Wednesday, May 6, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सुनील गुप्ता से समर्पण करवा कर योगेश मोहन गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट में और रोटरी में अपनी स्थिति सुधारने की जो कोशिश शुरू की है; डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए मनोज जैन को सुनील गुप्ता का उम्मीदवार बनवा कर उसी कोशिश को उन्होंने और ऊँचे मुकाम पर पहुँचाने का दाँव चला है

मेरठ । रोटरी क्लब मेरठ के मनोज जैन की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी ने डिस्ट्रिक्ट की ठंडी पड़ी चुनावी राजनीति में गर्मी तो पैदा कर दी है । यह गर्मी इसलिए पैदा हुई है, क्योंकि मनोज जैन को अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने जा रहे सुनील गुप्ता के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है । उल्लेखनीय है कि अगले रोटरी वर्ष में होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में अभी तक रोटरी क्लब मेरठ डायमण्ड की मंजु गुप्ता तथा रोटरी क्लब मुरादाबाद ब्राइट की दीपा खन्ना का नाम ही लोगों के बीच चर्चा में था । इन दोनों की रोटरी में अच्छी संलग्नता और सक्रियता रही है, तथा रोटरी के प्रति इनके उत्साहपूर्ण लगाव से प्रायः सभी परिचित रहे हैं । डिस्ट्रिक्ट के अधिकतर लोगों का मानना और कहना रहा है कि मंजु गुप्ता और दीपा खन्ना की ही उम्मीदवारी यदि रहती है तो चुनाव साफ-सुथरे तरीके से और एक-दूसरे के समर्थकों को बिना बेइज्जत किए संपन्न हो सकेगा तथा डिस्ट्रिक्ट व रोटरी के लिए यह एक शुभअवसर होगा । हालाँकि कुछेक लोगों को पूरा पूरा भरोसा था कि डिस्ट्रिक्ट में चुनावी राजनीति के कुछेक खिलाड़ियों को यह स्थिति रास नहीं आयेगी, तथा वह कुछ न कुछ अवश्य ऐसा करेंगे जिससे चुनाव में 'रौनक' पैदा हो । रोटरी में दरअसल एक ऐसा तबका संगठित हो गया है, जो चुनाव को मेले-ठेले से ज्यादा महत्त्व नहीं देता है और चुनाव को गला गीला करने के एक वार्षिक उत्सव के रूप में देखता है । 
अन्य कुछेक लोगों का यह भी मानना और कहना था कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के कुछेक खिलाड़ी घोर पुरुषवादी सोच के हैं और वह किसी महिला को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर न बनने देने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं । यहाँ संगीता कुमार और योगेश मोहन गुप्ता के बीच हुए चुनाव को याद करना प्रासंगिक होगा । यूँ तो डिस्ट्रिक्ट के हर चुनाव में गंदगी हुई ही है, किंतु उस चुनाव में योगेश मोहन गुप्ता के सौजन्य से गंदगी के जिन मुकामों को छुआ गया, वह घटियापने के शर्मनाक उदाहरण के रूप में दर्ज हैं । उस चुनाव में सारा चुनावी समीकरण संगीता कुमार की उम्मीदवारी के पक्ष में था, लेकिन फिर भी वह चुनाव हार गईं थीं तो उसका एक बड़ा कारण यही था कि पुरुषवादी सोच के घटियापने का मुकाबला करने की वह कोई तैयारी नहीं कर पाई थीं । हो सकता है कि उस चुनाव में संगीता कुमार के साथ जो हुआ था, उसी को ध्यान में रखते हुए कुछेक लोगों को लगा हो कि डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के कुछेक खिलाड़ी अगले रोटरी वर्ष के चुनावी मुकाबले को मंजु गुप्ता और दीपा खन्ना के बीच ही सीमित न रहने दें तथा उसमें कुछ तड़का डालने का प्रयास करेंगे । मनोज जैन की उम्मीदवारी की चर्चा के साथ यह आशंका सच साबित हो गई है । एक मजेदार संयोग यह बना है कि मनोज जैन की जो एकमात्र खूबी डिस्ट्रिक्ट के लोगों की जुबान पर अभी है और उनके बीच चर्चा में है, वह यह कि वह योगेश मोहन गुप्ता के गवर्नर-काल के अध्यक्ष हैं तथा योगेश मोहन गुप्ता के बड़े चहेते अध्यक्ष होते थे ।
तो क्या मनोज जैन, योगेश मोहन गुप्ता के ही नए संस्करण साबित होंगे, और उन्हीं की तर्ज पर चुनाव लड़ेंगे ? इसका तो पता बाद में चलेगा, किंतु मनोज जैन की उम्मीदवारी की चर्चा से सुनील गुप्ता की बाँछे जरूर खिल गई हैं; और अब उन्हें पक्का विश्वास हो चला है कि उनका गवर्नर-काल पूरा हिट रहेगा । मेरठ में सुनील गुप्ता के नजदीकियों का कहना है कि मनोज जैन की उम्मीदवारी सुनील गुप्ता से विचार विमर्श करने के बाद ही चर्चा में आई है; और मनोज जैन पूरी तरह सुनील गुप्ता के भरोसे ही चुनावी मैदान में उतरने के लिए राजी हुए हैं । मनोज जैन की उम्मीदवारी के जरिए सुनील गुप्ता को अपना गवर्नर-काल रौनकपूर्ण हो जाने का विश्वास है, तो योगेश मोहन गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में अपनी वापसी करने की उम्मीद है । पिछले दिनों डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी और पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ललित मोहन गुप्ता के कारण योगेश मोहन गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट में और रोटरी में भारी फजीहत का शिकार होना पड़ा तथा बहुत ही बुरे दिन देखने पड़े हैं । सुनील गुप्ता के साथ भी योगेश मोहन गुप्ता के अच्छे संबंध नहीं थे, पिछले दिनों तो वह और भी खराब हो गए थे; लेकिन पता नहीं सुनील गुप्ता  के साथ उनकी फिर क्या सौदेबाजी हुई कि सुनील गुप्ता ने उनके सामने समर्पण कर दिया । सुनील गुप्ता से समर्पण करवा कर योगेश मोहन गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट में और रोटरी में अपनी स्थिति सुधारने की जो कोशिश शुरू की है; मनोज जैन को सुनील गुप्ता का उम्मीदवार बनवा कर उसी कोशिश को और ऊँचे मुकाम पर पहुँचाने का दाँव उन्होंने चला है । इस दाँव की कामयाबी हालाँकि इस बात पर निर्भर करेगी कि मनोज जैन अपनी उम्मीदवारी के अभियान को कैसे आगे बढ़ाते हैं और सुनील गुप्ता का समर्थन उन्हें वास्तव में फायदा पहुँचाता भी है या नहीं ।  

Monday, May 4, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में चेयरमैन के रूप में राज चावला को काम न करने देने की चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी की हरकत से राज चावला को जो सहानुभूति मिलती दिख रही है, उसमें विजय गुप्ता का काम बिगड़ता जा रहा है

