Monday, July 27, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में रवि दयाल के क्लब के अधिष्ठापन समारोह की सफलता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में विनय भाटिया के लिए समस्या और चुनौती बनी

नई दिल्ली । रवि दयाल के क्लब - रोटरी क्लब दिल्ली मेगापोलिस के नए पदाधिकारियों के अधिष्ठापन समारोह में डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख लोगों की जुटी भीड़ ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत रवि दयाल की उम्मीदवारी का 'वजन' बढ़ाने का काम तो किया ही है - साथ ही उनके संभावित प्रतिद्धंद्धी उम्मीदवार विनय भाटिया के लिए खासी मुसीबत भी खड़ी कर दी है । हुआ दरअसल यह कि रवि दयाल के क्लब के अधिष्ठापन समारोह का जलवा देख कर लोगों के बीच चर्चा छिड़ी कि विनय भाटिया के क्लब - रोटरी क्लब फरीदाबाद एनआईटी में अधिष्ठापन समारोह कब होगा । इस बारे में पक्की जानकारी तो किसी के पास नहीं थी, किंतु अधिकतर लोगों ने एक बात यह बताई कि विनय भाटिया अपने क्लब का अधिष्ठापन समारोह सितंबर माह के अंत में करने की सोच रहे हैं । इसका कारण वह यह बता रहे हैं कि तब तक क्लब्स में नोमीनेटिंग कमेटी के सदस्यों के नाम तय हो जायेंगे और वह अधिष्ठापन समारोह में उन्हें भी खिला-'पिला' कर खुश कर लेंगे । यह जो 'कारण' सामने आया - उसने लेकिन एक उम्मीदवार के रूप में विनय भाटिया की किरकिरी कर दी । कई लोगों का कहना रहा कि देर से अधिष्ठापन समारोह करने का जो कारण विनय भाटिया बता रहे हैं - उसके जरिए वास्तव में वह यह दिखा/जता रहे हैं कि उन्हें न तो अधिष्ठापन समारोह की जरूरत व गरिमा का पता है, और न नोमीनेटिंग कमेटी के लिए चुने जाने वाले सदस्यों की इज्जत की परवाह है । लोगों का मानना और कहना है कि एक उम्मीदवार के रूप में विनय भाटिया की यह सोच ही उनकी उम्मीदवारी के लिए सबसे बड़ी चुनौती है । 
उल्लेखनीय है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार के रूप में विनय भाटिया को सबसे ज्यादा आलोचना अपने अपरिपक्व और बचकाने किस्म के व्यवहार के कारण ही झेलनी पड़ रही है । उनकी उम्मीदवारी के कई समर्थक व शुभचिंतक भी मानते/कहते हैं कि अपने व्यवहार के कारण विनय भाटिया अपने खेमे के लोगों का समर्थन भी खोते जा रहे हैं, लेकिन फिर भी कोई सबक नहीं सीख रहे हैं । उनके कुछेक समर्थकों ने बताया कि उन्होंने विनय भाटिया को जब समझाया, तो ऐसा लगा कि जैसे विनय भाटिया हालात की नाजुकता को समझ रहे हैं और एक उम्मीदवार के अनुरूप अपने आप को बदलने के लिए तैयार कर रहे हैं - लेकिन फिर देखने में आता है कि मामला जहाँ का तहाँ ही बना हुआ है । विनय भाटिया की उम्मीदवारी के समर्थक उनके व्यवहार से लोगों के बीच पड़ रहे नकारात्मक असर से निपटने का तरीका तो अभी खोज नहीं पाए हैं; कि उनके क्लब के अधिष्ठापन समारोह को लेकर मजाक और शुरू हो गए हैं । इन मजाकों में फरीदाबाद के भी लोगों के शामिल हो जाने से इन मजाकों को न सिर्फ और हवा मिली बल्कि विश्वसनीयता भी प्राप्त हुई । 
रोटरी की चुनावी राजनीति में उम्मीदवार के क्लब का अधिष्ठापन समारोह उम्मीदवार की 'ताकत' को नापने/आँकने का एक पैमाना बन गया है - हालाँकि इस पैमाने के फूलप्रूफ होने का कोई सुबूत नहीं है । यूँ तो उम्मीदवार के क्लब में हुए अधिष्ठापन समारोह के आधार पर उम्मीदवार के जीतने/हारने का अनुमान लगाना फिजूल की कसरत ही होगी - लेकिन फिर भी यह समारोह उम्मीदवार की सोच, उसके नजरिए और अपनी उम्मीदवारी के प्रति उसकी गंभीरता का पैमाना अवश्य ही है । देखने की बात यह नहीं होती है कि उम्मीदवार के क्लब का अधिष्ठापन समारोह किस तामझाम से हुआ है; देखने की बात यह होती है कि अधिष्ठापन समारोह के जरिए उम्मीदवार लोगों को दिखाता/बताता क्या है ? विनय भाटिया के क्लब का अधिष्ठापन समारोह बिना तामझाम के, सामान्य तरीके से हो जाता - तो इतना बबाल नहीं मचता; क्योंकि तब मान लिया जाता कि अपने चुनाव अभियान में वह अपने क्लब के अधिष्ठापन समारोह को कोई अहमियत नहीं दे रहे हैं । लेकिन अभी जो कहा/बताया जा रहा है, उससे लोगों के बीच संदेश यह गया है कि विनय भाटिया अपने क्लब के अधिष्ठापन समारोह का राजनीतिक उपयोग तो करेंगे, किंतु इस उपयोग को ढंग से करने के लिए उनके पास आवश्यक तैयारी नहीं है; और इस चक्कर में वह अधिष्ठापन समारोह की जरूरत व गरिमा के साथ साथ अपने क्लब के पदाधिकारियों तथा चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों की इज्जत के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं । 
विनय भाटिया के समर्थक समझे जाने वाले लोगों ने ही बताया है कि विनय भाटिया तो चाहते थे कि उनके क्लब का अधिष्ठापन समारोह जल्दी हो; क्लब में उन्होंने सुझाव दिया था कि अधिष्ठापन समारोह क्लब के सदस्य करें, और फिर सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में क्लब का एक बड़ा कार्यक्रम 'वह' करेंगे । क्लब के पदाधिकारियों ने लेकिन उन्हें स्पष्ट बता दिया कि अधिष्ठापन समारोह यदि बड़ा करना है, तो उसमें होने वाला अतिरिक्त खर्च उन्हें ही उठाना होगा । उनका तर्क रहा कि उम्मीदवार होने के नाते यह उनकी जरूरत है कि क्लब का अधिष्ठापन समारोह तामझाम से हो, लिहाजा इस तामझाम के चलते जो अतिरिक्त खर्चा आयेगा - उसे उन्हें ही उठाना पड़ेगा । क्लब के पदाधिकारियों का सुझाव था कि विनय भाटिया यदि अतिरिक्त खर्च उठाने के लिए तैयार नहीं हैं, तो फिर वह अपने सामान्य तरीके से ही अधिष्ठापन समारोह कर लेते हैं, किंतु विनय भाटिया इस बात के लिए भी राजी नहीं हुए । उनका कहना रहा कि इससे एक उम्मीदवार के रूप में उनकी बड़ी फजीहत होगी । विनय भाटिया ने तब 'बीच का' रास्ता निकाला और वह यह कि सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में नोमीनेटिंग कमेटी के लिए क्लब्स में चुने गए सदस्यों को 'निपटाने' के लिए वह जिस आयोजन के बारे में सोच रहे हैं, उसे अधिष्ठापन समारोह के रूप में ही कर लेंगे । इस तरह विनय भाटिया ने अपना काम तो बना लिया, किंतु क्लब के पदाधिकारियों को फँसा दिया । किसी भी अच्छे क्लब में नए पदाधिकारियों का अधिष्ठापन रोटरी वर्ष के शुरू के दिनों में ही हो जाता है, या हो जाना चाहिए - किंतु विनय भाटिया के रवैये के चलते रोटरी क्लब फरीदाबाद एनआईटी के पदाधिकारियों को लंबे समय तक बिना अधिष्ठापित हुए लोगों के बीच रहना होगा । इस कारण से रोटरी क्लब फरीदाबाद एनआईटी के नए पदाधिकारियों का रोटरी के प्रति सारा उत्साह फीका पड़ता जा रहा है । 
विनय भाटिया के क्लब का यह सारा झमेला सामने न आया होता, यदि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार रवि दयाल के क्लब के अधिष्ठापन समारोह को लोगों के बीच चर्चा न मिली होती । उल्लेखनीय है कि अभी कुछ ही दिन पहले रवि दयाल के क्लब को प्लेटिनम क्लब का अवार्ड मिलने तथा खुद रवि दयाल को लीडरशिप एक्सीलेंस की ट्रॉफी मिलने के कारण लोगों के बीच व्यापक चर्चा मिली ही थी । और अब क्लब के अधिष्ठापन समारोह ने डिस्ट्रिक्ट के लोगों को प्रभावित किया ।डिस्ट्रिक्ट के प्रमुख सदस्यों की उपस्थिति, इंतजाम, क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के लिहाज से हर किसी को अधिष्ठापन समारोह पूरी तरह परफेक्ट लगा और सभी ने माना कि इस आयोजन से रवि दयाल की उम्मीदवारी का वजन और बढ़ा ही है । इसी प्रक्रिया में विनय भाटिया की उम्मीदवारी का वजन नापने की कोशिश हुई, तो अधिष्ठापन समारोह को लेकर उनके क्लब में चल रहा झमेला सामने आया - जिससे उनके समर्थकों व शुभचिंतकों को खासा तगड़ा वाला झटका लगा है । विनय भाटिया की उम्मीदवारी के समर्थकों का ही कहना है कि क्लब के अधिष्ठापन समारोह को लेकर ही विनय भाटिया जब अपने क्लब को न तो प्रेरित कर पाए और न ही क्लब के सदस्यों का सहयोग जुटा पाए हैं, तब फिर अपनी उम्मीदवारी का अभियान वह कैसे संयोजित कर पायेंगे ? अधिष्ठापन समारोह के झमेले के बहाने से विनय भाटिया की उम्मीदवारी को लेकर जिस तरह की जो बातें सामने आईं हैं, उसके कारण फरीदाबाद के लोगों के बीच भी विनय भाटिया की उम्मीदवारी को लेकर गहरी नाराजगी और निराशा पैदा हुई है, और उनके बीच भी तरह तरह की बातें सुनाई देने लगी हैं - जो विनय भाटिया की उम्मीदवारी के संदर्भ में परेशानी खड़ी करने वाली हैं ।

