़ को चूँकि 'ठीक से' निमंत्रित नहीं किया इसलिए जेके गौड़ ने इन आयोजनों से अपने आप को दूर रखा । जेके गौड़ के कुछेक अन्य नजदीकियों का यह भी कहना है कि सीओएल के चुनाव में जेके गौड़ की जैसी फजीहत हुई, उसे ध्यान में रखते हुए सीओएल के चुनाव का नतीजा आने के तुरंत बाद हुए इन दोनों आयोजनों में शामिल होने की जेके गौड़ की खुद ही हिम्मत नहीं हुई, और इसलिए उन्होंने इन आयोजनों से गायब रहने में ही अपनी भलाई देखी ।
जेके गौड़ का रोटरी के दो प्रमुख आयोजनों में न दिखना फ़साना दरअसल इसलिए बना है, क्योंकि जेके गौड़ ने रोटरी के प्रति जो लगाव दिखाया है और जिस लगाव के चलते वह रोटरी के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं - वह अपने आप में एक विलक्षण उदाहरण है । कुछ लोग मजाक में कहते भी हैं कि जेके गौड़ की नसों में खून नहीं बहता, बल्कि रोटरी बहती है । जेके गौड़ ने अपने घर में रोटरी की मीटिंग्स के लिए एक अलग हॉल बनाया हुआ है और उनके तमाम आयोजनों में उनके बिजनेस संस्थान - उनके स्कूल - का स्टाफ सक्रिय दिखता है । ऐसा किसी और रोटेरियन ने किया है क्या ? रोटरी की गतिविधियों में भागीदारी को लेकर जेके गौड़ की पारिवारिक और/या बिजनेस संबंधी व्यस्तता कभी भी आड़े आती हुई नहीं दिखी है । यह शायद पहली बार हुआ है कि पारिवारिक जिम्मेदारी का निर्वाह करने का वास्ता देकर जेके गौड़ को दो प्रमुख कार्यक्रमों से अनुपस्थित रहना पड़ा । दरअसल इसीलिये किसी को यह विश्वास नहीं हो रहा है कि बात सिर्फ यही है । इस अविश्वास को हवा दी खुद जेके गौड़ और उनके नजदीकियों की बातों ने । जेके गौड़ और उनके एक नजदीकी अशोक अग्रवाल ने जब कुछेक लोगों के सामने विनोद बंसल और संजय खन्ना द्धारा 'ठीक से' आमंत्रित न किये जाने की शिकायत की, तो लोगों को यह समझने में देर नहीं लगी कि मामला सीओएल के चुनाव के साइड इफेक्ट्स का है ।
सीओएल के चुनाव को लेकर जो कुछ भी हुआ, उसमें सबसे ज्यादा किरकिरी दरअसल जेके गौड़ की ही हुई है । रमेश अग्रवाल और मुकेश अरनेजा अपनी घटिया सोच और व्यवहार के लिए पहले से ही बदनाम हैं, इसलिए उन्होंने जो किया उस पर किसी को आश्चर्य नहीं हुआ । वह ऐसा न करते तो जरूर आश्चर्य होता । लेकिन जेके गौड़ ने जो किया, उसकी किसी ने भी उम्मीद नहीं की थी । जेके गौड़ को मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल के नजदीक समझा/पहचाना जाता ही है, लेकिन इस नजदीकियत के चलते वह बाकी लोगों को इस्तेमाल करेंगे और उनके विश्वास के साथ खेलेंगे और बाकी हर किसी को अपना दुश्मन बना लेंगे - यह किसी ने नहीं सोचा था । जेके गौड़ से ज्यादा होशियार तो सुधीर मंगला साबित हुए । सीओएल के चुनाव में सुधीर मंगला ने भी रमेश अग्रवाल की ही मदद की, लेकिन अपने को बदनाम होने से बचाये रखते हुए और चुनाव का नतीजा आते ही वह तेजी से पलट कर दूसरी तरफ आ गए । जेके गौड़ ने लेकिन पहले तो घटियापन दिखाया, और फिर जब बदनाम हो गए तो रोटरी के प्रमुख आयोजनों में अनुपस्थित होकर मुँह छिपाने की कोशिश में जुटे । सीओएल के चुनाव के दौरान जेके गौड़ पर रमेश अग्रवाल के समर्थन में काम करने की बातें जब सामने आ रही थीं, तब जेके गौड़ ने डिस्ट्रिक्ट के कई प्रमुख पूर्व गवर्नर्स को यह विश्वास दिलाने की कोशिश की कि वह तो कुछ भी नहीं कर रहे हैं । जेके गौड़ की इस हरकत ने पूर्व गवर्नर्स तथा अन्य लोगों को और भड़काया । दरअसल उन्होने पाया कि ऐसा करके जेके गौड़ उन्हें मूर्ख बनाने की कोशिश तो कर ही रहे हैं, मूर्ख समझ भी रहे हैं ।
डिस्ट्रिक्ट में किसी की भी गतिविधियाँ छिपती नहीं हैं, सभी को पता हो जाता है कि कौन क्या कर रहा है । जेके गौड़ कहाँ-कहाँ क्या-क्या कर रहे थे, यह सभी को पता था - पूर्व गवर्नर्स यह देख कर ज्यादा खफा हुए कि जेके गौड़ फिर भी लगातार दावा किये जा रहे हैं कि वह तो कुछ नहीं कर रहे हैं । अपने दावे को विश्वसनीय बनाने के लिए जेके गौड़ घोषणा कर रहे थे कि यदि कोई कह दे कि उन्होंने रमेश अग्रवाल के लिए कुछ किया है, तो वह रोटरी छोड़ देंगे । तथ्यपूर्ण सूचनाएँ लेकिन यह मिल रही थीं कि रमेश अग्रवाल के पक्ष में कॉन्करेंस इकट्ठी करने के काम में उन्होंने अपने स्कूल के स्टाफ को लगाया हुआ था । जेके गौड़ ने कोशिश तो की दूसरों की आँखों में धूल झोंकने की, लेकिन अपनी इस कोशिश से उन्होंने अपनी ही फजीहत कराई । बदकिस्मती उनकी यह रही कि जिन रमेश अग्रवाल के लिए उन्होंने बदनाम होने की हद तक जाकर काम किया, वह रमेश अग्रवाल चुनाव भी हार गए ।