नई दिल्ली । नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन के रूप में राज चावला को काम न करने देने की चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी की चालबाजी को फेल करने के लिए नवीन गुप्ता ने आश्चर्यजनक तरीके से साहस तो दिखाया था, लेकिन इन दोनों ने जब घुड़की लगाई तो नवीन गुप्ता का सारा साहस तुरंत से हवा भी हो गया । उल्लेखनीय है कि तरह-तरह की बहानेबाजी के जरिये चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी ने नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के कामकाज को ठप्प किया हुआ है । इसी पर अपनी नाराजगी जताते हुए नवीन गुप्ता ने एक ईमेल लिख कर रीजनल काउंसिल में कामकाज होने देने की वकालत की । नवीन गुप्ता चूँकि कुछ न करने के लिए मशहूर हैं, इसलिए उनकी इस वकालत पर सभी को आश्चर्य हुआ । आश्चर्य इसलिए भी हुआ, क्योंकि इस वकालत के जरिए नवीन गुप्ता दरअसल चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी को सीधी चुनौती देने की कोशिश करते हुए 'दिखे' । नवीन गुप्ता के इस बदले बदले रूप ने सभी को हैरान भी किया । यह हैरानी किंतु ज्यादा देर टिकी नहीं रह पाई - क्योंकि नवीन गुप्ता के इस साहस पर चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी ने जैसे ही उन्हें 'नियमानुसार कामकाज होने' का वास्ता देते हुए घुड़की दी, नवीन गुप्ता ने तुरंत उनकी हाँ में हाँ मिलानी शुरू कर दी ।
नवीन गुप्ता के इस समर्पण ने नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में कामकाज शुरू हो सकने की संभावनाओं को धक्का पहुँचाया है । कुछेक लोगों को लगता है कि चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी का नाटक अब पूरा हो गया है, और अब वह कोई अड़ंगेबाजी नहीं करेंगे तथा जल्दी ही नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में कामकाज सुचारू रूप से शुरू हो जायेगा । अन्य कुछेक लोगों को लगता है कि चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी द्वारा खेला जा रहा यह नाटक सेंट्रल काउंसिल के एक तीसरे सदस्य विजय गुप्ता को चूँकि पसंद आ रहा है, इसलिए वह कोशिश करेंगे कि यह नाटक अभी और चले । असल में, यह नाटक चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी ने अपनी अपनी ईगो को संतुष्ट करने के लिए शुरू किया था, जिसमें फिर विजय गुप्ता को अपना फायदा दिखने लगा और वह पर्दे के पीछे से इस नाटक को लंबा खिंचवाने में लग गए । सेंट्रल काउंसिल के अगले चुनाव में विजय गुप्ता को अपनी सीट खतरे में दिख रही है । सेंट्रल काउंसिल की अपनी सीट को बचाने के लिए विजय गुप्ता को राज चावला को घेरे में और दबाव में रखना जरूरी लग रहा है । 
उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में विजय गुप्ता को अमरजीत चोपड़ा के समर्थन तथा लुधियाना से मिले वोटों के कारण जीत प्राप्त हुई थी । प्रेसीडेंट चुनाव में अपनी फजीहत के लिए विजय गुप्ता ने अमरजीत चोपड़ा को जिम्मेदार ठहरा कर तथा उनके खिलाफ भारी गाली-गलौच करके अमरजीत चोपड़ा के समर्थन को तो पहले ही खो दिया है; विशाल गर्ग व संजय वासुदेव की उम्मीदवारी के चलते इस बार लुधियाना से वोट मिल पाने की भी उन्हें कोई सूरत नहीं दिख रही है । ऐसे में, विजय गुप्ता की निगाह पिछले दो वर्षों में चार्टर्ड एकाउंटेंट बने नए वोटरों पर है । उन्हें लगता है कि महँगी पार्टियों में खिला-पिला कर और नाच-गाना सुनवा/दिखवा कर वह नए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के वोट जुटा लेंगे । इस कोशिश में उन्हें लेकिन राज चावला से खतरा है ।
दरअसल रीजनल काउंसिल का चेयरमैन होने के नाते राज चावला के लिए नए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के साथ संबंध बनाना/जोड़ना आसान होगा । दूसरों के मुकाबले तुलनात्मक रूप से राज चावला चूँकि ज्यादा इंटरनेट फ्रेंडली हैं और फेसबुक पर खासे सक्रिय हैं, इसलिए भी युवाओं के बीच उनके लिए अच्छा समर्थन बनने का अनुमान लगाया जा रहा है । इसी कारण से विजय गुप्ता को लगता है कि रीजनल काउंसिल के चेयरमैन के रूप में राज चावला की सक्रियता नए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच पैठ बनाने की उनकी योजना को कामयाब नहीं होने देगी; और इसीलिए विजय गुप्ता चाहते हैं कि रीजनल काउंसिल के चेयरमैन के रूप में राज चावला काम न कर पाएँ । चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी की हरकत से विजय गुप्ता को तो जैसे मुँहमाँगी मुराद मिल गई । अपने स्वार्थ में विजय गुप्ता चाहेंगे कि चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी का नाटक अभी कुछ दिन और चले, ताकि राज चावला को कुछ काम करने का मौका न मिल सके और लोगों के बीच उनकी नकारात्मक छवि बने । 
चेयरमैन के रूप में काम न करने देने के जरिये राज चावला को लोगों से दूर करने की यह रणनीति - कुछेक लोगों को लगता है कि - बूमरेंग भी कर सकती है । ऐसे लोगों का कहना है कि अभी ही राज चावला को जिस तरह की हमदर्दी मिल रही है उससे लग रहा है कि उन्हें चेयरमैन के रूप में काम न करने देने से लोगों के बीच उनका समर्थन वास्तव में बढ़ा ही है । लोगों का कहना है कि चेयरमैन पद पर राज चावला के चयन को जिस तरह से सेंट्रल काउंसिल व रीजनल काउंसिल के कुछेक सदस्य पचा नहीं पा रहे हैं और शुरू से ही तरह तरह की बहानेबाजियों के जरिए उनकी राह में रोड़े डालने का काम कर रहे हैं, उससे आम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच उनके लिए सहानुभूति बनी है और लोग महसूस कर रहे हैं तथा कह रहे हैं कि राज चावला के साथ बहुत नाइंसाफी हो रही है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि विजय गुप्ता रीजनल काउंसिल के चेयरमैन का पद अपने चेले दीपक गर्ग को दिलवाना चाहते थे, किंतु जिसमें वह बुरी तरह विफल रहे थे । विजय गुप्ता के लिए उस हार से भी बड़ा झटका लेकिन यह है कि चरनजोत सिंह नंदा और संजीव चौधरी के जरिए वह लोगों के बीच राज चावला की नकारात्मक पहचान बनाना चाहते हैं, लेकिन हो उलटा रहा है । यानि, पिछले कुछ समय से विजय गुप्ता का हर दाँव उलटा ही पड़ रहा है ।  

Saturday, May 2, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के नतीजे को मनमाफिक न पाकर उसे मनमाने तरीके से निरस्त करने के मामले से संबंधित शिकायत को रफादफा करवाने की कार्रवाई के प्रति पीटी प्रभाकर की नाराजगी की खबर ने मामले को रोटरी नेताओं की दिलचस्पी के केंद्र में ला दिया है