Sunday, July 26, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 की चुनावी राजनीति को अपनी कंपनी के झगड़ों/झंझटों से निपटने में इस्तेमाल करने की कोशिश के तहत मुकेश अरनेजा ने दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाया है क्या

नई दिल्ली । अशोक गर्ग ने उम्मीदवार के रूप में अपनी सक्रियता को बनाए रख कर मुकेश अरनेजा के उनकी उम्मीदवारी से हाथ खींच लेने की खबरों से परेशान न होने का जो संकेत दिया है, उसने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए होने वाले चुनावी मुकाबले को खासा रहस्यपूर्ण और दिलचस्प बना दिया है । इस रहस्य और दिलचस्पी में प्रवीन निगम के नजदीकियों व समर्थकों ने यह बताते/कहते हुए और इजाफा किया है कि मुकेश अरनेजा ने प्रवीन निगम की उम्मीदवारी को प्रमुखता दिलाने के लिए उन्हें कई जरूरी सुझाव दिए हैं तथा अपनी मदद का भरोसा दिया है ।इन दो तथ्यों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मुकाबले को इसलिए रहस्यपूर्ण व रोचक बना दिया है, क्योंकि इस बीच मुकेश अरनेजा द्वारा दीपक गुप्ता को भी उम्मीदवारी प्रस्तुत करने के लिए उकसाए जाने की चर्चा लोगों के बीच है । इससे लोगों के बीच चर्चा यह छिड़ी है कि मुकेश अरनेजा इस वर्ष आखिर कितने लोगों को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी 'चुनवायेंगे' ? विभिन्न मौकों पर लोगों के बीच छिड़ने/होने वाली इस चर्चा का निष्कर्ष प्रायः यह निकलता है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव की आड़ में मुकेश अरनेजा वास्तव में अपना उल्लू सीधा करने का प्रयास कर रहे हैं - और वह सचमुच में किसी भी उम्मीदवार के साथ गंभीरता के साथ जुड़े नहीं हैं ।सामान्य व्यवहार की बात है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को लेकर मुकेश अरनेजा यदि सचमुच में गंभीर होते, तो किसी एक उम्मीदवार का झंडा उठाते - वह तीन उम्मीदवारों को सलाह/सुझाव दे रहे हैं, और उन्हें मदद करने की बात कर रहे है; इससे साबित है कि वह तीनों को ही झाँसा दे रहे हैं ।
मुकेश अरनेजा के नजदीकियों के अनुसार, मुकेश अरनेजा इस समय अपनी कंपनी से निकाले जाने के मामले में बुरी तरह फँसे हुए हैं । कंपनी के प्रमोटर्स के रूप में उनके भाई-भतीजे और दूसरे प्रमुख शेयरहोल्डर्स जिस तरह उनके खिलाफ हो गए हैं, उसके चलते उनके सामने कंपनी मामलों से जुड़ी कई पेचीदगियाँ खड़ी हो गई हैं । कंपनी में अपनी शेयरहोल्डिंग को बचाने और/या उसे उचित रूप में सुरक्षित रखने या पाने के लिए उन्हें जूझना पड़ रहा है - और इसके लिए उन्हें एक्सपर्ट प्रोफेशनल सलाह व मदद की जरूरत है । समस्या सिर्फ इतनी ही नहीं है - एक्सपर्ट प्रोफेशनल सलाह व मदद के लिए उनके सामने मोटी फीस की व्यवस्था करने की भी चुनौती है । नजदीकियों के अनुसार, इस चुनौती से निपटने के लिए मुकेश अरनेजा रोटरी को और रोटरी में अपनी स्थिति को इस्तेमाल कर रहे हैं । कंपनी के झगड़ों/झंझटों में अशोक गर्ग से मदद मिलने की उम्मीद में ही मुकेश अरनेजा ने पहले अशोक गर्ग की उम्मीदवारी का झंडा उठाया था । अशोक गर्ग पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं - इसलिए मुकेश अरनेजा को लगा कि वह अशोक गर्ग की उम्मीदवारी का समर्थन करने के बदले में उनसे मुफ्त में प्रोफेशनल मदद ले लेंगे । जल्दी ही लेकिन उन्हें समझ में आ गया कि उनके जिस तरह के झमेले हैं, उनसे डील करना और उन्हें सँभालना अशोक गर्ग के बस की बात नहीं है । अशोक गर्ग से निराश होकर मुकेश अरनेजा, प्रवीन निगम की शरण में आए । 
प्रवीन निगम भी पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं और कंपनी मामलों के एक्सपर्ट हैं । मुकेश अरनेजा को अपने कंपनी संबंधी झमेलों के लिए जिस तरह की प्रोफेशनल मदद की आवश्यकता है, उसे उपलब्ध करवाने की एक्सपर्टीज उन्होंने प्रवीन निगम में देखी/समझी । मुकेश अरनेजा की खुशकिस्मती यह रही कि प्रवीन निगम ने भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की हुई है । प्रवीन निगम के क्लब के एक प्रमुख सदस्य प्रशांत माथुर के साथ मुकेश अरनेजा के अच्छे संबंध पहले से ही हैं; इन्हीं संबंधों का ध्यान रखते हुए प्रवीन निगम ने प्रशांत माथुर के जरिए मुकेश अरनेजा से अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन पाने का प्रयास किया - तो मुकेश अरनेजा को प्रवीन निगम को फाँसने का अच्छा मौका अपने आप मिल गया । मुकेश अरनेजा ने समझ लिया कि प्रवीन निगम का समर्थन करने के बदले में उन्हें अपनी कंपनी के मामलों में प्रवीन निगम की एक्सपर्ट प्रोफेशनल मदद मुफ्त में मिल ही जाएगी । अशोक गर्ग और प्रवीन निगम की उम्मीदवारी को समर्थन दे रहे मुकेश अरनेजा ने अचानक जिस तरह से दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को 'उकसाया', उसमें लोगों को दीपक गुप्ता को इस्तेमाल करने की उनकी चाल ही नजर आई है । लोगों को लग रहा है कि दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाने के जरिए मुकेश अरनेजा ने दरअसल अशोक गर्ग और प्रवीन निगम को यह 'दिखाने' का काम किया है कि इससे सुभाष जैन का समर्थन-आधार कमजोर होगा - और 'उन्हें' फायदा होगा । दोनों को फायदा होने का वास्ता देकर मुकेश अरनेजा ने कंपनी मामलों के अपने झमेले में उनसे मिल सकने वाली मदद को दरअसल पक्का करने का इंतजाम किया है ।
मुकेश अरनेजा के सामने इस समय कंपनी मामलों के अपने झमेलों से निपटने के साथ-साथ रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में अपनी भूमिका को बनाए रखने की भी चुनौती है । रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेके गौड़ और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट शरत जैन के साथ मिल कर जिस तरह मुकेश अरनेजा को किनारे/ठिकाने लगाया हुआ है, उससे रोटरी और डिस्ट्रिक्ट में मुकेश अरनेजा की राजनीति खतरे में पड़ी दिखाई दे रही है । इस खतरे से बचने/उबरने का मौका उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में ही मिल सकता है । मुकेश अरनेजा के नजदीकियों के अनुसार, मुकेश अरनेजा इस मौके में भी अपने लिए अनुकूल अवसर नहीं देख/पा रहे हैं । मुकेश अरनेजा के अपने आकलन के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में सुभाष जैन का पलड़ा भारी दिख रहा है; लोगों ने जिस तरह से उनकी उम्मीदवारी को स्वीकार कर लिया है - उसे देखते/पहचानते/समझते हुए मुकेश अरनेजा को तोड़फोड़ का हथकंडा आजमाना जरूरी लगा है; और माना जा रहा है कि इसी हथकंडे के तहत उन्होंने दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाया है । अशोक गर्ग ने दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी की आहट पर चिंता करने की बजाये जिस तरह की खुशी सी जाहिर की है, उससे भी लोगों को विश्वास हुआ है कि मुकेश अरनेजा ने गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश में क्लब्स के बीच फूट डाल कर राज पाने की कोशिश के तहत दीपक गुप्ता की उम्मीदवारी को उकसाया है । 