रमेश अग्रवाल की हार के बाद तो जेके गौड़ के लिए लोगों को - खास तौर से काउंसिल ऑफ गवर्नर्स के सदस्यों को मुँह दिखाना मुश्किल हो गया । जेके गौड़ के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट संजय खन्ना का सामना करने को लेकर हुई । विनोद बंसल के साथ तो उनके संबंध पहले से ही असहज-से थे, जिसे इस रिपोर्ट के साथ प्रकाशित तस्वीर से भी पहचाना जा सकता है - जिसमें दोनों बैठे तो साथ-साथ हैं किंतु एक-दूसरे के प्रति जिस तरह से अनमने-से हैं, उससे लग रहा है कि दोनों हैं एक-दूसरे से बहुत दूर । सीओएल के चुनाव नें जेके गौड़ ने जैसा जो रवैया दिखाया, उससे विनोद बंसल के साथ-साथ संजय खन्ना के साथ भी तुरंत से खड़ा हो पाना उन्हें मुश्किल लगा । इसीलिए जेके गौड़ ने विनोद बंसल और संजय खन्ना के कार्यक्रमों से दूर रहने में ही अपनी भलाई देखी । उन्हें पता था कि सीओएल के चुनाव का नतीजा आने के तुरंत बाद हो रहे इन कार्यक्रमों में लोग जुटेंगे तो सीओएल के चुनाव की चर्चा होगी ही, और उस चर्चा में उनकी भूमिका को लेकर भी बात होगी । जेके गौड़ को पता है कि चूँकि उनकी पोल पूरी तरह खुल चुकी है, इसलिए अब उनका यह कहना काम नहीं आयेगा कि उन्होंने तो कुछ किया ही नहीं । विनोद बंसल और संजय खन्ना के कार्यक्रमों में उनकी फजीहत न हो, इसलिए जेके गौड़ ने उनके कार्यक्रमों से दूर रहने में ही अपनी भलाई देखी । इस 'भलाई' ने भी लेकिन उन्हें और उनके खासमखास अशोक अग्रवाल को खीझ से भर दिया है और इसीलिए वह दोनों जहाँ कहीं कहने/बताने का मौका मिलता है, यह बताते हैं कि विनोद बंसल और संजय खन्ना सीओएल के चुनाव में आशीष घोष के खिलाफ काम करने की शिकायत को लेकर उन्हें किनारे कर रहे हैं और इसी के चलते दोनों ने ही अपने-अपने कार्यक्रमों में उन्हें ठीक से आमंत्रित नहीं किया, और इसीलिए वह उन दोनों के कार्यक्रमों में नहीं गए ।  

Monday, February 24, 2014

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन पद को लेकर चली दीपक गर्ग की तिकड़म में राधेश्याम बंसल और गोपाल केडिया ने भी अपना काम बनाने का मौका देखा

नई दिल्ली । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सत्ता खेमे के एक सदस्य दीपक गर्ग की चेयरमैन बनने की कोशिश ने सत्ता खेमे में जो फूट डाल दी है, उसके चलते नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन पद के लिए होने वाला चुनाव खासा दिलचस्प हो गया है । रीजनल काउंसिल के कुछेक सदस्यों को हालाँकि लगता है कि दीपक गर्ग ने बड़े प्रयत्न से और बड़ी तिकड़म से अपने लिए जो घोड़ी सजाई है, एन मौके पर हो सकता है कि उस पर राधेश्याम बंसल जा बैठें और दीपक गर्ग टापते ही रह जाएँ । दीपक गर्ग की चेयरमैन पद हथियाने की कोशिश के चलते काउंसिल में नए समीकरण बनने की जो संभावना बनी है, उसने गोपाल केडिया को भी उम्मीदों से भर दिया है । गोपाल केडिया को लगने लगा है कि जिस सत्ता खेमे में उनके लिए कोई जगह नहीं बन पाई थी, उस सत्ता खेमे के बिखरने से शायद उनके लिए कोई राह बन सके । जो हो रहा है उसे देख कर चेयरमैन बनने की गुपचुप-गुपचुप इच्छा रखने वाले काउंसिल सदस्यों के मन में भी यह सोच कर गुदगुदी-सी होने लगी है कि दीपक गर्ग की चाल से जो आग लगी है, उसमें शायद उनकी दाल ही गल जाये ।
जाहिर है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर नजारा दिलचस्प है ।
उल्लेखनीय है कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के मौजूदा टर्म के पहले वर्ष - यानि पिछले वर्ष 13 में से 8 सदस्यों ने एक ग्रुप बना कर सत्ता पर कब्ज़ा कर लिया था । सत्ता के सभी महत्वपूर्ण पदों के लिए सर्वसम्मती से यह फैसला किया गया था कि प्रत्येक पद के लिए इच्छुक लोगों के नाम की पर्ची डाली जायेगी और जिसका नाम निकलेगा, उसका उक्त पद पर कब्ज़ा होगा । इस फार्मूले पर सभी आठों सदस्यों की रजामंदी तो थी ही, इस फार्मूले के साथ बने/टिके रहने को लेकर दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में उन्होंने सौगंध भी खा ली थी । लेकिन दूसरी बार अब जब पदाधिकारी चुनने का समय आया तो दीपक गर्ग ने उक्त फार्मूले को और उसे लेकर खाई गई सौगंध को भुला दिया और चेयरमैन के पद पर अपना दावा ठोक दिया । मजे की बात यह रही कि दीपक गर्ग इसके लिए काफी समय से तैयारी कर रहे थे और उन्होंने इसकी किसी को भनक तक नहीं लगने दी । उन्होंने इसके लिए दो-तरफ़ा तैयारी की - एक तरफ तो उन्होंने काउंसिल में अपने खेमे के राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला को चेयरमैन विशाल गर्ग की आलोचना करने के लिए उकसाया; और दूसरी तरफ विशाल गर्ग को समझाया कि यह तीनों उन्हें बदनाम करने के काम में लगे हैं । दीपक गर्ग की इस तैयारी का भेद तब खुला जब चेयरमैन पद के लिए प्रस्तुत किये गए उनके दावे को विशाल गर्ग का समर्थन मिलता दिखा । राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला यह देख कर हैरान रह गए कि जो दीपक गर्ग हमेशा ही जिन विशाल गर्ग की शिकायत और आलोचना करते रहते थे, अब उन्हीं विशाल गर्ग के समर्थन के बूते चेयरमैन बनने की राह पर हैं ।
