Monday, March 20, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 की चुनावी राजनीति में फरीदाबाद के वोटों का ठेकेदार बनने की कोशिश में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी विनय भाटिया द्धारा केसी लखानी व नवदीप चावला का नाम घसीटे जाने से फरीदाबाद में बबाल

फरीदाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी विनय भाटिया ने पप्पूजीत सिंह सरना के साथ मिलकर फरीदाबाद के वरिष्ठ रोटेरियन केसी लखानी तथा नवदीप चावला का नाम लेकर इस वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में फरीदाबाद का ठेकेदार बनने की जो कोशिश की है, उसे लेकर केसी लखानी और नवदीप चावला ने तो अपनी नाराजगी व्यक्त की ही है - फरीदाबाद के क्लब्स के अध्यक्षों ने भी अपना असंतोष जताया है । यहाँ यह याद करना प्रासंगिक होगा कि पिछले रोटरी वर्ष में विनय भाटिया को चुनाव जितवाने के लिए पप्पूजीत सिंह सरना ने जिस तरह की छिछोरपंती की थी, उसकी चर्चा रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड की मीटिंग तक में हुई थी, और बोर्ड के फैसले में नाम लेकर पप्पूजीत सिंह सरना की भूमिका की भर्त्सना की गई थी और डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई थी कि आगे के चुनावों की प्रक्रिया में पप्पूजीत सिंह सरना को आधिकारिक रूप से शामिल नहीं किया जाना चाहिए । विनय भाटिया और पप्पूजीत सिंह सरना की हरकतों के कारण रोटरी की दुनिया में डिस्ट्रिक्ट 3011 की न सिर्फ भारी बदनामी हुई, बल्कि डिस्ट्रिक्ट के सामने अपने अस्तित्व को बचाए/बनाए रखने का खतरा तक पैदा हुआ । पिछले रोटरी वर्ष की उनकी हरकतों को तथा उनकी हरकतों के कारण रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड के आए फैसले को देखते हुए ही पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता ने इस वर्ष के चुनाव में रोटरी 'पदाधिकारियों' के दूर रहने की उम्मीद घोषित की थी । रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड में पप्पूजीत सिंह सरना की हरकतों का संज्ञान लिए जाने तथा उनकी भूमिका की भर्त्सना होने - और सुशील गुप्ता की उम्मीद घोषित होने - के चलते विश्वास किया गया था कि कम से कम विनय भाटिया तो अपने पद की जिम्मेदारी समझेंगे और चुनावी छिछोरपंती से इस बार दूर रहेंगे । लेकिन डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में फरीदाबाद के वोटों का ठेकेदार बनने की कोशिश में विनय भाटिया ने न डिस्ट्रिक्ट की बदनामी की परवाह की, न रोटरी इंटरनेशनल बोर्ड के पिछले वर्ष के फैसले को याद रखा और न डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पूर्व गवर्नर सुशील गुप्ता की हिदायत की चिंता की है । 