Saturday, July 25, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल के लिए फरीदाबाद से प्रस्तुत विपिन शर्मा की उम्मीदवारी ने विजय गुप्ता के संग-साथ की बदनामी झेल रहे दीपक गर्ग के लिए जो मुसीबत और चुनौती खड़ी की है, उसमें तजेंद्र भारद्वाज को अपनी दाल भी पकती हुई दिख रही है

फरीदाबाद । विजय गुप्ता के साथ गठजोड़ के बाबत दीपक गर्ग की कन्फ्यूज्ड स्थिति को रीजनल काउंसिल चुनाव के संदर्भ में तजेंद्र भारद्वाज ने अपने लिए संभावनाओं के दरवाजों को खुलता हुआ पाया/देखा है, और स्थिति का पूरा पूरा फायदा उठाने की तैयारी दिखाई है । दरअसल दीपक गर्ग के लिए यह तय कर पाना खासा मुश्किल हो रहा है कि विजय गुप्ता के साथ अपने गठजोड़ को वह बनाये रखें या उससे पीछा छुड़ा लें । उनका यह असमंजस इस बात से जाहिर है कि कभी तो वह विजय गुप्ता के साथ अपनी दूरी दिखाने/जताने लगते हैं, और शिकायत करते हैं कि लोग फिजूल में ही उनका नाम विजय गुप्ता के साथ जोड़े रखते हैं; किंतु फिर कुछ ही दिन बाद वह विजय गुप्ता के साथ सक्रिय नजर आने लगते हैं । पिछले कई महीनों से चल रहा दीपक गर्ग का 'कभी दूर कभी पास' का यह खेल लोग खासी दिलचस्पी के साथ देख रहे हैं; और इसे देखते हुए दीपक गर्ग की कन्फ्यूज्ड मनःस्थिति को पहचान व समझ रहे हैं । दीपक गर्ग के नजदीकियों का कहना है कि असल में होता यह है कि जब विजय गुप्ता की बदनामियों के कारण दीपक गर्ग को नुकसान होता हुआ नजर आता है, तब वह उनसे दूरी बनाने/दिखाने लगते हैं; लेकिन जब उन्हें विजय गुप्ता से फायदा उठाना होता है, तब वह उनके पास मंडराने लगते हैं । रीजनल काउंसिल में चेयरमैन बनने की कोशिश में पिछले दो अवसरों पर दीपक गर्ग ने यही नाटक किया था । पहली बार विजय गुप्ता की मदद से चेयरमैन बनने का प्रयास करते हुए उन्होंने रीजनल काउंसिल में अपने 'साथियों' से धोखाधड़ी करने में भी परहेज नहीं किया; किंतु अपने प्रयास में असफल होने पर जब उन्हें पता चला कि उनकी असफलता में विजय गुप्ता की बदनामी का बड़ा रोल है, तो उन्होंने विजय गुप्ता से दूर होने का ऐलान कर डाला । दूसरी बार, यानि इस वर्ष के लिए चेयरमैन बनने खातिर वह लेकिन फिर से विजय गुप्ता की छाया में खड़े दिखे । रीजनल काउंसिल का चेयरमैन बनने के प्रयास में दीपक गर्ग दोबारा असफल हुए, तो वह फिर से विजय गुप्ता को कोसते नजर आए । 
दीपक गर्ग के सामने अब जब रीजनल काउंसिल के लिए दोबारा चुने जाने की चुनौती है, तो विजय गुप्ता के साथ 'कभी दूर कभी पास' का उनका यह खेल और ज्यादा तेज हो गया है । लोगों के बीच जब वह विजय गुप्ता के प्रति विरोध के स्वर सुनते हैं तो वह विजय गुप्ता से दूर रहने की कसमें खाने लगते हैं; किंतु इसके साथ साथ वह विजय गुप्ता के आयोजनों में दिलचस्पीपूर्ण सक्रियता निभाते भी दिखाई पड़ते हैं - इस सक्रियता के जरिए चूँकि उन्हें लोगों तक पहुँचने का अवसर मिलता दिखता है, इसलिए इसका फायदा उठाने के लालच में वह यह भूल ही जाते हैं कि लोगों के बीच उन्होंने विजय गुप्ता से दूर रहने की बातें कहीं हैं । जम्मू में पिछले दिनों लोगों ने उनसे जब सवाल पूछे कि उन्होंने और विजय गुप्ता ने प्रोफेशन व प्रोफेशन से जुड़े लोगों के लिए क्या किया है, तो दीपक गर्ग ने पहले तो यह कह कर पीछा छुड़ाने की कोशिश की कि वह इस वर्ष निकासा चेयरमैन हैं, इसलिए उससे संबंधित सवाल ही पूछे जाएँ; इस पर उन्हें सुनने को मिला कि निकासा चेयरमैन तो वह पाँच महीने से हैं, सवाल तो उनसे 29 महीने के कामकाज के बारे में पूछे जा रहे हैं । इसके बाद उन्होंने विजय गुप्ता से पूछे जाने वाले सवाल उनसे पूछे जाने का विरोध किया - उनका तर्क रहा कि विजय गुप्ता ने प्रोफेशन के लिए क्या किया है, यह विजय गुप्ता से पूछिए । इस पर जब उन्हें यह सुनने को मिला कि चूँकि आप हर काम में विजय गुप्ता के साथ नजर आते हैं, तो उनके बारे में पूछे गए सवालों का जबाव भी आपको देना चाहिए - तब दीपक गर्ग ने ट्रेक बदला और दावा करने लगे कि कुछेक लोग झूठे ही विजय गुप्ता के साथ उनका नाम जोड़ते रहते हैं और कि उनका विजय गुप्ता के साथ कोई गठजोड़ नहीं है । जम्मू से लौटते ही किंतु वह विजय गुप्ता के आयोजनों में सक्रिय सहभागिता दिखाने में जुट गए । 
दीपक गर्ग का यह कन्फ्यूजन दरअसल इसलिए है क्योंकि रीजनल काउंसिल चुनाव के संदर्भ में एक तरफ तो वह विजय गुप्ता की बदनामी के छीटों से बचना चाहते हैं, और दूसरी तरफ वह विजय गुप्ता के 'इंतजामों' का फायदा भी उठाना चाहते हैं । दीपक गर्ग के नजदीकियों को हैरानी इस बात की है कि पिछली बार विजय गुप्ता के 'इंतजामों' पर निर्भर हुए बिना रीजनल काउंसिल का चुनाव जीत लेने वाले दीपक गर्ग इस बार विजय गुप्ता के इंतजामों पर इतने मजबूर क्यों हो गए हैं कि रोज रंग बदलते नजर आते हैं ? रीजनल काउंसिल के उम्मीदवार के रूप में दीपक गर्ग की पिछली बार की तथा इस बार की स्थिति की तुलना करने वाले लोगों का कहना है कि पिछली बार दीपक गर्ग ने अपने व्यवहार और अपनी