दीपक गर्ग ने इस काम में जातिवाद का कार्ड भी चला और अपने खेमे को बनिया-पंजाबी खेमे में बाँट दिया । इस काम में उन्हें इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के सदस्य विजय गुप्ता की भी मदद मिली । इन दोनों ने ही बार-बार इस बात को उड़ाया कि हंसराज चुग चेयरमैन बनने के लिए विशाल गर्ग को बदनाम कर रहे हैं और इस काम में उन्हें राज चावला और राजिंदर नारंग का सहयोग मिल रहा है । चेयरमैन के रूप में लिए गए विशाल गर्ग के जिन भी फैसलों की आलोचना हुई, उसके लिए दीपक गर्ग और विजय गुप्ता बड़ी होशियारी से राजिंदर नारंग, हंसराज चुग और राज चावला को जिम्मेदार साबित करते रहे - और इस तरह एक तरफ वह विशाल गर्ग को बदनाम भी करते रहे और उनकी बदनामी का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ कर विशाल गर्ग को अपने नजदीक भी करते रहे । इसका नतीजा नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के अवार्ड फंक्शन में दिखा, जहाँ विजय गुप्ता के अलावा सेंट्रल काउंसिल के और किसी सदस्य को कोई तवज्जो नहीं मिली । विजय गुप्ता इस खेल में इसलिए ही शामिल हुए हैं कि इसमें उन्हें दोहरा फायदा दिखा है । एक तरफ विशाल गर्ग की बदनामी कर/करवा कर सेंट्रल काउंसिल के अगले चुनाव में विशाल गर्ग से मिलने वाली संभावित चुनौती को उन्होंने कमजोर करने का काम किया है, और दूसरी तरफ दीपक गर्ग के जरिये रीजनल काउंसिल पर कब्जे की उम्मीद लगाई है । विजय गुप्ता को विश्वास है कि दीपक गर्ग चेयरमैन बनेंगे, तो वह तो बस नाम के चेयरमैन होंगे; चेयरमैनी करने का मौका तो वास्तव में उन्हें (यानि विजय गुप्ता को) मिलेगा ।
दीपक गर्ग ने पूरी तैयारी के साथ जो चाल चली है, उसमें उन्हें लेकिन सिर्फ विशाल गर्ग और स्वदेश गुप्ता का ही समर्थन खुले तौर पर मिल सका है । राजिंदर नारंग ने दीपक गर्ग की कोशिश का खुला और कड़ा विरोध करके दीपक गर्ग की राह में रोड़ा डालने का काम तो किया है, लेकिन दीपक गर्ग और विजय गुप्ता को भरोसा है कि वह अपना काम बना लेंगे । यह उम्मीद उन्हें इसलिए है क्योंकि हंसराज चुग और राज चावला ने राजिंदर नारंग का साथ नहीं दिया है । इन्होंने अभी हालाँकि दीपक गर्ग का समर्थन करने का भी संकेत नहीं दिया है, लेकिन दीपक गर्ग को भरोसा है कि खेमे की एकता बनाये रखने के नाम पर इन दोनों का समर्थन उन्हें मिल जायेगा । यह भरोसा दीपक गर्ग को इसलिए भी है क्योंकि राजिंदर नारंग ने भले ही उनकी कोशिश का विरोध किया है, लेकिन उन्होंने भी किसी और के साथ जाने का संकेत नहीं दिया है । दीपक गर्ग को विश्वास है कि 'तटस्थ' राजिंदर नारंग उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुँचा सकेंगे । योगिता आनंद को भी काम दिलवाने का लालच देकर अपनी तरफ कर लेने का भरोसा दीपक गर्ग को है ।
दीपक गर्ग को इतने सब भरोसों के बाद भी लेकिन खतरा खेमे के भीतर राधेश्याम बंसल से है । राधेश्याम बंसल ने समझ लिया है कि दीपक गर्ग ने अपनी जो तिकड़म लगाई है, उसके कारण उन्होंने अपने लिए विरोध भी खड़ा कर लिया है । राधेश्याम बंसल को लगता है कि जो हालात बने हैं, उसमें उनके लिए भी मौका बन सकता है । दीपक गर्ग ने हालाँकि तीसरे वर्ष में राधेश्याम बंसल को चेयरमैन बनाने/बनवाने का ऑफर देकर अपने समर्थन में लाने का प्रयास किया है, लेकिन राधेश्याम बंसल ने उन्हें फार्मूला सुझाया है कि इस बार राधेश्याम बंसल और अगली बार दीपक गर्ग । राधेश्याम बंसल समझ रहे हैं कि अगली बारी किसने देखी है, जो पाना है अभी ही पा लो । राधेश्याम बंसल के इस तेवर ने दीपक गर्ग को सचमुच डरा दिया है : उन्हें लग रहा है कि चेयरमैन पद की जिस घोड़ी को उन्होंने अपने लिए सजाया है, राधेश्याम बंसल उस पर चढ़ बैठने की ताक में हैं । सत्ता खेमे में मचे इस घमासान में गोपाल केडिया को अपना काम बनता हुआ दिखने लगा है । उन्हें लग रहा है कि सत्ता खेमे में चेयरमैन पद को लेकर खींचतान यदि ज्यादा बढ़ी तो चेयरमैन पद पर उनका दाँव भी लग सकता है ।
नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद की आड़ में दरअसल अगले सेंट्रल काउंसिल के चुनाव के पक्के और संभावित उम्मीदवारों की राजनीति भी छिपी हुई है, इसलिए चेयरमैन पद के चुनाव को लेकर बनने वाले नए समीकरण में लगातार उलटफेर हो रहे हैं । इस लगातार हो रहे उलटफेर ने ही नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद के लिए होने वाले चुनाव को दिलचस्प बना दिया है ।  