नई दिल्ली/चंडीगढ़ । इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर ने डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजेंद्र उर्फ़ राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर के खिलाफ मिली शिकायत को तत्परता से अनसुना कर देने की जतिंदर सिंह की 'कार्रवाई' पर नाराजगी जता कर तथा सवाल उठा कर मामले को दिलचस्प तो बना ही दिया है, साथ ही राजा साबू और उनके चहेतों के लिए समस्या भी खड़ी कर दी है । उल्लेखनीय है कि रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस में क्लब व डिस्ट्रिक्ट सपोर्ट मैनेजर जतिंदर सिंह को राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए हुए चुनाव को अमान्य घोषित करने के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के फैसले में बरती गई अनियमितता के बारे में शिकायत मिली, जिसका तुरंत जवाब देते हुए जतिंदर सिंह ने शिकायतकर्ता को लिखा कि यह डिस्ट्रिक्ट के चुनाव से जुड़ा मामला है, इसमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ही जवाब देगा, इसलिए उससे ही संपर्क करो । जतिंदर सिंह द्वारा दिए गए इस जवाब ने तथा जवाब देने में दिखाई गई फुर्ती ने सभी को हैरान किया । जिसने भी इस मामले को जाना उसने यही सवाल उठाया कि शिकायत ही जब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रवैये पर है, तो शिकायतकर्ता को न्याय पाने के लिए उसी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर से संपर्क करने का जतिंदर सिंह का सुझावपूर्ण आदेश देने का मतलब भला क्या है ? जिन कुछेक लोगों ने इस बारे में जतिंदर सिंह से बात की, उन्हें जतिंदर सिंह ने यह कह कर टरकाया कि इस मामले में राजा साबू का सीधा इन्वॉल्वमेंट है, मैं भी समझ रहा हूँ कि जो हुआ है वह गलत हुआ है, लेकिन इस मामले को एंटरटेन करने का मतलब अपनी नौकरी को खतरे में डालना होता, राजा साबू तो मेरी नौकरी ही खा जायेंगे - इसलिए मैंने इस मामले से जल्दी से जल्दी पिंड छुटाने में ही अपनी भलाई देखी है ।
जतिंदर सिंह ने राजा साबू के कोप से अपनी नौकरी बचाने के चक्कर में उक्त मामले से पिंड छुटाने की जो कोशिश की है, उसके कारण वह लेकिन एक दूसरी मुसीबत में घिर गए दिख रहे हैं । दरअसल इस मामले की खबर जब इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर को मिली, तो उन्होंने जतिंदर सिंह के रवैये के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की । उनकी नाराजगी का कारण यह रहा कि जतिंदर सिंह ने मामले को उनके संज्ञान में लाए बिना तथा उनसे विचार-विमर्श किए बिना 'फैसला' क्यों कर लिया । उनका कहना है कि जतिंदर सिंह मैनेजर हैं, इस तरह के मामलों में फैसला करने का उन्हें कोई अधिकार ही नहीं है । उल्लेखनीय है कि इस तरह के मामलों में होता यह है कि जतिंदर सिंह मौजूद इंटरनेशनल डायरेक्टर के सामने मामले को रखते हैं और मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर का जो फैसला होता है, उससे शिकायतकर्ता को अवगत कराते हैं । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के संबंध में जतिंदर सिंह को जो शिकायत मिली, उसे उन्हें मौजूदा इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर के सामने लाना चाहिए था और उनका फैसला 'लेना'/बताना चाहिए था ।जतिंदर सिंह ने ऐसा नहीं किया, उससे पीटी प्रभाकर ने अपने आप को अपमानित महसूस किया है । रोटरी में ही क्या, हमारे समाज में ही प्रथा है कि हम उगते सूरज को ही जल चढ़ाते हैं, डूबते सूरज के सामने तो तफ़रीह वाले मूड में आ जाते हैं । इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में पीटी प्रभाकर डूबते सूरज की तरह ही हैं; इंटरनेशनल डायरेक्टर के पद पर वह मुश्किल से दो माह और हैं - इसलिए रोटरी में उनकी शान और उनका रुतबा घटता हुआ दिखने लगा है; लेकिन लगता है कि जतिंदर सिंह कुछ ज्यादा ही तफ़रीह वाले मूड में आ गए । वह यह भूल गए कि पीटी प्रभाकर अभी इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं और अभी कुछ दिन और रहेंगे । 
जतिंदर सिंह की मनमानी से पैदा हुई पीटी प्रभाकर की नाराजगी दो कारणों से महत्वपूर्ण है : पहला कारण तो यह कि पीटी प्रभाकर भले ही करीब दो माह बाद इंटरनेशनल डायरेक्टर नहीं रहेंगे; लेकिन अगले रोटरी वर्ष में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के साथ नजदीकी के चलते उनकी भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण होगी और उन्हें हलके में नहीं लिया जा सकेगा; दूसरा कारण उनका खुन्नसी स्वभाव है - उन्हें जानने वाले बताते हैं कि वह जिस मामले में हाथ डाल देते हैं फिर उस मामले में आरपार करने की हद तक चले जाते हैं । 
दरअसल इन्हीं कारणों से राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के मामले को उनके संज्ञान में लाए बिना निपटा देने के जतिंदर सिंह के तरीके पर पैदा हुई उनकी नाराजगी के संकेतों को समझने की कोशिश की जा रही है । रोटरी के कई बड़े नेताओं को लगता है कि जतिंदर सिंह ने उक्त मामले में जो फुर्ती दिखाई, उससे पीटी प्रभाकर को राजा साबू को 'लपेटने' का मौका छिनता हुआ दिखा है, इसलिए वह नाराज हुए हैं । पीटी प्रभाकर को इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में कई बार राजा साबू के कारण अपमानित होना पड़ा है; अपने अपमान का बदला लेने के लिए राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर के खिलाफ हुई शिकायत को पीटी प्रभाकर एक टूल की तरह इस्तेमाल करना चाहते थे - लेकिन जो जतिंदर सिंह की 'फुर्ती' के कारण उनसे छिन गया । पीटी प्रभाकर को कुछेक लोग यह भी समझा रहे हैं कि हो सकता है कि उनके 'डर' से राजा साबू ने ही जतिंदर सिंह से फुर्ती से फैसला लिखवा लिया हो । दरअसल इन्हीं संभावनाओं के चलते पीटी प्रभाकर की नाराजगी की खबर ने राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को अमान्य घोषित करने के षड्यंत्रपूर्ण व मनमाने फैसले को रोटरी नेताओं की दिलचस्पी के केंद्र में ला दिया है । 
हालाँकि रोटरी में कोई भी यह नहीं मानेगा कि चाहें पीटी प्रभाकर हों, या राजा साबू के हाथों प्रताड़ित व अपमानित हुआ कोई और पदाधिकारी/नेता - वह राजा साबू के खिलाफ खुलेआम कुछ कहेगा या करेगा । रोटरी में राजा साबू का जैसा जो जलवा है, उसे देखते हुए किसी को भी इस बात की जरा सी भी उम्मीद नहीं है । किंतु किसी भी दूसरी राजनीति की तरह रोटरी की राजनीति में भी बातें/चीजें 'ब्लैक' एण्ड 'व्हाइट' में ही नहीं होती हैं, बहुत कुछ पर्दे के पीछे होता है । यहाँ दोस्तों को दोस्तों के साथ दगा करते हुए और विरोधियों को गले मिलते हुए गहरे आश्चर्य के साथ खूब देखा जा सकता है । 