फरीदाबाद के वोटों का ठेकेदार बनने की कोशिश में विनय भाटिया ने हद तो यह की कि फरीदाबाद के केसी लखानी तथा नवदीप चावला जैसे जिन वरिष्ठ रोटेरियंस के सहयोग और समर्थन के बूते वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनने की लाइन में लग पाए हैं, उन्होंने उनको भी अपने 'अंडर' में दिखाने/जताने का काम किया है । हुआ दरअसल यह कि इस वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में भूमिका को लेकर फरीदाबाद के प्रमुख रोटेरियंस की एक मीटिंग हुई । मीटिंग में विनय भाटिया ने सुझाव दिया कि फरीदाबाद के क्लब्स को किसी एक उम्मीदवार के पक्ष में वोट करना चाहिए और इस तरह फरीदाबाद की एकता को जाहिर करना चाहिए । उनके इस सुझाव का सभी ने समर्थन किया - किंतु आगे बात इस मुद्दे पर बिगड़ गई कि फरीदाबाद के क्लब्स किस 'एक उम्मीदवार' का समर्थन करें ? किसी ने संजीव राय मेहरा का नाम लिया, तो अधिकतर क्लब्स के अध्यक्षों का कहना रहा कि उन्हें और रोटरी में उनकी सक्रियता व संलग्नता के बारे में तो हम जानते ही नहीं हैं; किसी ने रवि दयाल का नाम लिया, तो अधिकतर लोगों का कहना रहा कि पिछले वर्ष उन्हें अस्वीकार करने के बाद इस वर्ष यदि हम उन्हें चुनते हैं तो डिस्ट्रिक्ट में लोगों के बीच समझा यह जायेगा कि हम उन्हें गवर्नर के रूप में योग्य तो मानते हैं, किंतु पिछले वर्ष हमने क्षेत्रवाद के चक्कर में उन जैसे योग्य को न चुनकर एक घटिया व्यक्ति को चुन लिया था - और इससे हमारी ही बदनामी होगी; मीटिंग में सुरेश भसीन का नाम भी लिया गया, किंतु उनके नाम पर आपत्तियाँ आईं कि उन्होंने रोटरी में चुनाव लड़ने के अलावा और क्या किया है; मीटिंग में कई लोगों ने अनूप मित्तल के पक्ष में बातें कीं और कहा कि अनूप मित्तल ने पिछले कुछेक वर्षों में डिस्ट्रिक्ट में उल्लेखनीय काम भी किया है, रोटरी में व्यापक स्तर पर उनकी संलग्नता और स्वीकार्यता भी है और एक उम्मीदवार के रूप में भी उन्होंने पूरी एनर्जी के साथ अपना अभियान चलाया हुआ है - और यह सब देखते हुए उनकी उम्मीदवारी को समर्थन दिया जाना चाहिए । मीटिंग में अनूप मित्तल के नाम पर सहमति बनती देख, दूसरे उम्मीदवारों के समर्थकों ने यह कहते हुए जल्दी जल्दी मचाते हुए मीटिंग को खत्म करने पर जोर दिया कि फरीदाबाद में किसी के नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है, इसलिए फरीदाबाद के क्लब्स अपनी अपनी समझ और अपने अपने विवेक के आधार पर फैसला करें और जिसे ठीक समझें उसे वोट दें । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए अनूप मित्तल के नाम पर सहमति बनाने की कोशिश करने वाले लोगों ने भी इस बात को मान लिया - और मीटिंग समाप्त हो गई ।
विनय भाटिया और पप्पूजीत सिंह सरना ने अगले दिन लेकिन लोगों को फोन कर कर के यह बताना शुरू किया कि 'हमने तय किया है कि' फरीदाबाद के क्लब्स संजीव राय मेहरा के पक्ष में वोट करेंगे । विनय भाटिया ने अपनी बात में वजन पैदा करने के लिए लोगों से यह भी कहा कि 'मैंने' केसी लखानी और नवदीप चावला को भी बता दिया है कि ऐसा करने में ही फरीदाबाद की भलाई है, और उन्हें भी 'मेरी' बात समझ में आ गई है । यह बात तुरंत ही केसी लखानी और नवदीप चावला तक पहुँची, तो वह विनय भाटिया पर बहुत बिगड़े । उनका कहना रहा कि विनय भाटिया अपनी राजनीति में उनका नाम न घसीटें और लोगों को यह बताने/दिखाने की कोशिश न करें कि वह उन्हें 'समझायेंगे' । फरीदाबाद की राजनीति का ठेकेदार बनने की कोशिश में विनय भाटिया ने केसी लखानी व नवदीप चावला जैसे वरिष्ठ रोटेरियंस की