Sunday, February 23, 2014

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ए थ्री में पड़ताल फर्जी क्लब्स के असली मुजरिम की और चुनाव पर पड़ने वाले उनके असर की उर्फ़ चुनाव 'मुर्दा' लोगों के नहीं, बल्कि 'जिन्दा' लोगों के समर्थन से जीते जाते हैं

नई दिल्ली । विक्रम शर्मा को सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के चुनाव में जिस हार का सामना करना पड़ा है, उसके लिए उन्होंने और उनके समर्थक नेताओं ने पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दीपक टुटेजा के फर्जी क्लब्स को जिम्मेदार ठहराया है । हार से बौखलाए विक्रम शर्मा और उनके समर्थक नेता दीपक टुटेजा पर जैसे टूट पड़े हैं और उन्होंने दीपक टुटेजा के खिलाफ अपमानजनक व अशालीन फब्तियों का ढेर लगा दिया है । दीपक टुटेजा को फर्जी क्लब्स के एक बड़े सौदागर के रूप में पेंट किया जा रहा है और ऐसा प्रचार किया जा रहा है जैसे डिस्ट्रिक्ट में फर्जी क्लब्स के लिए एक अकेले दीपक टुटेजा ही जिम्मेदार हैं । दीपक टुटेजा के पास सात फर्जी क्लब होने की बात कही/सुनी जाती है, जिनके नाम दिल्ली आनंदवन, दिल्ली आरती, दिल्ली सेंट्रल, दिल्ली फेडरल, दिल्ली हरी नगर, दिल्ली जनकपुरी और नई दिल्ली द्धारका कैंप्स हैं । इन सातों क्लब के वोटों की संख्या बीस है । फर्जी क्लब्स के मामले में दीपक टुटेजा को जिस तरह से निशाना बनाया जा रहा है, उससे लगता है कि डिस्ट्रिक्ट में यही कुल सात क्लब फर्जी हैं ।
डिस्ट्रिक्ट में लेकिन 45 फर्जी क्लब बताये जाते हैं । इन 45 में से दीपक टुटेजा के पास यदि सिर्फ सात क्लब ही हैं तो बाकी क्लब किसके/किनके पास हैं; और सिर्फ सात क्लब होने मात्र से फर्जी क्लब्स के प्रति विरोध का सारा ठीकरा दीपक टुटेजा के सिर पर ही क्यों फोड़ा जा रहा है ? दीपक टुटेजा को निशाना बनाने की आड़ में कहीं असली मुजरिम को बचाने की कोशिश तो नहीं की जा रही है ? असली मुजरिम कौन है - आईये इसे तथ्यों के आईने में देखें । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हर्ष बंसल के पास 10 फर्जी क्लब हैं, जिनके नाम दिल्ली आनंद निकेतन, दिल्ली अशोक फोर्ट, दिल्ली भगवान नगर, दिल्ली दीपाली, दिल्ली किरन गैलेक्सी, दिल्ली महानगर रॉयल, दिल्ली सुविधा कुञ्ज, हाँसी प्रेरणा, हाँसी युवा, जींद एक्टिव हैं । इन 10 क्लब्स के वोटों की संख्या 29 है । इस तरह साफ है कि फर्जी क्लब्स की संख्या और उनके वोटों की संख्या के मामले में दीपक टुटेजा की तुलना में हर्ष बंसल का पलड़ा भारी है और तथ्यों के इस आईने में फर्जी क्लब्स का असली मुजरिम हर्ष बंसल हैं । यहाँ ध्यान में रखने वाला तथ्य यह भी है कि डिस्ट्रिक्ट में फर्जी क्लब बना कर राजनीति करने का फार्मूला सबसे पहले हर्ष बंसल की ही खोपड़ी में आया था; और डिस्ट्रिक्ट को फर्जी क्लब्स की जो देन है उसके जिम्मेदार हर्ष बंसल ही हैं ।
हर्ष बंसल की बदकिस्मती यह रही कि उनके इस फार्मूले को बाद में दूसरे लोगों ने भी हथिया लिया - और फिर हुआ यह कि हर्ष बंसल भले ही फर्जी क्लब्स के मामले में गुरु रहे हों, लेकिन वह तो गुड़ ही रह गए और उनके चेले शक्कर हो गए । मजे की बात यह रही कि ज्यादा फर्जी क्लब्स और उनके वोट रखने के बावजूद हर्ष बंसल हर बार अपने उम्मीदवार को जितवाने में फेल हो जाते हैं, और कम फर्जी क्लब्स व उनके वोट रखने के बावजूद दीपक टुटेजा अपने उम्मीदवार को चुनाव जितवा लेते हैं । ऐसा होने का कारण दोनों की सोच के, दोनों के तौर-तरीकों के, दोनों के व्यवहार और दोनों के व्यक्तित्व के अंतर में है । हर्ष बंसल सोचते हैं कि वह सिर्फ फर्जी वोटों से ही अपने उम्मीदवार को चुनाव जितवा देंगे; बार-बार ठोकरें खाने के बाद भी उनकी अकल में यह बात घुसती ही नहीं है कि चुनाव का फैसला मुर्दा लोग नहीं करते, बल्कि जिंदा लोग करते हैं ।