इसी तर्ज पर जैसे यह बात सच है कि राजा साबू के खिलाफ कोई भी कुछ नहीं कहेगा/करेगा; वैसे ही यह बात भी सच है कि कई लोग हैं जो राजा साबू के फूले हुए गुब्बारे की हवा निकालने के लिए मौके की तलाश में हैं । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के नतीजे को मनमाफिक न पाकर उसे निरस्त करने के मामले को एक ऐसे ही मौके के रूप में देखा जा रहा है । रोटरी के कई बड़े नेताओं को लग रहा है कि इस मामले के जरिए वह रोटरी में बनी हुई राजा साबू की सारी क्रीज खराब कर सकेंगे । रोटरी में राजा साबू ने इस बात का उदाहरण देकर अपना एक नैतिकतावादी आभामंडल (ऑरा) बनाया हुआ है कि उनके डिस्ट्रिक्ट में बड़े नियम-कायदे से काम होते हैं, किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होती है, और किसी को कोई शिकायत नहीं होती है । सच बात यह है कि उनके डिस्ट्रिक्ट में कोई कभी शिकायत करने का साहस नहीं करता है । इस बार लेकिन असलियत सामने आ गई है - और शिकायत का साहस भी दिख गया है । रोटरी इंटरनेशनल के साऊथ एशिया ऑफिस तक राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में होने वाली बेईमानियों और मनमानियों की शिकायत यदि आ पहुँची है, तो यह रोटरी में राजा साबू की बनी क्रीज को थोड़ा-बहुत बिगाड़ने का काम तो करती है । इस शिकायत को निष्प्रभावी बना कर और जतिंदर सिंह से शिकायतकर्ताओं का मनोबल तोड़ने वाला जवाब दिलवा कर राजा साबू ने अपनी क्रीज को बचाने की व्यवस्था तो अच्छी की थी, किंतु इस व्यवस्था पर इंटरनेशनल डायरेक्टर पीटी प्रभाकर की नाराजगी की खबर ने मामले को फिर से जिंदा कर दिया है और दिलचस्प बना दिया है ।
पीटी प्रभाकर की नाराजगी से यह संकेत तो मिलता ही है कि वह राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में हुई मनमानी को लेकर डिस्ट्रिक्ट में पैदा हुए असंतोष के जरिए राजा साबू की फजीहत होते 'देखना' तो चाहते हैं । अपनी इस चाहत को पूरा करने के लिए वह आगे क्या 'प्रयास' करते हैं - यह देखने की बात होगी ।

Sunday, April 26, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में नोएडा क्षेत्र के क्लब्स ने प्रवीन निगम की उम्मीदवारी के प्रति समर्थन व्यक्त करके अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों के चुनावी-प्रबंधन को गड़बड़ाने के साथ-साथ उनके सामने मुश्किलें खड़ी करने का काम तो किया ही है; चुनाव को खासा दिलचस्प भी बना दिया है

नोएडा । प्रवीन निगम की उम्मीदवारी को नोएडा के क्लब्स के पदाधिकारियों व प्रमुख सदस्यों की उपस्थिति में जिस जोश के साथ प्रस्तुत किया गया और उनकी उम्मीदवारी को कामयाब बनाने के लिए काम करने की योजना पर जिस दिलचस्पी के साथ विचार-विमर्श किया गया, उसने अगले रोटरी वर्ष में होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के समीकरणों को बुरी तरह उलट-पलट दिया है । पिछले दिनों सुभाष जैन की अचानक प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी से जो अशोक गर्ग अभी कल तक बहुत खुश दिख रहे थे, वही अशोक गर्ग अब प्रवीन निगम की उम्मीदवारी के जोरशोर से प्रस्तुत होने की खबर सुनकर सकते में आ गए हैं । प्रवीन निगम की उम्मीदवारी की चर्चा यूँ तो काफी दिनों से थी; लेकिन चूँकि उनकी कोई सक्रियता नहीं देखी जा रही थी, इसलिए प्रवीन निगम की उम्मीदवारी को लेकर संदेह बना हुआ था और कोई भी उनकी उम्मीदवारी को गंभीरता से नहीं लेता दिख रहा था । पिछले कुछ दिनों में प्रवीन निगम किंतु जब लोगों के बीच सक्रिय होते हुए दिखना शुरू हुए, तो उनकी उम्मीदवारी की ठंडी पड़ती चर्चा एक बार फिर गर्म होने लगी, जिसका पारा नोएडा के क्लब्स की संयुक्त मीटिंग ने खासा ऊपर चढ़ा दिया । इस ऊपर चढ़े पारे ने दूसरे उम्मीदवारों, खासकर अशोक गर्ग की स्थिति को पिघलाने का खतरा पैदा कर दिया है । 
किसी भी चुनाव में प्रत्येक उम्मीदवार दूसरे उम्मीदवारों की स्थिति में डेंट करने की संभावना तो पैदा करता ही है, इसलिए सुभाष जैन की उम्मीदवारी ने यदि प्रसून चौधरी के लिए तथा प्रवीन निगम की उम्मीदवारी की सक्रियता ने अशोक गर्ग के लिए मुसीबत खड़ी की है, तो यह चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक सीन है । अशोक गर्ग के लिए मुसीबत की बात यह हुई कि सुभाष जैन की उम्मीदवारी के कारण प्रसून चौधरी की स्थिति पर पड़ सकने वाले प्रतिकूल प्रभाव का आकलन करते हुए वह अपने पक्ष में समीकरणों का जुगाड़ बैठाते, उससे पहले ही प्रवीन निगम ने उनकी उम्मीदों की जड़ों में मट्ठा डाल दिया । दरअसल अशोक गर्ग के कई समर्थकों में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स हैं, जिनके अब प्रवीन निगम के साथ जुड़ने की संभावना है । प्रवीन निगम चार्टर्ड एकाउंटेंट्स प्रोफेशन में एक बड़ा नाम है, जिन्होंने प्रोफेशन के एकेडमिक पक्ष के साथ-साथ प्रोफेशन के प्रशासनिक व राजनीतिक पक्ष में भी अपनी प्रभावी पैठ बनाई हुई है । इस नाते अधिकतर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स प्रवीन निगम के संपर्क में या तो हैं, और या उनके संपर्क में रहना/होना चाहते हैं । रोटरी की राजनीति में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स कोई अलग समूह तो नहीं बनाते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रूप से वह महत्वपूर्ण भूमिका जरूर ही निभाते हैं । चार्टर्ड एकाउंटेंट होने के नाते अशोक गर्ग को व्यक्तिगत हैसियत में कई एक चार्टर्ड एकाउंटेंट्स का सहयोग व समर्थन मिल रहा था - या मिलने का विश्वास था । प्रवीन निगम की उम्मीदवारी के कारण उनका सहयोग व समर्थन लेकिन अब अशोक गर्ग से छिन जाने का खतरा पैदा हो गया है । 
अशोक गर्ग के सामने एक और समस्या आन पड़ी है । अशोक गर्ग अभी जिन मुकेश अरनेजा के समर्थन का दावा करते हैं, और इस दावे के भरोसे अपनी उम्मीदवारी को परवान चढ़ते देख/मान रहे हैं - उन मुकेश अरनेजा के प्रवीन निगम के क्लब के प्रमुख सदस्य प्रशांत माथुर के साथ अच्छे संबंध बताये/सुने जाते हैं । ऐसे में अशोक गर्ग के लिए मुकेश अरनेजा के समर्थन को अपने साथ बनाये रखने की चुनौती पैदा हो गई है । अशोक गर्ग के लिए डर यह पैदा हुआ है कि प्रशांत माथुर यदि मुकेश अरनेजा का समर्थन प्रवीन निगम के लिए ले उड़े, तो उनका क्या होगा ?