प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ करने की जो कोशिश की है, उसे फरीदाबाद के दूसरे लोगों ने भी पसंद नहीं किया है । फरीदाबाद में लोगों का कहना है कि विनय भाटिया को अपनी हरकतों के कारण होती अपनी बदनामी की फिक्र भले ही न हो, लेकिन उन्हें फरीदाबाद की और केसी लखानी व नवदीप चावला जैसे रोटेरियंस की पहचान और प्रतिष्ठा के साथ तो खिलवाड़ नहीं ही करना चाहिए । विनय भाटिया के नजदीकियों के अनुसार, उन्होंने विनय भाटिया को कहा भी कि अपने रवैये से उन्हें केसी लखानी व नवदीप चावला जैसे लोगों को नाराज नहीं करना चाहिए, अन्यथा उन्हें मुश्किल होगी - जिस पर विनय भाटिया से उन्हें सुनना पड़ा कि इनकी चिंता करने की जरूरत नहीं है, 'मैं' जानता हूँ कि इन्हें कैसे खुश किया जा सकता है; आप देखियेगा कि यह वही करेंगे, जो 'मैं' कह रहा हूँ ।
फरीदाबाद में क्लब्स के अध्यक्ष भी तथा अन्य लोग भी इस बात पर लेकिन हैरान हैं कि विनय भाटिया आखिर संजीव राय मेहरा के प्रति इतने लगाव में क्यों हैं कि वह केसी लखानी व नवदीप चावला जैसे वरिष्ठ रोटेरियंस की प्रतिष्ठा से भी खिलवाड़ करने को तैयार हो गए हैं । विनय भाटिया के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि संजीव राय मेहरा पेशे से चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं और उनसे विनय भाटिया को प्रोफेशनल काम मिलने की उम्मीद है, जिसे और ठोस रूप देने के लिए विनय भाटिया ने उन्हें गवर्नर चुनवाने का जिम्मा ले लिया है । उनके नजदीकियों का भी कहना है कि प्रोफेशनल स्वार्थ में वह जो करना चाहें, वह करें - लेकिन होशियारी से करें; और इस बात का ख्याल रखें कि ऐसा करते हुए वह फरीदाबाद के रोटेरियंस को इस्तेमाल न करें और उन्हें बेइज्जत न करें । देखना दिलचस्प होगा कि केसी लखानी, नवदीप चावला तथा फरीदाबाद के दूसरे लोगों की नाराजगी से विनय भाटिया कोई सबक लेते हैं - या अपने प्रोफेशनल स्वार्थ तथा फरीदाबाद के वोटों के ठेकेदार बनने की कोशिश में वह उन्हें बेइज्जत करना जारी रखेंगे ?

Sunday, March 19, 2017

लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सी वन के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी की डिस्ट्रिक्ट से लेकर मल्टीपल तक होती/बढ़ती फजीहत को देखते हुए अनुपम भटनागर तथा रेखा गुप्ता ने भी उनकी ठगी की राजनीति से पीछा छुड़ाया

देहरादून । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शिव कुमार चौधरी की कारस्तानियों से तंग आकर उनके भरोसे सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद की उम्मीदवार बनीं रेखा गुप्ता न सिर्फ अपनी उम्मीदवारी से पीछे हट गईं हैं, बल्कि उन्होंने मुकेश गोयल की छत्रछाया में लायनिज्म की अपनी आगे की यात्रा को पूरा करने का संकल्प भी घोषित कर दिया है । रेखा गुप्ता के अचानक आए इस फैसले से भन्नाए शिव कुमार चौधरी 27 मार्च को बुलाई गई कैबिनेट मीटिंग को स्थगित करने के लिए मजबूर हुए हैं । डिस्ट्रिक्ट में शिव कुमार चौधरी की कार्यप्रणाली से परिचित लोगों को लगता है कि उक्त कैबिनेट मीटिंग का खर्चा वह रेखा गुप्ता से ऐंठने वाले थे, लेकिन उम्मीदवारी से पीछे हठकर रेखा