इसे वीके हंस के मामले से समझा जा सकता है : वीके हंस को चुनवाने का ठेका जब हर्ष बंसल ने लिया था, तब हर्ष बंसल ने करीब चालीस फर्जी क्लब बनाये थे और सभी का गणित था कि वीके हंस 50 वोटों से जीतेंगे, वीके हंस लेकिन तब 80 वोटों से हार गए थे । पिछले लायन वर्ष में जब वीके हंस फिर से उम्मीदवार बने और उन्हें दीपक टुटेजा की मदद का भरोसा था, तब भी वोटों की गिनती के 'आंकड़े' उनकी जीत के पक्ष में नहीं थे । लेकिन हर्ष बंसल की एक मूर्खता ने वीके हंस का काम आसान कर दिया । चुनाव से पहले जो प्रोपेगैंडा होता है और उसमें जो झूठ-सच बोला जाता है उसमें डिस्ट्रिक्ट के एक वरिष्ठ लायन एसी दासन के क्लब को हर्ष बंसल ने अपनी तरफ दिखाया, जिसका एसी दासन ने विरोध किया । एसी दासन के विरोध से चिढ़ कर हर्ष बंसल ने एसएमएस किया कि 'एसी दासन है कौन ?' यह ठीक है कि चुनावी राजनीति में अपनी तिकड़मी चालों से जो लोग खिलाड़ी समझे जाते हैं, उनमें एसी दासन का नाम न आता हो - लेकिन एसी दासन कोई ऐसे व्यक्ति भी नहीं हैं जिनके लिए हर्ष बंसल यह कहें कि 'एसी दासन हैं कौन ?' 'मुर्दा' लोगों पर भरोसा करते हुए हर्ष बंसल ने एक 'जिंदा' व्यक्ति का तिरस्कार किया और उसे भड़का दिया । दीपक टुटेजा ने क्या किया ? 'मुर्दा' लोग उनकी जेब में भी थे, लेकिन फिर भी वह जिंदा लोगों का शिकार करने के लिए निकले हुए थे और उन्होंने अपने सबसे बड़े दुश्मन राकेश त्रेहन का शिकार कर लिया । वीके हंस को चुनाव जितवाने की मुहिम में जुटे दीपक टुटेजा और विजय शिरोहा ने राकेश त्रेहन की कमजोरियों को पहचाना और जाल बिछाया - उन्होंने राकेश त्रेहन को मल्टीपल काउंसिल चेयरपरसन पद के लिए समर्थन का पत्र दिया और राकेश त्रेहन ने जितने पैसे माँगे उतने पैसे दिए । यह सब पाते हुए भी राकेश त्रेहन ने उन्हें छकाया तो वह छके भी - और यह सब करते हुए उन्होंने राकेश त्रेहन से अपने कुछेक क्लब्स को क्लियर करवाने का ऐसा काम करवा लिया जो यदि नहीं होता तो वीके हंस का जीतना असंभव ही होता । यानि राकेश त्रेहन यदि मल्टीपल काउंसिल चेयरपरसन के पद का और कुछ पैसों का लालच नहीं करते तो आज वीके हंस की जगह सुरेश जिंदल सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होते ।
हर्ष बंसल और दीपक टुटेजा की सोच में और तौर-तरीके में यही एक बड़ा अंतर है । हर्ष बंसल के लिए अपने उम्मीदवार को जितवाना महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि अपनी निजी खुन्नस निकालना महत्वपूर्ण होता है । इस बार भी उन्होंने ऐसा ही किया । विक्रम शर्मा की उम्मीदवारी के समर्थन में दिल्ली में हुई मीटिंग में उन्होंने घोषणा कर दी कि उनके क्लब्स वीके हंस को समर्थन नहीं देंगे । उनके लिए विक्रम शर्मा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने से जयादा जरूरी काम वीके हंस के साथ अपनी खुन्नस निकलना था - जिसका नतीजा यह हुआ कि वह न वीके हंस का कुछ बिगाड़ सके और न विक्रम शर्मा को चुनाव जितवा सके । दूसरी तरफ आरके शाह के  समर्थक नेता थे, जिनमें से कुछ नरेश गुप्ता को सबक तो सिखाना चाहते थे लेकिन उन्होंने भी नरेश गुप्ता के खिलाफ अपनी खुंदक को जाहिर कभी नहीं होने दिया । आरके शाह की उम्मीदवारी के समर्थक नेताओं का एक ही एजेंडा था - आरके शाह को जितवाओ ! उन्होंने इसी एक एजेंडे पर ध्यान दिया और सफल रहे ।
विक्रम शर्मा की हार के लिए विक्रम शर्मा और उनके समर्थक नेता लगातार रोना मचा रहे हैं कि आरके शाह को फर्जी क्लब्स के कारण जीत मिली है । किंतु तथ्य बताते हैं कि सच्चाई इसके विपरीत है । फर्जी क्लब्स के वोट यदि आरके शाह को मिले हैं तो वह विक्रम शर्मा को भी मिले हैं, क्योंकि डिस्ट्रिक्ट में दोनों खेमों के कई नेताओं के पास फर्जी क्लब्स हैं । हर्ष बंसल के बारे में बता ही चुके हैं । अजय बुद्धराज के पास 4 फर्जी क्लब्स है : दिल्ली मायापुरी, दिल्ली फुलवारी, दिल्ली सुप्रीम और नई दिल्ली हिमगिरी । इनके वोट 6 हैं । राकेश त्रेहन के पास 10 वोटों के 4 क्लब्स हैं : दिल्ली जेपी कैंप्स, दिल्ली कृष्णा, दिल्ली राइसिंग सन और नई दिल्ली सार्थक । नरेश गुप्ता के पास 9 वोटों वाले 4 फर्जी क्लब्स हैं : दिल्ली मंथन, दिल्ली सहयोग, दिल्ली समर्पण और नई दिल्ली युवा कैम्पस । डीके अग्रवाल के पास भी 2 वोटों वाला एक फर्जी क्लब - दिल्ली जीटीबी नगर है । इनके सब मिला कर विक्रम शर्मा को 56 फर्जी वोट मिले । आरके शाह के मामले में दीपक टुटेजा के 20 फर्जी वोटों की बात पहले बता चुके हैं । उनके अलावा विजय शिरोहा के पास 14 वोटों वाले 5 फर्जी क्लब हैं : बहादुरगढ़, बहादुरगढ़ क्रिएटिव कैंप्स, बहल जागृति, झज्जर टाउन और सांपला टाउन । अरुण पुरी के पास 10 वोटों वाले 4 क्लब हैं : दिल्ली क्राउन, दिल्ली पदम, दिल्ली रोहिणी और नई दिल्ली पश्चिम विहार । सुशील खरिंटा के पास 12 वोटों के 6 क्लब्स हैं : आदमपुर, दिल्ली आन, भटटू, हाँसी आस्था, हिसार आस्था और मेहम । इनके मिला कर आरके शाह को भी 56 फर्जी वोट मिले ।
इस तरह, फर्जी वोटों की जहाँ तक बात है - आरके शाह और विक्रम शर्मा को बराबर-बराबर वोट ही मिले हैं । जाहिर है कि विक्रम शर्मा सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद का चुनाव मुर्दा लोगों के कारण नहीं, बल्कि जिंदा लोगों के कारण हारे हैं ।