बातों से लोगों के बीच विश्वास बनाया था और उम्मीद पैदा की थी, लेकिन पिछले करीब ढाई वर्षों में उन्होंने उस विश्वास को तो खत्म कर ही दिया है - अपने प्रति लोगों के बीच कोई उम्मीद भी बचा कर नहीं रखी है । उल्लेखनीय है कि वर्ष 2010-12 वाले कार्यकाल में फरीदाबाद ब्रांच में उन्हें एक्सऑफिसो सदस्य के रूप में प्रमोद माहेश्वरी ने बहुत परेशान किया था, जिस कारण से 2012 के रीजनल काउंसिल के चुनाव में उन्हें लोगों की अच्छी सहानुभूति मिली थी - और प्रथम वरीयता के वोटों में उनकी स्थिति प्रमोद माहेश्वरी से बहुत अच्छी और ऊपर थी । रीजनल काउंसिल सदस्य के रूप में लेकिन दीपक गर्ग का जो रवैया रहा, उसके कारण लोगों ने यही महसूस किया है कि दीपक गर्ग के साथ सहानुभूति दिखा कर उन्होंने बड़ी गलती की थी । दीपक गर्ग के रवैये से फरीदाबाद के लोगों ने अपने आप को ठगा हुआ महसूस किया है । विजय गुप्ता के साथ उन्होंने जिस तरह का गठजोड़ बनाया, उसने उनका और बंटाधार किया है । 
रही सही कसर विपिन शर्मा की उम्मीदवारी ने पूरी कर दी है । फरीदाबाद ब्रांच में विपिन शर्मा की जिस तरह की परफॉर्मेंस रही है, उससे उन्होंने युवा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच अपनी प्रभावी पहचान बनाई है और साथ में वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच भी अपने लिए विश्वास व उम्मीद पैदा की है । इससे उनकी लोकप्रियता में और इजाफा हुआ । ब्रांच के एक उत्साही व सक्रिय सदस्य के रूप में विपिन शर्मा की लोगों के बीच साख इसलिए भी बढ़ी, क्योंकि ब्रांच के चुनाव में उन्हें सबसे ज्यादा वोट मिले थे । इस बढ़ी साख के भरोसे ही दूसरे/तीसरे वर्ष में उन्हें ब्रांच के चेयरमैन पद के प्रबल दावेदार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा था - किंतु विजय गुप्ता और दीपक गर्ग ने षड्यंत्र करके लोगों की भावनाओं को कामयाब नहीं होने दिया । दीपक गर्ग को खतरा था कि चेयरमैन बनने के बाद विपिन शर्मा फिर रीजनल काउंसिल का चुनाव लड़ेंगे और उनके लिए मुसीबत खड़ी करेंगे; इसलिए उन्होंने फार्मूला अपनाया कि वह विपिन शर्मा को चेयरमैन ही नहीं बनने देंगे - जिससे कि न रहेगा बाँस और न बजेगी बाँसुरी । दीपक गर्ग ने अपने इस फार्मूले को कामयाब बनाने के लिए विजय गुप्ता का सहयोग लिया । फरीदाबाद ब्रांच में राजनीति करते हुए विजय गुप्ता और दीपक गर्ग ने जिस तरह की हरकतें की हैं उससे लोगों के बीच इनके प्रति नाराजगी तथा विपिन शर्मा के प्रति हमदर्दी का भाव बना है । पिछली बार और इस बार की स्थिति की तुलना करते हुए लोगों का मानना और कहना है कि पिछली बार जो स्थिति दीपक गर्ग की थी इस बार वह स्थिति तो विपिन शर्मा की है; और पिछली बार जो दशा प्रमोद माहेश्वरी की थी, इस बार वह दशा दीपक गर्ग की है ।  
दीपक गर्ग के लिए विपिन शर्मा ने जो खतरा खड़ा किया है, उसमें तजेंद्र भारद्वाज को अपनी दाल पकती हुई दिख रही है । दरअसल कई लोगों का मानना और कहना है कि पिछली बार दीपक गर्ग ने प्रमोद माहेश्वरी को जो टक्कर दी थी, उसमें प्रमोद माहेश्वरी ने तो जैसे-तैसे करके अपनी सीट बचा ली थी - इस बार लेकिन विपिन शर्मा से दीपक गर्ग को जो टक्कर मिलती दिख रही है, उसमें दीपक गर्ग के लिए अपनी सीट बचा पाना मुश्किल लग रहा है । तजेंद्र भारद्वाज इसी स्थिति का लाभ उठाना चाहते हैं । मजे की बात है कि दीपक गर्ग और तजेंद्र भारद्वाज, दोनों ही विजय गुप्ता के साथी/सहयोगी रहे हैं - लेकिन विजय गुप्ता के संगसाथ की बदनामी दीपक गर्ग को ज्यादा मिली; और इस बदनामी के कारण ही दीपक गर्ग अक्सर ही विजय गुप्ता से दूर दिखने का प्रयास करते हैं । उनके इस प्रयास से विजय गुप्ता के कई समर्थक दीपक गर्ग से भड़के और चिढ़े हुए हैं । इस बिना पर तजेंद्र भारद्वाज को लगता है कि विजय गुप्ता के समर्थक लोगों के बीच उन्हें ज्यादा समर्थन मिल जायेगा । तजेंद्र भारद्वाज के इस बीच संजय वासुदेवा से भी तार जोड़ने की खबरें हैं, जिससे तजेंद्र भारद्वाज को अपने समर्थन-आधार को बढ़ाए जाने का भरोसा है । तजेंद्र भारद्वाज ने जो जाल फैलाया है, उसमें उनके द्वारा दीपक गर्ग का शिकार करने की तैयारी देखी जा रही है । तजेंद्र भारद्वाज की यह तैयारी यदि सचमुच कामयाब रही, तो दीपक गर्ग के लिए वास्तव में भारी मुसीबत हो जाएगी । दीपक गर्ग के समर्थक व शुभचिंतक समझे जाने वाले लोगों का कहना है कि दीपक गर्ग ने विजय गुप्ता के साथ अपने गठजोड़ को लेकर एक स्पष्ट व पारदर्शी रवैया यदि नहीं दिखाया, तो दीपक गर्ग के लिए भारी मुसीबत हो जानी है । 

Thursday, July 23, 2015

रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान के रवैये से निराश और नाराज होने के बाद मुकेश अरनेजा ने असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में निमंत्रण और मान-सम्मान पाने के लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई से मदद की जो गुहार लगाई है, उसने मनोज देसाई को मुसीबत में डाला