गुप्ता ने चूँकि उस संभावना को खत्म कर दिया - इसलिए 'विशेष परिस्थितियों' और 'विशेष कारणों' का नाम लेकर शिव कुमार चौधरी के सामने उक्त कैबिनेट मीटिंग को स्थगित करने के अलावा और कोई चारा ही नहीं रहा । पिछले दिनों ही, शिव कुमार चौधरी के ही भरोसे सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे अनुपम भटनागर ने शिव कुमार चौधरी पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाते हुए उनसे पीछा छुड़ाया था, और मुकेश गोयल की राजनीति के साथ जुड़ने की घोषणा की थी । देहरादून के लायन सदस्यों के बीच चर्चा सुनी गई कि अनुपम भटनागर की उम्मीदवारी का हव्वा खड़ा करके शिव कुमार चौधरी रेखा गुप्ता को ब्लैकमेल कर रहे थे, और रेखा गुप्ता की उम्मीदवारी के भरोसे वह फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय सिंघल को ब्लैकमेल करने का जाल बिछा रहे थे ।
फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय सिंघल को ब्लैकमेल करने की योजना के कारण ही शिव कुमार चौधरी ने डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस लेट करने - मल्टीपल काउंसिल की कॉन्फ्रेंस से पहले न करने की चाल चली । इससे होना सिर्फ यह है कि अजय सिंघल मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के चुनाव में वोट देने का अधिकार नहीं पा सकेंगे । इसमें अजय सिंघल का भला क्या जायेगा ? शिव कुमार चौधरी की यह कारस्तानी ठीक वैसी ही है, जैसे कोई धोबी ऐन मौके पर दूल्हे की ड्रेस प्रेस करके न दे और इस बात पर अपनी पीठ थपथपाए कि उसने दूल्हे को वह ड्रेस नहीं पहनने दी, जिसे उसने पसंद से तैयार करवाया था । यह ठीक है कि दूल्हे और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के मन में धोबी की इस हरकत से थोड़ी देर के लिए खिन्नता पैदा होगी, लेकिन पूरे संदर्भ में देखें तो इस बात से भला क्या फर्क पड़ेगा ? छोटी/ओछी और घटिया सोच के चलते शिव कुमार चौधरी ने अपनी हरकत से डिस्ट्रिक्ट में ही नहीं, बल्कि मल्टीपल में भी अपनी फजीहत और करवा ली है, जिस कारण मल्टीपल में वह पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं । उल्लेखनीय है कि इस समय हर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अगले लायन वर्ष की मल्टीपल काउंसिल में कोई न कोई पद पाने की कोशिश कर रहा है, हर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का यह सपना होता है कि वह जहाँ तक पहुँचा है - वहाँ से आगे बढ़े; मल्टीपल के नौ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स में लेकिन एक अकेले शिव कुमार चौधरी ऐसे हैं, जिन्हें अपनी हरकतों के चलते मल्टीपल के लोगों से मुँह छिपाते रहना पड़ रहा है । उनकी हरकत से इंटरनेशनल प्रेसीडेंट होने जा रहे नरेश अग्रवाल तक को नीचा और देखना पड़ रहा है, जिस कारण मल्टीपल में हर कोई शिव कुमार चौधरी को आलोचना और मजाक का शिकार बना रहा है । अपनी दशा का उन्हें पता भी है, इसीलिए उन्हें मल्टीपल के लोगों से मुँह छिपाना पड़ रहा है और इसी चक्कर में वह मल्टीपल की तीसरी मीटिंग में भी नहीं गए और मल्टीपल कॉन्फ्रेंस में भी वह - अपनी ही हरकतों के चलते नहीं जा पायेंगे । अजय सिंघल के लिए जरा सी परेशानी पैदा करने के ऐवज में उन्होंने अपनी भारी दुर्गति और बदनामी करवा ली । मूर्खतापूर्ण और घटिया सोच की हद यह है कि इसे वह अपनी 'उपलब्धि' मान/बता रहे हैं ।