विक्रम शर्मा के समर्थक नेताओं के बीच तालमेल की कमी रही और उनमें आपस में विश्वास का अभाव था । वह विक्रम शर्मा को जिताने के लिए प्रयास करने की बजाये अपने अपने फर्जी क्लब्स के ड्यूज जुगाड़ने में दिलचस्पी लेते हुए दिख रहे थे । उन्हें दरअसल विक्रम शर्मा पर भरोसा नहीं था कि विक्रम शर्मा से उन्हें समय से पैसे मिल जायेंगे । विक्रम शर्मा अपने क्लब के लोगों से चंदा जुगाड़ने में व्यस्त रहे । इस कारण लोगों के बीच कैम्पेन ही नहीं हो पाया और विक्रम शर्मा तथा उनके समर्थक धूल चाटते हुए नजर आये ।
अपनी नाकामी, मूर्खताओं के कारण लगातार मिल रही नाकामियों से बौखलाए विक्रम शर्मा के समर्थको ने दीपक टुटेजा और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विजय शिरोहा के खिलाफ अशालीन किस्म का प्रचार अभियान छेड़ दिया है । उन्हें लगता है कि इस तरह की हरकतों से वह सच्चाई पर पर्दा डाल सकेंगे तथा दीपक टुटेजा और विजय शिरोहा को बदनाम करके अपना काला चेहरा छिपा लेंगे और अपना उल्लू सीधा करते रह सकेंगे ।

Wednesday, February 19, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के क्लब गाजियाबाद आईडियल में राजीव गोयल ने जेके गौड़ की शह पर जिस तरह संजय शर्मा को अपमानित किया, उसके चलते एक बार फिर क्लब में फूट के आसार पैदा हो गए दिख रहे हैं

गाजियाबाद । राजीव गोयल ने सीओएल के चुनाव में जेके गौड़ के प्रति अपनी वफादारी निभाने के चक्कर में अपने ही क्लब - रोटरी क्लब गाजियाबाद आईडियल - के अध्यक्ष संजय शर्मा की जैसी/जो बेइज्जती की/करवाई है, उसके कारण क्लब में उनके खिलाफ नाराजगी मुखर होने लगी है । संजय शर्मा की पूरे डिस्ट्रिक्ट के लोगों के तथा दूसरे क्लब्स के अध्यक्षों के सामने जो खुली बेइज्जती हुई, उसकी बातें सुनकर क्लब के कई सदस्य कहने लगे हैं कि राजीव गोयल को रोटरी के नाम पर यदि जेके गौड़ की गुलामी ही करनी है तो उन्हें रोटरी क्लब गाजियाबाद रॉयल में ट्रांसफर ले लेना चाहिए - जहाँ अगले रोटरी वर्ष में उनकी पत्नी राधा गोयल अध्यक्ष होंगी । यह सलाह देने वाले लोग शायद नहीं जानते हैं कि गाजियाबाद रॉयल महिलायों का क्लब है और राजीव गोयल चाहें भी, तो भी उसमें ट्रांसफर नहीं ले सकते हैं । बहरहाल, राजीव गोयल क्या करें - यह राजीव गोयल जानें, मुख्य बात यह है कि जेके गौड़ के प्रति अपनी वफादारी दिखाने के चलते उन्होंने अपने ही क्लब के अध्यक्ष को जिस तरह अपमानित किया/कराया, उसके चलते क्लब में राजीव गोयल के प्रति गहरी नाराजगी है और क्लब के सदस्यों का कहना है कि राजीव गोयल ने जो किया है, उसके कारण कई लोग क्लब छोड़ सकते हैं ।
राजीव गोयल ने आखिर किया क्या ? सीओएल के लिए हुई वोटिंग में राजीव गोयल ने मौके पर मौजूद होने के बावजूद क्लब के अध्यक्ष संजय शर्मा को वोट नहीं डालने दिया और खुद वोट डाला । रोटरी में नियमानुसार वोट डालने का अधिकार अध्यक्ष का है । हाँ, वह यदि मौजूद न हो सकता हो तो अपना यह अधिकार किसी और को दे सकता है । सीओएल के लिए हुई वोटिंग में लेकिन रोटरी क्लब गाजियाबाद आईडियल की तरफ से जब राजीव गोयल ने वोट डाला, तब क्लब के अध्यक्ष संजय शर्मा मौके पर मौजूद थे । संजय शर्मा के नजदीकियों के अनुसार, राजीव गोयल ने उनका अधिकार छीन कर खुद वोट दरअसल इसलिए डाला क्योंकि उन्हें आशंका थी कि संजय शर्मा वायदा करने के बावजूद रमेश अग्रवाल को वोट नहीं देंगे, और आशीष घोष को वोट देंगे । संजय शर्मा के नजदीकियों के अनुसार, राजीव गोयल ने जेके गौड़ से रमेश अग्रवाल को वोट देने के लिए सौदा किया हुआ था । संजय शर्मा और क्लब के दूसरे प्रमुख सदस्यों का कहना था कि उन्हें भी गाजियाबाद के दूसरे क्लब्स के साथ ही रहना चाहिए; और जब गाजियाबाद के अधिकतर क्लब्स तथा ज्यादातर प्रमुख रोटेरियंस आशीष घोष के साथ हैं, तो उन्हें भी आशीष घोष के साथ ही रहना चाहिए । राजीव गोयल पर लेकिन जेके गौड़ का जादू छाया हुआ था । राजीव गोयल ने संजय शर्मा पर दबाव बना कर पहले तो रमेश अग्रवाल के पक्ष में कॉन्करेंस दिलवा दी, और फिर रमेश अग्रवाल के पक्ष में वोट देने का दबाव बनाने लगे । कॉन्करेंस देने के कारण संजय शर्मा को गाजियाबाद के अपने साथी अध्यक्षों के बीच यूँ भी अपमानित-सा महसूस करना पड़ रहा था, इसलिए वह खुल कर रमेश अग्रवाल के साथ दिखने से बचने की कोशिश करना चाहते थे ।