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के जो उम्मीदवार नोएडा में अपने अपने लिए समर्थन खोज/बना रहे थे, उन्हें प्रवीन निगम की सक्रियता से और नोएडा के लोगों के उनके समर्थन में खड़ा होने से झटका लगा है । दूसरे उम्मीदवारों का हालाँकि कहना तो है कि नोएडा क्षेत्र के क्लब्स के लोगों ने अभी भले ही प्रवीन निगम की उम्मीदवारी के प्रति विश्वास और समर्थन दिखाया हो, लेकिन जैसे जैसे अभियान आगे बढ़ेगा वैसे वैसे समर्थन की वास्तविकता सामने आयेगी और ऐसा नहीं होगा कि नोएडा क्षेत्र के सारे वोट प्रवीन निगम ही ले जायेंगे । दूसरे उम्मीदवारों का ऐसा सोचना और कहना हालाँकि कोई गलत नहीं है, किंतु एक तथ्य अवश्य ही ध्यान में रखने योग्य है और वह यह कि नोएडा क्षेत्र के क्लब्स का रोटरी के काम करने के मामले में अच्छा ट्रेक रिकॉर्ड है; और रोटरी के काम करने के इस रिकॉर्ड के चलते उनके बीच अच्छी बॉन्डिंग है । प्रवीन निगम और उनके क्लब ने जो कई प्रोजेक्ट्स किये हैं, तथा कई एक प्रोजेक्ट्स में जो सहभागिता की है - उसके कारण नोएडा के दूसरे क्लब्स के लोगों के साथ उनके गहरे संबंध बने हैं । प्रवीन निगम और उनके समर्थकों ने यदि व्यावहारिक तरीका अपनाया तो नोएडा की रोटरी में लोगों के साथ उनकी जो बॉन्डिंग बनी हुई है, वह चुनावी राजनीति में उनके काम अच्छे से आ सकती है ।
प्रवीन निगम की सक्रियता ने तथा नोएडा में जाहिर हुए उनकी उम्मीदवारी के समर्थन ने अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों के चुनावी-प्रबंधन को गड़बड़ाने के साथ-साथ उनके सामने मुश्किलें खड़ी करने का काम तो किया ही है; चुनाव को खासा दिलचस्प भी बना दिया है ।

Saturday, April 25, 2015

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में लायनिज्म से जुड़े अपने बिजनेस को बचाने तथा खर्चों के मामले में राजीव मित्तल द्वारा दिखाई गई 'होशियारी' का बदला लेने के लिए तेजपाल सिंह खिल्लन ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए राजीव मित्तल की कोशिशों को तगड़ा झटका दिया

    
नई दिल्ली । डिस्ट्रिक्ट 321 ए वन के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजीव मित्तल को अपने ही 'लायन-फादर' तेजपाल सिंह खिल्लन के साथ होशियारी दिखाना भारी पड़ गया है; और इसके चलते मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने का उनका सपना टूटता सा दिखने लगा है । मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए प्रस्तुत की जाने वाली राजीव मित्तल की उम्मीदवारी में उनके अपने फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेसी वर्मा ने प्रस्तावक बनने से इंकार करके राजीव मित्तल को तगड़ा झटका दिया है । यह तगड़ा झटका जेसी वर्मा के उस उद्घाटन से और तगड़ा हो गया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि प्रस्तावक के रूप में उनके हस्ताक्षर तेजपाल सिंह खिल्लन ने एक ब्लैंक फार्म पर उनसे करवा लिए हैं । तेजपाल सिंह खिल्लन ने यह 'काम' चूँकि राजीव मित्तल को अँधेरे में रख कर किया है, इसलिए जाहिर यही है कि तेजपाल सिंह खिल्लन ने जेसी वर्मा को किसी और के लिए प्रस्तावक बनाने का विचार किया हुआ हो; और या प्रस्तावक के रूप में जेसी वर्मा की भूमिका को ही खत्म कर देने का हथकंडा अपनाया हो । दोनों में से चाहे कोई सी भी बात सच हो, राजीव मित्तल के लिए तो प्रस्तावक जुटाने की समस्या पैदा हो गई है । राजीव मित्तल के लिए अपने ही डिस्ट्रिक्ट में प्रस्तावक मिलने का रास्ता बंद हुआ, तो उन्होंने दूसरे डिस्ट्रिक्ट के अपने समर्थकों से प्रस्तावक बनने का जुगाड़ बैठाना शुरू किया । किंतु अभी तक कोई उनका प्रस्तावक बनने को राजी नहीं हुआ है । उनके जो समर्थक हैं, उनका उनसे साफ कहना है कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के चुनाव में वह उनका समर्थन तो करेंगे, लेकिन उनकी उम्मीदवारी के प्रस्तावक नहीं बनेंगे । 
प्रस्तावक न मिलने के कारण स्वाभाविक रूप से मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए राजीव मित्तल का दावा कमजोर पड़ता दिख रहा है । राजीव मित्तल ने हालाँकि अपने समर्थकों व शुभचिंतकों को आश्वस्त किया है कि तेजपाल सिंह खिल्लन अभी भले ही उनसे नाराज हों; लेकिन उन्हें तेजपाल सिंह खिल्लन की 'कमजोरियों' का पता है और उन्हें मालूम है कि तेजपाल सिंह खिल्लन को कैसे मनाया जा सकता है - इसलिए वह जल्दी ही उन्हें मना लेंगे, और जेसी वर्मा द्वारा हस्ताक्षरित फार्म पर उनका नाम चढ़ जायेगा । अपने समर्थकों व शुभचिंतकों को दिया जा रहा राजीव मित्तल का यह आश्वासन कब पूरा होगा; पूरा होगा भी या नहीं - यह तो आगे पता चलेगा; लेकिन अभी सभी को यह सवाल जरूर हैरान कर रहा है कि तेजपाल सिंह खिल्लन आखिरकार राजीव मित्तल से नाराज क्यों हो गए हैं ? 