शिव कुमार चौधरी की हर जगह होती/बढ़ती फजीहत को देख कर पहले अनुपम भटनागर और फिर रेखा गुप्ता ने भी उनका साथ छोड़ने में अपनी भलाई देखी/पहचानी - और उनका साथ छोड़ कर मुकेश गोयल की छत्रछाया में पहुँचने का कदम उठाया । उल्लेखनीय है कि रेखा गुप्ता ने पिछले लायन वर्ष में शिव कुमार चौधरी के समर्थन के भरोसे मुकेश गोयल के उम्मीदवार विनय मित्तल के खिलाफ चुनाव लड़ा था, और चुनाव में उन्हें बहुत ही बुरी हार का सामना करना पड़ा था । इस वर्ष भी वह शिव कुमार चौधरी के समर्थन के बल पर अपनी उम्मीदवारी बनाए हुए थीं । उनके नजदीकी हालाँकि बताते रहे हैं कि इस वर्ष के हालात को और भी चुनौतीपूर्ण मानते/समझते हुए वह अपनी उम्मीदवारी बनाए रखने के पक्ष में नहीं थीं, लेकिन शिव कुमार चौधरी ने उन्हें समझाया हुआ था कि वह यदि उम्मीदवार नहीं बनीं तो कोई और उम्मीदवार हो जायेगा और फिर उनके लिए गवर्नर का पद और पीछे खिसक जाएगा; शिव कुमार चौधरी ने उन्हें समझाया हुआ था कि वह थोड़े-बहुत पैसे खर्च करते हुए उम्मीदवार बनीं रहें, ताकि हारने के बावजूद अगले वर्ष के लिए उनका मौका बना रहे - अगले वर्ष चाहें तो वह मुकेश गोयल के खेमे में चलीं जाएँ । शिव कुमार चौधरी ने उन्हें यह भी बता दिया कि वह यदि उम्मीदवार नहीं रहती हैं, तो अनुपम भटनागर उम्मीदवार बनने के लिए तैयार हैं ।
रेखा गुप्ता को धीरे-धीरे यह बात लेकिन समझ में आ गई कि उम्मीदवार बने रहने की सलाह शिव कुमार चौधरी उनसे पैसे ऐंठने के लिए दे रहे हैं । उनसे भी पहले अनुपम भटनागर ने इस बात को समझ लिया कि शिव कुमार चौधरी, अजय सिंघल को ब्लैकमेल करने के लिए रेखा गुप्ता को, और रेखा गुप्ता से पैसे ऐंठने के लिए उन्हें इस्तेमाल कर रहे हैं - और साथ ही साथ उनसे भी पैसे ऐंठने के चक्कर में हैं । लिहाजा अनुपम भटनागर ने पहले ही उनसे पीछा छुड़ा लिया; और जल्दी ही रेखा गुप्ता ने भी समझ लिया कि शिव कुमार चौधरी के साथ रहकर उन्होंने अपना काफी नुकसान कर लिया है, और अब यदि उन्होंने शिव कुमार चौधरी से पीछा छुड़ाने में और देर की तो वह अपने नुकसान को और बढ़ाने का काम ही करेंगी । फलस्वरूप उन्होंने भी शिव कुमार चौधरी की ठगी की गंदी राजनीति को नमस्कार करने की घोषणा कर दी । रेखा गुप्ता की इस घोषणा ने शिव कुमार चौधरी के लिए इतिहास को दिलचस्प तरीके से दोहराया है । चार वर्ष पहले शिव कुमार चौधरी अपने पहले चुनाव में जब सुनील निगम से बहुत ही बुरी तरह हार गए थे, तब उन्हें समझ में आ गया था कि मुकेश गोयल की शरण में जाए बिना वह गवर्नर नहीं बन पायेंगे । मुकेश गोयल के समर्थन की कृपा से गवर्नर बने शिव कुमार चौधरी भले ही मुकेश गोयल के अहसान को भुला बैठे हैं, लेकिन रेखा गुप्ता ने अंततः यह समझ लिया कि गवर्नर बनने के लिए जो 'तरीका' शिव कुमार चौधरी ने अपनाया था, मुकेश गोयल की छत्रछाया में जाने के उसी तरीके को उन्हें भी अपना लेना चाहिए ।