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा की एक गुहार ने इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई को अजीब से संकट में फँसा दिया है । मुकेश अरनेजा ने मनोज देसाई से उन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को डांट लगाने की गुहार लगाई है, जो उन्हें असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के उनके पद के अनुरूप काम और सम्मान नहीं दे रहे हैं । मनोज देसाई से की गई अपनी शिकायत में मुकेश अरनेजा ने अपने इमीडियेट बॉस - रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान को भी लपेट लिया है । मुकेश अरनेजा की शिकायत है कि असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में उन्हें जिन डिस्ट्रिक्ट्स का चार्ज मिला है, उनके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अपने अपने डिस्ट्रिक्ट में उन्हें बुला ही नहीं रहे हैं; बुलाए जाने के लिए उन्होंने खुद अपनी तरफ से पहल भी की, किंतु अलग अलग तरह की बहानेबाजी करके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने उन्हें टाल दिया है । मुकेश अरनेजा का कहना है कि इस बारे में पहले उन्होंने विजय जालान से शिकायत की थी, विजय जालान ने लेकिन इस बारे में आवश्यक कार्रवाई करना तो दूर - उलटे उन्हें ही बदनाम करना शुरू कर दिया है । मुकेश अरनेजा के अनुसार, विजय जालान जहाँ-तहाँ लोगों को बताते फिर रहे हैं कि मुकेश अरनेजा की रोटरी में इतनी बदनामी है कि कोई गवर्नर उन्हें अपने यहाँ आमंत्रित ही नहीं करना चाहता है । जोन 4 तथा जोन 6ए के रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान के रवैये से निराश और नाराज होने के बाद मुकेश अरनेजा ने अब मनोज देसाई से गुहार लगाई है कि वह उन्हें संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स में असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में निमंत्रण दिलवाएँ ।
मनोज देसाई की समस्या यह है कि मुकेश अरनेजा को असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद देने के कारण वह पहले से ही रोटेरियंस की आलोचना के निशाने पर हैं । मुकेश अरनेजा जैसे बदनाम व्यक्ति को इतना महत्वपूर्ण पद देकर मनोज देसाई ने अपनी समझदारी और अपने विवेक को सवालों के घेरे में तो ला ही दिया है - रही/सही कसर मुकेश अरनेजा ने लोगों को बार बार यह बता कर पूरी कर दी कि मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने में नोमीनेटिंग कमेटी के सदस्य के रूप में उन्होंने जो मदद की थी, उसके धन्यवाद के रूप में मनोज देसाई ने उन्हें यह पद दिया है । दरअसल पिछले दिनों मुकेश अरनेजा की हरकतों के कारण उन्हें जब उनके क्लब से निकाल दिया गया था, तब यह सवाल उठा था कि इस बिना पर क्या मनोज देसाई उनसे असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस ले लेंगे ? इस सवाल के जबाव में ही मुकेश अरनेजा ने लोगों के बीच दावा किया था कि उन्होंने ही मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाया था, और इसी बात को याद रखते हुए मनोज देसाई ने उन्हें यह पद दिया है - इसलिए यह पद वापस लेने के बारे में मनोज देसाई सोच भी नहीं पायेंगे । मुकेश अरनेजा को हर बात का - खासतौर से हर किसी को चुनाव जितवाने का श्रेय लेने का बहुत शौक है; उनके अपने डिस्ट्रिक्ट में उनका एक जुमला बड़ा मशहूर है कि 'मैं चाहूँ तो सड़क से एक रिक्शेवाले को पकड़ कर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुनवा दूँ'; लेकिन मनोज देसाई के बारे में किए गए उनके इस तरह के दावे ने मनोज देसाई के लिए असहज स्थिति पैदा की । इंटरनेशनल डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी सँभाल रहे मनोज देसाई इस स्थिति को तो किसी तरह झेल रहे थे, लेकिन मुकेश अरनेजा की नई गुहार ने उनके लिए एक अजीब तरह की समस्या खड़ी कर दी है । 
मनोज देसाई के लिए समस्या की बात यह है कि उनके द्वारा नियुक्त एक असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर को यदि संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स में आमंत्रित करने लायक नहीं समझा जा रहा है, तो यह उनके 'फैसले' पर भी एक कठोर टिप्पणी है - मुकेश अरनेजा दरअसल इसी तर्क का सहारा लेकर मनोज देसाई को उकसा रहे हैं, और उन्हें संदर्भित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तैयार करने का प्रयास कर रहे हैं । मनोज देसाई के लिए किंतु समस्या यह है कि वह क्या कार्रवाई करें और किस आधार पर करें ? वह यदि कोई कार्रवाई करते भी हैं तो अपनी ही फजीहत करवायेंगे । रोटरी कोऑर्डिनेटर विजय जालान के अनुभव ने उनके लिए यह संभावना और बढ़ा भी दी है । मुकेश अरनेजा की शिकायत पर विजय जालान ने अपने तरीके से मामले को हल करने का प्रयास किया तो था, किंतु संदर्भित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने जब उन्हें साफ बता दिया कि मुकेश अरनेजा जैसे बदनाम व्यक्ति को तवज्जो देने के लिए उनके डिस्ट्रिक्ट में कोई भी राजी नहीं है, तब फिर वह कैसे उन्हें अपने यहाँ आमंत्रित कर सकते हैं ? संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स में मुकेश अरनेजा के प्रति बने इस माहौल में असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर मुकेश अरनेजा के लिए कुछ करने में मनोज देसाई को खतरा ही खतरा नजर आ रहा है । 
मनोज देसाई इसीलिए चाहते हैं कि इस मामले को मुकेश अरनेजा खुद ही हल करें । मुकेश अरनेजा लेकिन रमेश अग्रवाल के साथ हुए 'हादसे' से डरे हुए हैं । उल्लेखनीय है कि अभी कुछ ही दिन पहले रमेश अग्रवाल को डिस्ट्रिक्ट 3011 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुधीर मंगला से अपने यहाँ के कार्यक्रमों में आमंत्रित न करने की शिकायत करने पर कई प्रमुख लोगों की उपस्थिति में भारी फटकार सुनने को मिली थी । रमेश अग्रवाल रोटरी इंडिया विन्स कमेटी के जोनल कोऑर्डिनेटर हैं और इस बात से बड़े परेशान रहते हैं कि उनके पास जो पद है, उसके अनुरूप उन्हें निमंत्रण और सम्मान नहीं मिलता । मुकेश अरनेजा के पहले चेले रहे और फिर साथी बने किंतु अब मुकाबलेबाज बने रमेश अग्रवाल के रंग-ढंग मुकेश अरनेजा जैसे ही हैं; और बदनामी 'कमाने' में भी उनके साथ होड़ में रहते हैं । तीन-तिकड़म से यह दोनों अपने लिए पदों का जुगाड़ तो कर लेते हैं, लेकिन पद के साथ जो मान-सम्मान मिलना चाहिए - उसके न मिलने पर परेशान रहते हैं । ये यह समझने में विफल रहे हैं कि पद तो तीन-तिकड़म से और जुगाड़ से मिल जाते हैं; किंतु मान-सम्मान तो व्यवहार और आचरण से ही मिलता है । इस बात को भूल कर एक कार्यक्रम में रमेश अग्रवाल ने जब डिस्ट्रिक्ट 3011 के गवर्नर सुधीर मंगला से शिकायत की, तो सुधीर मंगला ने उन्हें तबीयत से ऐसी झाड़ पिलाई कि उनके लिए बचना मुश्किल हो गया । मौके पर मौजूद पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता ने किसी तरह सुधीर मंगला को शांत करके रमेश अग्रवाल को बचाया । रमेश अग्रवाल के साथ यह जो बीती, उससे सबक लेते हुए मुकेश अरनेजा ने आमंत्रण न मिलने को लेकर संदर्भित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से बात करने का साहस नहीं किया और पहले विजय जालान से मदद की गुहार लगाई, और अब मनोज देसाई से शिकायत की है । उन्हें उम्मीद है कि मनोज देसाई अवश्य ही उनकी मदद करेंगे । यह देखना दिलचस्प होगा कि मुकेश अरनेजा को संदर्भित डिस्ट्रिक्ट्स से निमंत्रण और वहाँ मान-सम्मान दिलवाने के लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई क्या करते हैं ?

Wednesday, July 22, 2015

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन का दिल्ली में होने जा रहा कार्यक्रम पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल की कारस्तानियों के कारण विवाद में फँस गया है और अपनी सारी गरिमा व महत्ता खो बैठा है