इस बारे में डिस्ट्रिक्ट व मल्टीपल के लोगों के बीच कई तरह की बातें चर्चा में हैं । कुछेक लोगों का कहना है कि राजीव मित्तल ने अवार्ड देने में तथा खर्चे करने में मनमानियाँ की हैं और कई मौकों पर उन्होंने तेजपाल सिंह खिल्लन की भी नहीं सुनी/मानी है, इसलिए तेजपाल सिंह खिल्लन उनसे बुरी तरह नाराज हो गए हैं । डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार बीएम शर्मा से अनाप-शनाप खर्चे करवाने के मामले में राजीव मित्तल पहले से ही कुछेक लोगों के निशाने पर हैं । चर्चा है कि तेजपाल सिंह खिल्लन कुछेक खर्चे राजीव मित्तल से करवाना चाहते थे, राजीव मित्तल ने होशियारी दिखाते हुए वह खर्चे बीएम शर्मा के सिर मढ़ दिए । राजीव मित्तल की इसी होशियारी को देखकर तेजपाल सिंह खिल्लन उनसे नाराज हो गए हैं । तेजपाल सिंह खिल्लन इस बात पर भी ख़फ़ा हैं कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद की उम्मीदवारी से जुड़े खर्चों को लेकर राजीव मित्तल बातें तो बड़ी ऊँची-ऊँची करते रहे हैं, लेकिन जब सचमुच खर्चा करने को कहे तो वह दाएँ-बाएँ देखने लगते हैं । इसीलिए तेजपाल सिंह खिल्लन ने उनकी उम्मीदवारी से हाथ खींच लिए हैं । 
मल्टीपल के नेताओं को यह भी लगता है कि तेजपाल सिंह खिल्लन मल्टीपल की राजनीति में नरेश अग्रवाल की गुडबुक में रहना चाहते हैं, और इसके लिए वही कुछ करना चाहते हैं जो नरेश अग्रवाल को पसंद हो । पिछले वर्षों में अपनी अलग राजनीति करने के चक्कर में नरेश अग्रवाल से हुए झंझट के कारण तेजपाल सिंह खिल्लन को लायनिज्म से होने वाले अपने बिजनेस में काफी नुकसान उठाना पड़ा था । उन्हें डर है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के रूप में नरेश अग्रवाल कहीं लायनिज्म से जुड़े उनके बिजनेस को पूरी तरह ही न ले डूबें; इसलिए तेजपाल सिंह खिल्लन ने नरेश अग्रवाल के सामने पूरी तरह से समर्पण करने की तैयारी की हुई है । मल्टीपल काउंसिल की चुनावी राजनीति में नरेश अग्रवाल की 'इच्छा' को पूरा करना तेजपाल सिंह खिल्लन के समर्पणकारी रवैये का एक उदाहरण भर है । मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के चुनाव में नरेश अग्रवाल ने चूँकि अभी तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है, इसलिए तेजपाल सिंह खिल्लन ने भी राजीव मित्तल की उम्मीदवारी से हाथ खींच लिया हुआ है ।
तेजपाल सिंह खिल्लन ने मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के चुनाव के संदर्भ में राजीव मित्तल की संभावनाओं को जो झटका दिया है, उसने चेयरमैन पद की चुनावी राजनीति को दिलचस्प तो बना ही दिया है ।   

Friday, April 24, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080, यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी न बनने देने के षड्यंत्रपूर्ण खेल में अपनी भूमिका के चलते चौतरफा फजीहत का शिकार बने दिलीप पटनायक, राजा साबू के रवैये से निराश होकर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद छोड़ कर इज्जत बचाने की कोशिश में - हालाँकि दूसरों को यह सहानुभूति जुटाने का शिगूफा लग रहा है

देहरादून/चंडीगढ़ । राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए चुनावी प्रक्रिया दोबारा से शुरू करने के मामले में हो रही फजीहत से परेशान होकर दिलीप पटनायक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद से इस्तीफा देने तक की सोचने लगे हैं । दिलीप पटनायक के क्लब के ही लोगों ने बताया है कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए चुने गए अधिकृत उम्मीदवार टीके रूबी को षड्यंत्रपूर्वक हटाने के खेल में डिस्ट्रिक्ट के कुछेक पूर्व गवर्नर्स ने जिस तरह दिलीप पटनायक को मोहरा बना कर इस्तेमाल किया है, उससे दिलीप पटनायक खासे दुखी और परेशान हैं । इस पूरे खेल में, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उनकी भूमिका पर डिस्ट्रिक्ट में और डिस्ट्रिक्ट के बाहर भी जिस तरह से सवाल उठे हैं, उसके कारण उनके लिए खासी अपमानजनक व जलालतपूर्ण स्थिति बनी है । दिलीप पटनायक के नजदीेकियों का कहना है कि इस स्थिति ने दिलीप पटनायक को बहुत ही व्यथित किया है, और उनके लिए लोगों का तथा उनके सवालों का सामना करना मुश्किल हो रहा है । उनकी व्यथा को 22 अप्रैल को 'रेस्पेक्टेड आरआई ऑफीसर्स' को संबोधित तथा डिस्ट्रिक्ट के पूर्व गवर्नर्स को प्रेषित ईमेल चिट्ठी में महसूस किया जा सकता है, जिसमें उन्होंने क्लब्स के अध्यक्षों द्धारा माँगे जा रहे स्पष्टीकरणों के प्रति अपना क्षोभ व्यक्त किया है; और उक्त मामले में अब आगे किसी को भी उक्त मामले में जबाव देना बंद करने का अपना फैसला उन्हें सुना दिया है ।
22 अप्रैल के इसी ईमेल पत्र के हवाले से दिलीप पटनायक के नजदीकियों का कहना है कि दिलीप पटनायक ने यह पत्र लिखने का काम जिन लोगों को विश्वास में लेकर किया है, उनसे उन्होंने साफ साफ यह भी बता दिया है कि उनके लिए हालात यदि ठीक नहीं हुए तो वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद छोड़ देंगे । दरअसल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए चुने गए अधिकृत उम्मीदवार टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी बनने से रोकने के लिए राजा साबू के 'दिशा-निर्देशन' में कुछेक पूर्व गवर्नर्स द्धारा रचे गए षड्यंत्र में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक का जैसा/जो इस्तेमाल किया गया, उससे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में दिलीप पटनायक की पहचान और प्रतिष्ठा जैसे तार-तार कर दी गई है । उल्लेखनीय है कि 16 मार्च को उन्होंने क्लब प्रेसीडेंट्स को चेलैंज व कॉन्करेंस के संबंध में जो पत्र लिखा था, उसमें इस बात का कोई जिक्र तक नहीं था कि जो चुनावी प्रक्रिया चल रही है - उसकी वैधता को लेकर कोई शिकायत की गई है और कोई कमेटी उसकी पड़ताल कर रही है । लोग अब सवाल कर रहे हैं कि 16 मार्च को दिलीप पटनायक को यदि इस बात का पता था, तो उन्होंने इस बात को क्लब प्रेसीडेंट्स के साथ शेयर क्यों नहीं किया; और यदि इस बात का उन्हें सचमुच नहीं पता था तो फिर उस तथाकथित कमेटी के फैसले को मानने के लिए वह क्यों मजबूर हुए ?