संजय शर्मा और क्लब के दूसरे कुछेक सदस्यों ने रोटरी क्लब गाजियाबाद प्लेटिनम के अमित अग्रवाल का उदाहरण देकर भी राजीव गोयल को समझाया । अमित अग्रवाल को जेके गौड़ के बिलकुल पक्के वाले आदमी के रूप में पहचाना जाता है । लेकिन सीओएल के चुनाव में अमित अग्रवाल ने जेके गौड़ के दबाव में आने से साफ इंकार कर दिया और गाजियाबाद के बहुमत लोगों के साथ रहने का फैसला किया । अमित अग्रवाल का साफ कहना रहा कि जेके गौड़ के साथ उनके अच्छे संबंध हैं, इसका मतलब यह थोड़े ही है कि वह जेके गौड़ की गलत बात भी मानेंगे । अमित अग्रवाल के रवैये ने जेके गौड़ को गाजियाबाद में तगड़ा झटका दिया । अमित अग्रवाल से मिले इस झटके के लिए जेके गौड़ ने हालाँकि विनोद बंसल को जिम्मेदार ठहराया । जेके गौड़ ने कई लोगों से कहा कि विनोद बंसल ने वैसे तो सीओएल के चुनाव में किसी का पक्ष न लेने का दावा किया लेकिन अवार्ड का लालच देकर उन्होंने कई लोगों को आशीष घोष के समर्थन में किया । जेके गौड़ का दावा रहा कि अमित अग्रवाल ने पहले उन्हें रमेश अग्रवाल का समर्थन करने का भरोसा दिया था, लेकिन फिर अचानक से पाला बदल लिया । जेके गौड़ का आरोप रहा कि अमित अग्रवाल को विनोद बंसल ने अवार्ड का लालच देकर तोड़ा । अमित अग्रवाल ने हालाँकि अपने आप को दोनों तरफ दिखाने की कोशिश की, और इस कोशिश में वह कभी रमेश अग्रवाल के नजदीक तो कभी आशीष घोष व अमित जैन के नजदीक बैठे । राजीव गोयल को भी उनके क्लब के लोगों ने सलाह दी थी कि अमित अग्रवाल की तर्ज पर दोनों तरफ दिखो । राजीव गोयल को लेकिन जेके गौड़ दबोच लेने में सफल रहे ।
संजय शर्मा की बातों से जेके गौड़ और राजीव गोयल ने समझ लिया कि उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता । जेके गौड़ ने राजीव गोयल को हिदायत दी कि वोट डालने का काम संजय शर्मा को हरगिज न दिया जाये और राजीव गोयल ही वोट डालने का काम करें । सीओएल के चुनाव में यूँ तो कई क्लब्स की तरफ से वोट डालने का काम अध्यक्ष की बजाये दूसरे सदस्यों ने किया, लेकिन उन मामलों में अध्यक्ष मौके पर उपस्थित नहीं थे । रोटरी क्लब गाजियाबाद आईडियल ही अकेला ऐसा क्लब है, जिसके अध्यक्ष संजय शर्मा मौके पर उपस्थित थे लेकिन वोट डालने का काम राजीव गोयल ने किया । संजय शर्मा और क्लब के दूसरे कई सदस्यों ने राजीव गोयल की इस हरकत पर गहरी नाराजगी दिखाई है ।
यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि अभी दो वर्ष पहले ही राजीव गोयल की जेके गौड़ के प्रति भक्ति के कारण ही क्लब के अध्यक्ष अतुल सालवान निवृतमान होते ही क्लब के चार्टर अध्यक्ष रवि छावड़ा तथा कई अन्य सदस्यों के साथ क्लब छोड़ गए थे । उस समय भी झगड़ा यही था कि जेके गौड़ ने राजीव गोयल के जरिये क्लब का समर्थन रवि चौधरी को दिलवाने का प्रयास किया था, लेकिन तत्कालीन अध्यक्ष ने राजीव गोयल के दबाव में आने से इंकार करते हुए संजय खन्ना का समर्थन किया था । खुन्नस में राजीव गोयल ने क्लब में ऐसे हालात पैदा किये कि अतुल सालवान और रवि छावड़ा अन्य कई सदस्यों के साथ क्लब और रोटरी ही छोड़ गए । राजीव गोयल ने जेके गौड़ की शह पर अभी जिस तरह संजय शर्मा को अपमानित किया है, उसके चलते एक बार फिर क्लब में फूट के आसार पैदा हो गए दिख रहे हैं ।

Tuesday, February 18, 2014

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 में सीओएल के चुनाव में रमेश अग्रवाल की दोहरी हार ने शरत जैन की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की उम्मीदवारी के लिए संकट खड़ा किया

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल को सीओएल (काउंसिल ऑन लेजिसलेशन) के चुनाव में पहले नोमीनेटिंग कमेटी में और फिर सीधे चुनाव में जिस तरह से धूल चाटनी पड़ी है, उसने शरत जैन के सामने बड़ी समस्या पैदा कर दी है । शरत जैन अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार होने की तैयारी कर रहे हैं; और जिन्हें रमेश अग्रवाल के उम्मीदवार के रूप में डिस्ट्रिक्ट में पहचाना जा रहा है । सीओएल के चुनाव में रमेश अग्रवाल की दोहरी हार से लेकिन सवाल यह पैदा हो गया है कि जो रमेश अग्रवाल अपना खुद का चुनाव नहीं जीत सकते, वह शरत जैन को चुनाव कैसे जितवायेंगे ? शरत जैन के लिए यह तथ्य और यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए उनका जिन दीपक गुप्ता के साथ चुनाव होता दिख रहा है, वह दीपक गुप्ता सीओएल के चुनाव के विजेता आशीष घोष के साथ थे ।