नई दिल्ली । केआर रवींद्रन का दिल्ली दौरा डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल की राजनीतिक कारस्तानियों की भेंट चढ़ता हुआ नजर आ रहा है । उल्लेखनीय है कि उनके दिल्ली दौरे के रूप में 7 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को यूँ तो डिस्ट्रिक्ट 3011 व डिस्ट्रिक्ट 3012 के संयुक्त कार्यक्रम के रूप में दिखाया/बताया जा रहा है, लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3011 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुधीर मंगला को कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी ही नहीं है । डिस्ट्रिक्ट 3011 के कई प्रमुख रोटेरियंस ने बताया कि केआर रवींद्रन के कार्यक्रम में उनके डिस्ट्रिक्ट की भागीदारी के बारे में उन्होंने इधर-उधर से सुना तो सुधीर मंगला से पूछा; लेकिन वह यह जानकर हैरान रह गए कि खुद सुधीर मंगला को भी इस कार्यक्रम के बारे में ज्यादा नहीं मालुम है । सुधीर मंगला के अनुसार, सुशील गुप्ता ने उनसे अचानक एक दिन बताया कि केआर रवींद्रन दिल्ली आ रहे हैं, और उनके सम्मान में दोनों डिस्ट्रिक्ट मिल कर एक कार्यक्रम कर लेते हैं । सुधीर मंगला का जबाव सुने बिना, सुशील गुप्ता ने डिस्ट्रिक्ट 3011 को उक्त कार्यक्रम में शामिल कर लिया । सुधीर मंगला ने भी ज्यादा पचड़े में पड़ना उचित नहीं समझा - उन्होंने न तो उक्त कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 3011 को शामिल करने का विरोध किया, और न ही उक्त कार्यक्रम में कोई दिलचस्पी ही ली । अब मजेदार सीन यह है कि रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन के सानिध्य/सम्मान में दिल्ली में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 3011 भी आयोजनकर्ता तो है; किंतु उसके गवर्नर सुधीर मंगला को उक्त कार्यक्रम की तैयारियों और उसके एजेंडे के बारे में कुछ भी पता नहीं है । 
दरअसल इस कार्यक्रम की बागडोर पूरी तरह डिस्ट्रिक्ट 3012 के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल के हाथ में है । रमेश अग्रवाल ने इस कार्यक्रम को वास्तव में पहले डिस्ट्रिक्ट 3012 की इंटरसिटी के रूप में आयोजित करने की तैयारी की थी । लेकिन इस कार्यक्रम को लेकर आगे बढ़ते हुए उन्होंने इसे डिस्ट्रिक्ट 3012 के भरोसे कर पाना मुश्किल पाया । अपने डिस्ट्रिक्ट में इस कार्यक्रम के लिए उन्हें पर्याप्त समर्थन तो नहीं ही मिला, कार्यक्रम की बागडोर उनके हाथ में रहने का विरोध और होना शुरू हो गया । मुकेश अरनेजा व सतीश सिंघल ने अपने अपने तरीके से इस कार्यक्रम की बागडोर रमेश अग्रवाल से छीनने की कोशिश की । दोहरी मुसीबत में खुद को फँसा पाकर रमेश अग्रवाल को डिस्ट्रिक्ट 3011 की मदद लेने का ख्याल आया । इस ख्याल के साथ-साथ रमेश अग्रवाल को लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3011 के गवर्नर सुधीर मंगला के हाथों हुई फजीहत भी याद आई, जिसमें सुधीर मंगला ने कई प्रमुख लोगों के सामने रमेश अग्रवाल को उनकी बदतमीजी व बेहूदगी के लिए जमकर फटकारा था । उस फजीहत व फटकार को याद करके रमेश अग्रवाल ने डिस्ट्रिक्ट 3011 की मदद जुटाने के लिए पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता का दामन पकड़ा । उक्त कार्यक्रम के सहारे सुशील गुप्ता अपनी राजनीति करने/दिखाने की फिराक में हैं, और उन्हें रमेश अग्रवाल की इस कोशिश में चूँकि अपना काम भी बनता/बढ़ता हुआ नजर आया, इसलिए उन्होंने सुधीर मंगला को सूचित करते हुए डिस्ट्रिक्ट 3011 को इस कार्यक्रम के आयोजनकर्ता के रूप में शामिल कर लिया । 
डिस्ट्रिक्ट 3011 को केआर रवींद्रन के सानिध्य/सम्मान में होने वाले कार्यक्रम का आयोजनकर्ता तो बना लिया गया है, लेकिन डिस्ट्रिक्ट 3011 के प्रमुख लोगों में भी उक्त कार्यक्रम को लेकर कोई उत्साह नहीं है । रमेश अग्रवाल ने चालबाजीपूर्ण कोशिश की कि उक्त कार्यक्रम में होने वाले कुल खर्च का आधा हिस्सा वह डिस्ट्रिक्ट 3011 से बसूल सकें, किंतु सुधीर मंगला ने उनकी इस चालबाजी को कामयाब नहीं होने दिया है । सुधीर मंगला ने स्पष्ट कर दिया है कि कार्यक्रम में उनके डिस्ट्रिक्ट से जो लोग जाना चाहेंगे, वह अपना रजिस्ट्रेशन अपने आप करायेंगे - और इसे ही उनके डिस्ट्रिक्ट का सहयोग माना/समझा जाए । यूँ तो यह भी कोई बुरा विकल्प नहीं है; रोटरी के अधिकतर कार्यक्रम इसी तर्ज पर होते हैं - लेकिन समस्या व मुसीबत की बात यह है कि उक्त कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 3011 के ज्यादा लोगों की उपस्थिति को संभव बनाने के लिए सुधीर मंगला कोई प्रयास करते हुए भी नहीं दिख रहे हैं । सुधीर मंगला का कहना है कि उन्हें जब कार्यक्रम के कोई डिटेल्स ही नहीं पता हैं, और कार्यक्रम की तैयारी में जब उनकी कोई भागीदारी ही नहीं है, तो फिर वह किस आधार पर लोगों को उक्त कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें । रमेश अग्रवाल कार्यक्रम की बागडोर अपने हाथ में रखना चाहते हैं; कार्यक्रम की तैयारियों से संबंधित जानकारियाँ वह और किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहते - और सिर्फ खर्चे के लिए पैसे चाहते हैं; सुधीर मंगला ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसा नहीं हो पायेगा । 
सुधीर मंगला के इस रवैये से रमेश अग्रवाल का सारा प्लान चौपट हो गया है । वह इस बात को ज्यादा बढ़ाना भी नहीं चाहते हैं; क्योंकि वह समझ रहे हैं कि सुधीर मंगला कहीं फिर फटकार लगाते हुए उनकी फजीहत न कर दें ! कार्यक्रम की बागडोर अपने हाथ में रखने की रमेश अग्रवाल की इस चालबाजी को देख/पहचान रहे लोगों का कहना है कि उनकी इसी चालबाजी के कारण डिस्ट्रिक्ट 3012 में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट के कार्यक्रम को लेकर उत्साह नहीं बन पाया है । रमेश अग्रवाल की मनमानीपूर्ण बेहूदगियों के कारण डिस्ट्रिक्ट के दूसरे प्रमुख लोगों ने कार्यक्रम से हाथ खींचे हुए हैं । डिस्ट्रिक्ट 3012 में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट का कार्यक्रम कर पाना रमेश अग्रवाल को जब मुश्किल लगा, तो उन्होंने सुशील गुप्ता का सहारा लेकर डिस्ट्रिक्ट 3011 को भी आयोजनकर्ता तो बना लिया, किंतु चूँकि अपनी हरकतों को सुधारने का उन्होंने कोई प्रयास नहीं किया - इसलिए उनके लिए समस्या जहाँ की तहाँ ही बनी हुई है । लोगों का कहना है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट का कार्यक्रम है, इसलिए वह हो तो जायेगा ही - लेकिन कार्यक्रम की बागडोर अपने ही हाथ में रखने की कोशिशों के चलते रमेश अग्रवाल द्वारा की जा रही कारस्तानियों से वह विवाद में फँस गया है और अपनी सारी गरिमा व महत्ता खो बैठा है । 

Monday, July 20, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए सुभाष जैन की उम्मीदवारी को मिल रहे व्यापक समर्थन को देख कर निराश/परेशान मुकेश अरनेजा ने गाजियाबाद/नोएडा में उम्मीदवार खोजने की जो कोशिश शुरू की है, उससे अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के अभियान का बंटाधार होता नजर आ रहा है