दिलीप पटनायक के पास इस सवाल का कोई जबाव नहीं है; और अनुत्तरित रह जा रहे इस सवाल ने दिलीप पटनायक को एक कठपुतली गवर्नर बना दिया है ।
यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि जिस 16 मार्च को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक क्लब प्रेसीडेंट्स को चेलैंज की बात बता कर कॉन्करेंस का शिड्यूल बता रहे थे, उसी 16 मार्च को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रेम भल्ला ने टीके रूबी को पत्र लिखा जिसमें चेलैंज को डिस्ट्रिक्ट ग्रीवन्स कमेटी में भेजने की जानकारी दी गई थी । प्रेम भल्ला के तीन लाइनों के इस पत्र का मजमून षड्यंत्र का पूरा पूरा सुबूत देता है । प्रेम भल्ला ने टीके रूबी को लिखा कि आप जानते ही होंगे कि नोमीनेटिंग कमेटी का फैसला चेलैंज हो गया है और इस चेलैंज को डिस्ट्रिक्ट ग्रीवन्स कमेटी को भेज दिया गया है । यह पढ़ कर टीके रूबी को कैसा/क्या लगा होगा, यह तो टीके रूबी ही बता सकते हैं - लेकिन रोटरी की दुनिया में अब वायरल हो चुके इस पत्र को जिसने भी पढ़ा है, वह इस बात को लेकर हैरान है कि नोमीनेटिंग कमेटी के फैसले का चेलैंज डिस्ट्रिक्ट ग्रीवन्स कमेटी में क्यों भेज दिया गया ? नोमीनेटिंग कमेटी के फैसले का चेलैंज तो कॉन्करेंस के लिए जाता है - डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक ने क्लब प्रेसीडेंट्स को लिखे पत्र में रोटरी इंटरनेशनल के इसी नियम और प्रथा का पालन किया भी । फिर प्रेम भल्ला उसी तारीख को चेलैंज को ग्रीवन्स कमेटी में भेजने की बात क्यों कह रहे थे ? जाहिर है कि प्रेम भल्ला जो 'कुछ' बता रहे थे, उससे ज्यादा दरअसल छिपा रहे थे । कुछ बताने और कुछ छिपाने; तथा बताने से ज्यादा छिपाने की उनकी जो होशियारी इस पत्र में नजर आ रही है, वह पर्दे के पीछे चल रहे खेल की पोल खोलती है ।
इस सारे प्रकरण में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक की भूमिका को लेकर लोगों की राय परस्पर बँटी हुई है । कुछेक लोगों को लगता है कि टीके रूबी को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी न बनने देने के षड्यंत्रपूर्ण खेल में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक की पूरी पूरी भूमिका थी, लेकिन वह इस खेल में चूँकि शामिल दिखना नहीं चाहते हैं इसलिए उन्होंने अपने आप को इस खेल को क्रियान्वित करने की कार्रवाइयों से अपने आप को जानबूझकर दूर रखा; लेकिन कई अन्य लोगों को लगता है कि इस खेल के खिलाड़ियों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक को पूरी तरह अँधेरे में रखा और जब/जैसे/जहाँ उनकी जरूरत हुई, वहाँ उन्हें इस्तेमाल किया । इस खेल को चूँकि पूर्व इंटरनेशनल प्रेसीडेंट राजा साबू का आशीर्वाद रहा, इसलिए दिलीप पटनायक इस्तेमाल होने के लिए मजबूर हुए । दिलीप पटनायक के लिए मुसीबत की बात यह हुई कि 'खेल' संपन्न होने के बाद लोगों के बीच जब रिएक्शन हुआ और सवाल पूछे जाने लगे तब खेल के 'असली खिलाड़ी' तो बच गए और दिलीप पटनायक फँस गए । हालाँकि यह स्वाभाविक ही था कि इस खेल में जो 'छेद' दिखाई पड़ रहे हैं, उनके बारे में सवाल डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप पटनायक से ही होंगे । खेल के 'असली खिलाड़ियों' ने जबाव देने के लिए दिलीप पटनायक को जिस तरह लोगों के सामने अकेला छोड़ दिया, उससे दिलीप पटनायक की और फजीहत हुई ।
दिलीप पटनायक को राजा साबू के रवैये से और परेशानी हुई । दिलीप पटनायक के नजदीकियों का कहना है कि दिलीप पटनायक को उम्मीद थी कि उनको मुसीबत में फँसा देख कर राजा साबू तो अवश्य ही उनकी मदद के लिए आगे आयेंगे, लेकिन राजा साबू ने भी उनकी कोई सुध नहीं ली है । दिलीप पटनायक ने अपने नजदीकियों से कहा है कि वह राजा साबू के कारण ही इस खेल में शामिल हुए, किंतु राजा साबू ने भी उनको मुसीबत से और लोगों के सवालों से बचाने की कोई कोशिश नहीं की । इसीलिए दिलीप पटनायक अब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद छोड़ देना चाहते हैं । डिस्ट्रिक्ट में और डिस्ट्रिक्ट के बाहर भी जिन लोगों के बीच दिलीप पटनायक की अच्छी पहचान है, और उनके प्रति सम्मान का भाव है - उनका भी कहना है कि जो कुछ भी हुआ है उससे दिलीप पटनायक की प्रतिष्ठा और पहचान को बहुत ही गहरी ठेस लगी है और ऐसे में दिलीप पटनायक डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद छोड़ कर ही अपनी प्रतिष्ठा और पहचान को बचा सकते हैं । दिलीप पटनायक के कई कलीग गवर्नर्स का कहना है कि अपने विचार व व्यवहार के चलते दिलीप पटनायक ने उनके बीच अपनी एक खास जगह बना ली थी, लेकिन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में उन्होंने जो हरकत की, उससे उन्होंने अपने आप को उस खास जगह से गिरा लिया है ।
दिलीप पटनायक को जिस तरह अपने डिस्ट्रिक्ट में, अपने कलीग गवर्नर्स के बीच और रोटरी के बड़े पदाधिकारियों व बड़े नेताओं के बीच फजीहत का सामना करना पड़ रहा है - उससे बचने के लिए उन्हें यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद छोड़ने का विकल्प ही सूझ रहा है, तो यह बहुत स्वाभाविक ही है । हालाँकि यह कहने वाले लोगों की भी कमी नहीं है कि इस्तीफे का शिगूफा दिलीप पटनायक ने सहानुभूति प्राप्त करने के लिए छेड़ा है - वास्तव में वह कोई इस्तीफा-विस्तीफा नहीं दे रहे हैं, क्योंकि जो खेल हुआ है उसमें उनकी पूरी मिलीभगत रही है ।

Tuesday, April 21, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए सुभाष जैन को अपने लिए स्थितियाँ अनुकूल तो खूब दिख रही हैं, लेकिन क्लब में योगेश गर्ग ने भी अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके उनके लिए बड़ी समस्या और चुनौती पैदा कर दी है