सीओएल के चुनाव को लेकर रमेश अग्रवाल और उन्हें समर्थन दे रहे अरनेजा गिरोह का जो रवैया रहा, उसने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति की खेमेबाजी को नए सिरे से पुनर्गठित किया है और इस पुनर्गठन में अरनेजा गिरोह बुरी तरह मात खा गया है । आशीष घोष के सामने रमेश अग्रवाल की जैसी जो फजीहत हुई है, उससे अरनेजा गिरोह की औकात/हैसियत सामने आ गई है । अरनेजा गिरोह की औकात/हैसियत का खुलासा इससे पहले संजय खन्ना और रवि चौधरी के बीच हुए चुनाव में भी हुआ था - जब अपनी हर तरह की टुच्ची हरकतों के बावजूद अरनेजा गिरोह रवि चौधरी को चुनाव जितवाने में विफल रहा था । उसके बाद, अरनेजा गिरोह ने लेकिन झूठे ही जेके गौड़ और सुधीर मंगला की जीत का श्रेय लेकर डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपनी वापसी कर ली थी । जेके गौड़ और सुधीर मंगला को जो कामयाबी मिली, उसमें उनके अपने अपने खुद के जुगाड़ भी थे तथा डिस्ट्रिक्ट के अन्य पूर्व गवर्नर्स से मिले समर्थन का भी असर था - लेकिन अरनेजा गिरोह ने इन दोनों की जीत को अपनी जीत के रूप में प्रचारित किया ।
अरनेजा गिरोह ने जेके गौड़ और सुधीर मंगला की जीत को अपनी जीत बता कर दूसरों को धोखा देने की जो कोशिश की, उसमें तो वह कामयाब रहे - समस्या लेकिन तब शुरू हुई जब अपने इस झूठ पर वह दूसरों को विश्वास दिलाने के साथ साथ खुद भी विश्वास करने लगे और इस तरह दूसरोँ को धोखा देने की कोशिश करते करते खुद भी धोखा खा बैठे । अपने ही झूठ पर खुद विश्वास करने के कारण ही सीओएल के चुनाव में वह आशीष घोष से भिड़ बैठे और अपनी पोल खुलवा ली । उल्लेखनीय है कि सीओएल के लिए आशीष घोष के अधिकृत उम्मीदवार चुने जाने के बाद कई छोटे-बड़े नेताओं ने रमेश अग्रवाल को समझाया था कि उन्हें नोमीनेटिंग कमेटी के फैसले का सम्मान करना चाहिए तथा अधिकृत उम्मीदवार को चेलैंज नहीं करना चाहिए । रमेश अग्रवाल का हर किसी को लेकिन एक ही जबाव होता कि चुनाव में जब मेरे जीतने के पूरे-पक्के चांस हैं तो मैं चेलैंज क्यों न करूँ ?
रमेश अग्रवाल और अरनेजा गिरोह के हर सदस्य का दावा था कि चुनाव में आशीष घोष तो कहीं टिकेंगे ही नहीं, और रमेश अग्रवाल भारी बहुमत से जीतेंगे । यह विश्वास उन्हें इसीलिये था क्योंकि दूसरों के बीच पैठ बनाने के लिए फैलाये गए अपने ही झूठ पर वह खुद भी भरोसा करने लगे थे कि जेके गौड़ और सुधीर मंगला को उन्होंने ही जितवाया है और वह तो किसी को भी चुनाव जितवा सकते हैं । मुकेश अरनेजा का एक बड़ा चर्चित बयान है कि वह तो सड़क के किसी गधे को भी चुनाव जितवा दें - अब इसे रमेश अग्रवाल की बदकिस्मती ही कहा जायेगा कि जिन मुकेश अरनेजा का समर्थन पाकर कोई गधा भी चुनाव जीत सकता है, उन मुकेश अरनेजा के समर्थन के बावजूद लेकिन वह चुनाव नहीं जीत सके ।
रमेश अग्रवाल और उन्हें चुनाव जितवाने में दिन-रात एक कर देने वाले मुकेश अरनेजा व जेके गौड़ ने समर्थन जुटाने के लिए जिस-जिस तरह की हरकतें कीं और घटियापन दिखाया उससे उन्होंने रोटरी को तो शर्मसार किया ही, तथा साथ ही अपनी भी फजीहत कराई - और उसके बाद वह चुनाव भी नहीं जीत सके । रमेश अग्रवाल और उन्हें समर्थन दे रहा अरनेजा गिरोह सिर्फ चुनाव ही नहीं हारे हैं - इस चुनाव में उनकी कलई पूरी तरह उतर गई है । एक तरफ उन्होंने मंजीत साहनी, आशीष घोष, अमित जैन जैसे उन लोगों को अपना विरोधी बना लिया है जो अभी कल तक उनके साथ थे; तो दूसरी तरफ जेके गौड़ जैसे अपने चेले को ऐसा बेनकाब कर दिया कि वह अपने ही इलाके में विश्वासघाती बन गए और अलग-थलग पड़ गए हैं ।
यही तथ्य शरत जैन के लिए मुसीबत खड़ी करने वाला है । शरत जैन ने हालाँकि अपने व्यवहार और अपने कामकाज से डिस्ट्रिक्ट के अधिकतर लोगों को प्रभावित किया हुआ है । विनोद बंसल और संजय खन्ना के यहाँ उन्होंने अपनी जैसी पैठ बनाई हुई है और ये लोग जिस तरह से उनपर निर्भर रहे दिखे हैं, वह किसी भी उम्मीदवार के लिए ईर्ष्या का विषय हो सकता है । लेकिन सीओएल के चुनाव को लेकर रमेश अग्रवाल द्धारा की गई कारस्तानी ने शरत जैन के लिए सब गुड़-गोबर कर दिया है । रमेश अग्रवाल के क्लब के होने के कारण, रमेश अग्रवाल के उम्मीदवार के रूप में पहचाने जाने वाले शरत जैन के सामने रमेश अग्रवाल के 'पापों' की सजा भुगतने का संकट पैदा हो गया है । शरत जैन के व्यक्तित्व और उनके आचार-व्यवहार से प्रभावित लेकिन रमेश अग्रवाल की करतूतों के विरोधी लोगों का कहना है कि उन्हें शरत जैन के समर्थन से तो कोई परहेज नहीं है, लेकिन यदि वह रमेश अग्रवाल के उम्मीदवार के रूप में आते हैं तब फिर उनके समर्थन में खड़ा होना मुश्किल होगा । डिस्ट्रिक्ट में रमेश अग्रवाल और अरनेजा गिरोह के खिलाफ जिस तरह का माहौल बना है, और जिस माहौल के चलते सीओएल के चुनाव में रमेश अग्रवाल को दो दो बार हार का मुँह देखना पड़ा है, उसे देखते हुए रमेश अग्रवाल के उम्मीदवार के रूप में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए समर्थन जुटाना शरत जैन के लिए वास्तव में चुनौतीपूर्ण होगा ।