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए गाजियाबाद/नोएडा में उम्मीदवार खोजने की खबरों ने अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को तगड़ा झटका दिया है । झटका इसलिए क्योंकि अभी तक अशोक गर्ग को मुकेश अरनेजा के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जाता रहा है; लेकिन मुकेश अरनेजा अब यदि कोई और उम्मीदवार खोज रहे हैं - तो इसका मतलब है कि अशोक गर्ग में उन्होंने अपना विश्वास खो दिया है । अशोक गर्ग की उम्मीदवारी को मुकेश अरनेजा का बड़ा सहारा था - लेकिन अब इस सहारे के छिन जाने से अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के लिए बड़ा संकट खड़ा हो गया है । मुकेश अरनेजा के नजदीकियों का कहना है कि मुकेश अरनेजा ने पाया/समझा है कि सुभाष जैन की उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट में जिस तरह का समर्थन मिलता दिख रहा है, उसका मुकाबला करना अशोक गर्ग के बस की बात नहीं है; सुभाष जैन की उम्मीदवारी ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश में अपने लिए समर्थन जुटाया है और इस समर्थन के भरोसे सुभाष जैन की उम्मीदवारी ने अशोक गर्ग की उम्मीदवारी पर बढ़त बना ली है - उससे मुकेश अरनेजा को यह भी लगा है कि सुभाष जैन की उम्मीदवारी का मुकाबला गाजियाबाद/नोएडा का कोई उम्मीदवार ही कर सकता है । इसीलिए वह गाजियाबाद/नोएडा में एक उपर्युक्त और समर्थ उम्मीदवार की तलाश में जुट गए हैं । मुकेश अरनेजा की तलाश का क्या नतीजा निकलता है और उनकी तलाश कहाँ/किस पर खत्म होती है, यह तो आगे पता चलेगा - उनकी इस तलाश ने लेकिन अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के लिए बड़ा संकट तो खड़ा कर ही दिया है । 
मुकेश अरनेजा की यह तलाश लेकिन कुछेक लोगों को मुकेश अरनेजा की चाल नजर आ रही है । उन्हें लग रहा है कि सुभाष जैन को खासतौर पर गाजियाबाद और आमतौर पर उत्तर प्रदेश में जो समर्थन मिल रहा है, उसे कमजोर करने के लिए उन्हें गाजियाबाद/नोएडा में एक उम्मीदवार 'पैदा' करना होगा - और इस फार्मूले से वह अशोक गर्ग की राह को आसान बना सकेंगे । मुकेश अरनेजा की इस 'चाल' को पहचानने का दावा करने वाले लोगों का कहना है कि तीन वर्ष पहले जेके गौड़ का रास्ता रोकने के लिए मुकेश अरनेजा ने रमेश अग्रवाल के साथ मिल कर जिस तरह से आलोक गुप्ता का इस्तेमाल किया था, उसी तरह से अब वह सुभाष जैन का रास्ता रोकने के लिए गाजियाबाद/नोएडा में किसी को खोज रहे हैं । रंग बदलने की कला में गिरगिट को पीछे छोड़ते हुए मुकेश अरनेजा और रमेश अग्रवाल बाद में जेके गौड़ की जीत का श्रेय लेने में भले ही कामयाब हो गए हों, लेकिन जेके गौड़ की उम्मीदवारी के साथ शुरू से जुड़े रहे लोगों को तो सच्चाई का पता है ही, दूसरे लोगों को भी जानकारी है कि इन दोनों ने कैसे कैसे जेके गौड़ को छकाया था । आलोक गुप्ता ने रमेश अग्रवाल से मिले धोखे के कारण आज तक उन्हें माफ नहीं किया है । मुकेश अरनेजा ने आलोक गुप्ता के साथ हुई धोखाधड़ी का सारा दोष रमेश अग्रवाल पर मढ़ कर आलोक गुप्ता से हालाँकि पुनः संबंध जोड़ लिए है - मुकेश अरनेजा में आलोक गुप्ता का भरोसा भी पुनः लौट आया है, यह यद्यपि अभी 'देखना' बाकी है । इस किस्से को जिन लोगों ने नजदीक से देखा है, वह उस अनुभव को याद करते बहुत ही विश्वास के साथ कहते हैं कि मुकेश अरनेजा गाजियाबाद/नोएडा में कोई उम्मीदवार नहीं, बल्कि 'बलि का बकरा' खोज रहे हैं - जिसका सहारा लेकर वह सुभाष जैन का शिकार कर सकें, और उन्हें कमजोर कर सकें । 
अब सच चाहें जो हो - मुकेश अरनेजा चाहें अशोक गर्ग की उम्मीदवारी की परफॉर्मेंस से निराश होकर वास्तव में एक ऐसा उम्मीदवार खोज रहे हों, जो सुभाष जैन को टक्कर दे सके; और या रणनीतिक चाल के रूप में 'बलि का बकरा' तलाश कर रहे हों - मुकेश अरनेजा की इस कार्रवाई से अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के लिए तो संकट खड़ा हो ही गया है । वह तो एक तर्क दिया जाता है न कि चाहे चाकू खरबूजे पर गिरे चाहे खरबूजा चाकू पर गिरे, कटना खरबूजे को ही है - उसी तर्ज पर मुकेश अरनेजा के किसी भी 'कारण' से किसी दूसरे उम्मीदवार की तलाश में जुटने का सीधा नुकसान अशोक गर्ग को ही होना है । यही हुआ भी है । अशोक गर्ग ने पिछले दिनों अपनी उम्मीदवारी के अभियान को जिस तरह से संयोजित किया था, उससे चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले कई खिलाड़ी रोटेरियंस प्रभावित हुए थे और वह यह मानने/कहने लगे थे कि सुभाष जैन की उम्मीदवारी का अभियान भले ही काफी बढ़त बनाए हुए दिख रहा हो, किंतु अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के अभियान से उसे कड़ी टक्कर मिलेगी । इस तरह की बातों से अशोक गर्ग की उम्मीदवारी का मोमेंटम बढ़ रहा था - जिसे लेकिन मुकेश अरनेजा की नई हरकत ने धूल में मिला दिया है । पिछले दिनों मुकेश अरनेजा का नाम लेकर कुछेक नए उम्मीदवारों के नाम जिस तरह से चर्चा में आए, उससे एक उम्मीदवार के रूप में अभी तक हासिल की गई अशोक गर्ग की उपलब्धियों पर पानी फिर गया है । मुकेश अरनेजा की यह कार्रवाई यदि सचमुच अशोक गर्ग की स्थिति से निराश होने के कारण प्रेरित है, तब तो यह अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के लिए बड़ा झटका है ही; यह कार्रवाई मुकेश अरनेजा की यदि एक चाल है तो भी मुकेश अरनेजा की इस चाल ने अशोक गर्ग की उम्मीदवारी का कबाड़ा करने का ही काम किया है । 
उल्लेखनीय है कि मुकेश अरनेजा को एक बड़े चालबाज नेता/व्यक्ति के रूप में देखा/पहचाना जाता है - कुछेक लोग उनकी चालबाजियों के बड़े मुरीद भी हैं; किंतु यह तथ्य बहुत निराश करने वाला है कि अपनी तमाम चालबाजियों के बावजूद उन्हें अभी तक हासिल कुछ नहीं हुआ है - अपनी चालबाजियों के बावजूद वह अपने क्लब से, अपने परिवार से और अपने बिजनेस से खदेड़े ही गए हैं । क्लब में, परिवार में, बिजनेस पार्टनर्स में मनमुटाव होते ही हैं; मनमुटाव के कारण बँटवारे भी होते हैं - यह बड़ी स्वाभाविक सी स्थितियाँ हैं । मुकेश अरनेजा के अपने क्लब में, परिवार में और बिजनेस में झमेले रहे तो यह कोई बहुत बुरी बात नहीं है - यह स्वाभाविक सी बात है; पर जो बात स्वाभाविक नहीं है और बहुत बुरी है वह यह कि मुकेश अरनेजा हर जगह से खदेड़े गए हैं, भगाए गए हैं, निकाले गए हैं; और कहीं भी उनकी चालबाजी काम नहीं आई । इसी आधार पर माना जा रहा है कि मुकेश अरनेजा यदि सचमुच अशोक गर्ग की परफॉर्मेंस से निराश होकर किसी और उम्मीदवार की तलाश में जुटे हैं - तो सवाल यह है कि मुकेश अरनेजा जब अशोक गर्ग की उम्मीदवारी में दम नहीं भर सके तो किसी और उम्मीदवार को ही भला कैसे 'खड़ा' कर सकेंगे ? और यदि यह उनकी चाल है तो जैसे अभी तक मुकेश अरनेजा की हर चाल खुद उन्हें ही उल्टी पड़ी है, तो इस चाल के सीधी पड़ने की ही क्या गारंटी है - मुकेश अरनेजा अपनी चालबाजियों से जब अपने आप को न अपने क्लब में, न अपने परिवार में और न बिजनेस में बचा सके, तो दूसरे किसी को वह भला कैसे बचायेंगे ? जाहिर तौर पर मुकेश अरनेजा के गाजियाबाद/नोएडा में उम्मीदवार खोजने की खबरों ने डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में सुगबुगाहट तो पैदा की है, लेकिन अशोक गर्ग की उम्मीदवारी के अभियान का बंटाधार कर दिया है । 

Friday, July 17, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए प्रस्तुत दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से लिखी एमएस जैन की चिट्ठी के चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता को तो लोगों से मुँह छिपाना पड़ रहा है; और राजीव सिंघल की उम्मीदवारी का बाजा बजता सुनाई दे रहा है