गाजियाबाद । सुभाष जैन ने अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की बात करके लोगों को हैरान कर दिया है । लोगों के लिए हैरान होने का कारण यह रहा कि अभी चार दिन पहले ही तो उन्होंने सुभाष जैन को यह कहते हुए सुना था कि अगले तीन-चार वर्ष तो वह बहुत ही व्यस्त होने के कारण अपनी उम्मीदवारी के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं; लेकिन अब वही सुभाष जैन खुद ही अपनी उम्मीदवारी की बात कह रहे हैं । किसी के लिए भी यह समझना मुश्किल हो रहा है कि चार दिन में आखिर ऐसा क्या हो गया है कि सुभाष जैन की सारी व्यस्तता छूमंतर हो गई और वह उम्मीदवार बनने के लिए तैयार हो गए हैं ? लोगों के बीच यह सवाल भी चर्चा में है कि चार दिन पहले अपनी व्यस्तता की जो बात उन्होंने कही थी, वह यदि झूठ थी - तो क्या जरूरी है कि अब जो वह अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की बात कर रहे हैं, वह झूठ नहीं होगी ? दरअसल सुभाष जैन के इसी विरोधाभासी व्यवहार के कारण अभी कोई भी उनकी उम्मीदवारी की बात को गंभीरता से नहीं लेता दिख रहा है ।
सुभाष जैन की उम्मीदवारी की बात को कोई इसलिए भी गंभीरता से नहीं ले रहा है, क्योंकि उनके अपने क्लब - रोटरी क्लब गाजियाबाद सेंट्रल में उनकी उम्मीदवारी को लेकर झमेला पैदा हो गया है । सुभाष जैन ने अपनी उम्मीदवारी की बात बताते हुए लोगों से इस बात का दावा किया कि उन्हें अपने क्लब में अपनी उम्मीदवारी के लिए हरी झंडी मिल गई है; और जब कुछेक लोगों ने क्लब के वरिष्ठ सदस्य योगेश गर्ग की उम्मीदवारी के बारे में उनसे पूछा तो उन्होंने जबाव दिया कि योगेश गर्ग ने भी उनकी उम्मीदवारी के प्रति समर्थन व्यक्त कर दिया है । सुभाष जैन ने लोगों के बीच भले ही यह दावे कर दिए, लेकिन उनके यह दावे जल्दी ही झूठे साबित हो गए । क्लब के पदाधिकारियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि क्लब में औपचारिक तौर पर अभी सुभाष जैन की उम्मीदवारी के बारे में कोई फैसला होना तो दूर की बात है, अभी कोई विचार-विमर्श भी नहीं हुआ है । क्लब के पदाधिकारियों का तो यहाँ तक कहना है कि जिस दिन उन्हें सुभाष जैन की तरफ से अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की इच्छा जताता हुआ ईमेल संदेश मिला, उसके अगले ही दिन उन्हें योगेश गर्ग की तरफ से भी अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने बाबत पत्र प्राप्त हुआ । अब यदि योगेश गर्ग भी अगले रोटरी वर्ष में अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने की बात कर रहे हैं, तो सुभाष जैन का यह कहना/बताना झूठ ही हुआ न कि उनके क्लब ने उनकी उम्मीदवारी को हरी झंडी दे दी है और योगेश गर्ग भी उनकी उम्मीदवारी को लेकर राजी हैं ।
इन तथ्यों ने सुभाष जैन की उम्मीदवारी को लोगों के बीच मजाक का विषय बना दिया है । जिन लोगों को सुभाष जैन के साथ हमदर्दी है और जो चाहते हैं कि सुभाष जैन को उम्मीदवार बनना चाहिए, उन्हें भी यह समझना मुश्किल हो रहा है कि सुभाष जैन ने अपनी उम्मीदवारी को इतने बचकाने तरीके से और झूठ का सहारा लेते हुए प्रस्तुत क्यों किया है ? उन्हें भी लगता है कि सुभाष जैन को अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में पहले अपने क्लब को भरोसे में लेना चाहिए था, और क्लब के झगड़ों/झंझटों को निपटाना चाहिए था - और फिर उसके बाद उन्हें दूसरे लोगों से अपनी उम्मीदवारी की बात करना चाहिए था । सुभाष जैन के शुभचिंतकों को भी लगता है कि अपने क्लब में अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाए बिना सुभाष जैन ने जिस तरह से अपनी उम्मीदवारी को प्रस्तुत किया है, उससे न सिर्फ उनकी उम्मीदवारी का हल्कापन जाहिर हुआ है, वह बल्कि मजाक का विषय भी बन गई है ।
दूसरों के बीच भले ही सुभाष जैन की उम्मीदवारी मजाक का विषय बन गई हो, लेकिन अपनी उम्मीदवारी को लेकर सुभाष जैन खुद बहुत आश्वस्त हैं । लोगों से बात करते हुए उन्होंने जो कुछ कहा है उसका सार यह है कि सुभाष जैन को लगता है कि प्रवीन निगम को कोई जानता नहीं है; दीपक गुप्ता को कोई पसंद नहीं करता; अशोक गर्ग के बस की चुनाव लड़ना नहीं है; प्रसून चौधरी के कट्टर समर्थक विकास चोपड़ा जब उनके समर्थन में आ जायेंगे तो प्रसून चौधरी के पास भी कुछ बचा नहीं रह जायेगा । दरअसल सुभाष जैन ने विकास चोपड़ा को कुछ बिजनेस दिया है, जिसके भरोसे वह मानते हैं कि वह उम्मीदवार बनेंगे तो विकास चोपड़ा, प्रसून चौधरी को छोड़ कर उनके समर्थन में आ जायेंगे । सुभाष जैन ने जेके गौड़ का समर्थन मिलने का भी दावा किया है । स्कूलों की जो एसोसिएशनबाजी होती है, उसमें जेके गौड़ चूँकि सुभाष जैन की हाँ में हाँ मिलाते रहते हैं, इसलिए सुभाष जैन को भरोसा है कि वह उम्मीदवार बनेंगे तो जेके गौड़ उनकी उम्मीदवारी का झंडा खुद-ब-खुद उठा लेंगे । इतनी अनुकूल स्थितियों के बीच, फिर मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल भी उनका समर्थन करने को मजबूर हो जायेंगे । इस तरह, सुभाष जैन को विश्वास है कि वह बड़े आराम से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुन लिए जायेंगे ।
सुभाष जैन का आराम से चुन लिए जाने के इस सपने का क्या होगा, यह तो बाद में पता चलेगा; सुभाष जैन के लिए अभी मुसीबत लेकिन यह पैदा हो गई है कि उनकी इन बातों के आधार पर उनका मजाक ज्यादा बन रहा है । क्लब में योगेश गर्ग ने भी अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके सुभाष जैन के लिए बड़ी चुनौती पैदा कर ही दी है । क्लब में सुभाष जैन के लिए जो समस्याएँ पैदा हुई हैं, उनके लिए खुद सुभाष जैन को ही जिम्मेदार माना/बताया जा रहा है । क्लब में सुभाष जैन के संगी-साथियों का ही कहना है कि सुभाष जैन ने अपने व्यवहार और अपने रवैये से लोगों को अपने खिलाफ कर लिया है; समस्या की बात यह है कि उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं है कि उनका तौर-तरीका उन्हें सच्चाई से अवगत ही नहीं होने दे रहा है और वह खामख्याली में ही अनुमान लगाये जा रहे हैं । यही कारण है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत उनकी उम्मीदवारी प्रस्तुत होते ही लोगों के बीच मजाक का विषय बन गई है ।