मेरठ । सुनील गुप्ता पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में तरह तरह से पैसे जुटाने/बसूलने के गंभीर आरोपों को लेकर 'रचनात्मक संकल्प' ने पीछे जो रिपोर्ट प्रकाशित की थी, उसे पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमएस जैन द्वारा इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन को लिखी चिट्ठी में दिए गए विवरणों ने न केवल सही साबित कर दिया है, बल्कि सुनील गुप्ता द्वारा मचाई गई लूट-खसोट के मामले को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है । एमएस जैन ने अपनी चिट्ठी में जिस विस्तार के साथ डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी तथा रोटरी के विभिन्न कार्यक्रमों की आड़ में सुनील गुप्ता द्वारा पैसा बनाने के तथ्यों का हवाला दिया है, उसने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में सुनील गुप्ता की सरेआम फजीहत कर दी है - लोगों को लग रहा है कि एमएस जैन ने सुनील गुप्ता को जैसे भरे बाजार रंगे हाथ पकड़ लिया है । मजे की बात यह हुई है कि एमएस जैन ने अपनी इसी चिट्ठी में निवर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव रस्तोगी पर भी अपने अवार्ड फंक्शन को एक उम्मीदवार से स्पॉन्सर कराने का आरोप लगाया, किंतु संजीव रस्तोगी ने तुरंत से इस आरोप का प्रतिवाद किया और ऐलान किया कि इस आरोप को एमएस जैन यदि साबित कर दें तो वह कोई भी सजा भुगतने के लिए तैयार हैं - जिसके बाद एमएस जैन, संजीव रस्तोगी से माफी माँगने के 'मोड' में आ गए । संजीव रस्तोगी ने तो अपने ऊपर लगे आरोप का तत्परता से जबाव दिया और सुबूत प्रस्तुत करने की चुनौती दी, लेकिन सुनील गुप्ता ने एमएस जैन के आरोपों पर पूरी तरह चुप्पी साध ली है । दरअसल सुनील गुप्ता जानते हैं कि वह संजीव रस्तोगी जैसा न तो साहस दिखा सकते हैं और न साफगोई अपना सकते हैं - क्योंकि उनपर जो आरोप लगे हैं, वह पूरी तरह सच हैं । 
एमएस जैन की चिट्ठी ने और इस चिट्ठी में लिखी बातों ने सुनील गुप्ता की इतनी फजीहत नहीं की है, जितनी एमएस जैन के आरोपों पर सुनील गुप्ता द्वारा अपनाई गई चुप्पी ने और आरोपों पर मिट्टी डालने की उनकी कोशिश ने की है । सुनील गुप्ता के नजदीकियों का कहना है कि एमएस जैन की चिट्ठी पर रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों ने जिस तरह से कार्रवाई की, उसे डिस्ट्रिक्ट के लोगों से छिपा कर सुनील गुप्ता ने मामले को दबा देने का पक्का इंतजाम कर लिया था - किंतु संजीव रस्तोगी ने उनके सारे इंतजाम पर पानी फेर दिया । उल्लेखनीय है कि केआर रवींद्रन को संबोधित चिट्ठी की कॉपी एमएस जैन ने इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई को भी भेज दी थी । मनोज देसाई ने उनकी चिट्ठी संजीव रस्तोगी तथा सुनील गुप्ता को भेज कर दोनों से जबाव देने को लिखा/कहा । सुनील गुप्ता का इरादा और प्रयास था कि मनोज देसाई को जबाव दे दिया जाए और इस बात को डिस्ट्रिक्ट के लोगों से छिपा लिया जाए । संजीव रस्तोगी ने लेकिन इस बात को मंजूर नहीं किया और डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच झूठे आरोप लगाने के लिए एमएस जैन की लानत-मलानत की, और एमएस जैन को माफी माँगने पर मजबूर किया । सुनील गुप्ता ऐसा नहीं कर सके, क्योंकि वह जानते हैं कि एमएस जैन ने उनपर जो आरोप लगाए हैं उनके सुबूत तो जगजाहिर हैं । 
मजे की बात यह हुई है कि इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रवींद्रन को संबोधित एमएस जैन की चिट्ठी जिसने भी देखी/पढ़ी है, वह इस बात पर हैरान हुआ है कि एमएस जैन को यह चिट्ठी लिखने की जरूरत आखिर पड़ी क्यों, और इस चिट्ठी से वह वास्तव में हासिल क्या करना चाहते हैं ? इस चिट्ठी में जो कुछ भी झूठ-सच कहा गया है, उसे पढ़कर साफ पता चलता है कि एमएस जैन ने यह चिट्ठी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए इस वर्ष होने वाले चुनाव को प्रभावित करने के इरादे से लिखी है - और इसमें दिवाकर अग्रवाल को लपेटने का तथा राजीव सिंघल के लिए स्थितियाँ अनुकूल बनाने का प्रयास किया गया है । इस 'उद्देश्य' के चलते किंतु फिर उन्होंने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुनील गुप्ता को निशाना क्यों बनाया, क्योंकि सुनील गुप्ता तो राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के घनघोर समर्थक हैं ? एमएस जैन के नजदीकियों के अनुसार, इसके दो कारण हैं : एक तो यह कि उन्हें पता चला कि सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में मदद करने के नाम पर राजीव सिंघल से मोटी रकम ऐंठने की तिकड़म लगा रहा है; और दूसरा यह कि राजीव सिंघल की उम्मीदवारी की बागडोर सँभाले एमएस जैन को लग यह रहा है कि सुनील गुप्ता पहले तो राजीव सिंघल से पैसे ऐंठ लेगा, और फिर और रकम बटोरने के उद्देश्य से दिवाकर अग्रवाल से जा मिलेगा तथा राजीव सिंघल को धोखा देगा । इसलिए ही, एमएस जैन को सुनील गुप्ता को अभी ही बेनकाब करना जरूरी लगा, जिससे कि सुनील गुप्ता की गर्दन को पकड़े रखा जा सके । राजीव सिंघल के कुछेक समर्थकों ने एमएस जैन से कहा भी कि इस तरह से तो सुनील गुप्ता बिदक जायेगा और वह अभी से राजीव सिंघल के खिलाफ हो जायेगा; लेकिन एमएस जैन ने उन्हें यह कर चुप कर दिया कि वह सुनील गुप्ता को अच्छे से जानते हैं, वह पैसे का लालची है और अभी राजीव सिंघल के खिलाफ जाने की हिम्मत बिलकुल भी नहीं करेगा । 
सुनील गुप्ता हिम्मत करेंगे या नहीं; और सरे आम 'जूते मारने' वाले लोगों के साथ ही बने रहेंगे या उनका साथ छोड़ेंगे - यह तो आगे पता चलेगा; लेकिन एक बात साफ है कि एमएस जैन की इस चिट्ठी ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी लड़ाई में राजीव सिंघल के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है । मेरठ के दो गवर्नर्स - संजीव रस्तोगी और सुनील गुप्ता पर एमएस जैन ने झूठे/सच्चे आरोपों के साथ जो हमला बोला है, उसके कारण मेरठ में राजीव सिंघल के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है । एमएस जैन की इस चिट्ठी को बदनीयतीभरा माना/देखा गया है, और कहा जा रहा है कि दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को डिस्ट्रिक्ट में मिलते दिख रहे समर्थन से राजीव सिंघल के समर्थक नेता इस कदर हताश/निराश होकर बौखला गए हैं कि 'अपनों' को ही निशाना बनाने लगे हैं । राजीव सिंघल के ही समर्थकों ने कहना शुरू कर दिया है कि एमएस जैन जैसे समर्थकों के होते हुए राजीव सिंघल को दुश्मनों की जरूरत नहीं पड़ेगी; और एमएस जैन जैसे समर्थक ही राजीव सिंघल की उम्मीदवारी का बाजा बजा देंगे । एमएस जैन ने चिट्ठी लिखी तो थी दिवाकर अग्रवाल की उम्मीदवारी को नुकसान पहुँचाने के लिए, किंतु उनकी चिट्ठी पर डिस्ट्रिक्ट में जो तमाशा हुआ - झूठे आरोपों के कारण उन्हें संजीव रस्तोगी से माफी माँगने के लिए मजबूर होना पड़ा, तथा सच्चे आरोपों के कारण सुनील गुप्ता को लोगों से मुँह छिपाना पड़ रहा है - उससे नुकसान राजीव सिंघल की उम्मीदवारी को होता दिखा है । एमएस जैन की इस चिट्ठी से दरअसल राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थकों की फूट सामने आई है और उनमें आपस में एक-दूसरे को नीचा दिखाने की तथा एक-दूसरे पर हावी होने की होड़ लोगों के बीच प्रकट हुई है । इससे राजीव सिंघल की उम्मीदवारी ही संकट में फँसी नजर आने लगी है ।