Saturday, March 18, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में मुकेश अरनेजा के भरोसे रमेश अग्रवाल ने जेके गौड़ को चुनौती देने की तैयारी शुरू की, तो अगले रोटरी वर्ष का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का चुनाव आलोक गुप्ता की मुट्ठी में जाता दिखा

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल ने इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी के लिए अपनी उम्मीदवारी के बाबत सक्रियता दिखा कर डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में हलचल मचा दी है - जो अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए बनने वाले चुनावी समीकरणों को भी प्रभावित करती नजर आ रही है । उल्लेखनीय है कि उक्त पद के लिए अभी तक जेके गौड़ की दावेदारी को निर्विवाद रूप से देखा/पहचाना जा रहा था, और रमेश अग्रवाल ने भी इस 'स्थिति' के सामने समर्पण किया हुआ था । लेकिन अब जिस तरह अचानक से रमेश अग्रवाल उक्त पद के लिए अपनी उम्मीदवारी के बाबत सक्रिय हुए हैं, उससे लोगों को लगा है कि अंदरखाने रमेश अग्रवाल को कोई बड़ा 'ताकत का इंजेक्शन' लगा है - जिसके असर में उन्हें उक्त नोमीनेटिंग कमेटी में अपनी जगह पक्की होती हुई दिखी है, और उन्होंने इसके लिए प्रयास शुरू कर दिया है । दो दिन पहले रोटरी क्लब गाजियाबाद आईडियल के कार्यक्रम में अपनी पत्नी के साथ उनके आने/पहुँचने तथा देर रात तक अशोक अग्रवाल के साथ तू तू मैं मैं में उनके उलझे रहने से लोगों को यह 'संदेश' तो मिल गया है कि रमेश अग्रवाल ने उक्त पद के लिए जेके गौड़ के साथ दो-दो हाथ करने की तैयारी कर ली है । रमेश अग्रवाल के नजदीकियों ने इन पँक्तियों के लेखक से बात करते हुए साफ कहा कि रमेश अग्रवाल इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के चयन के लिए बनने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की सदस्यता के लिए उम्मीदवार हो रहे हैं, और वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं ।
रमेश अग्रवाल को इसके लिए ताकत का इंजेक्शन कहाँ से और किस से मिल रहा है, इस बारे में उनके नजदीकी साफ साफ तो कुछ नहीं बता रहे हैं - लेकिन वह यह जरूर कह रहे हैं कि यहाँ दुश्मन को दोस्त बनने में कितनी देर लगती है ? इससे समझा जा रहा है कि रमेश अग्रवाल को ताकत का इंजेक्शन मुकेश अरनेजा की तरफ से लगा है । मजे की बात यह है कि मुकेश अरनेजा के भरोसे ही अभी तक जेके गौड़ उक्त पद के लिए अकेले और निर्विवाद दावेदार बने हुए थे । माना जा रहा था कि मुकेश अरनेजा किसी भी कीमत पर उक्त पद के लिए रमेश अग्रवाल का समर्थन नहीं ही करेंगे; और इस तरह जेके गौड़ का रास्ता इतना साफ था - कि रमेश अग्रवाल ने उनके रास्ते में आने की हिम्मत तक नहीं की । मुकेश अरनेजा का समर्थन और पक्का करने के लिए ही जेके गौड़ ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में अशोक जैन के साथ धोखा किया । इस धोखाधड़ी के चक्कर में जेके गौड़ वास्तव में अपने ही जाल में फँस गए । अशोक जैन के साथ धोखाधड़ी की तो उन्होंने रमेश अग्रवाल से बदला लेने के लिए - लेकिन इसे अंजाम तक पहुँचाने के लिए उन्होंने सुभाष जैन को जिस तरह से सीढ़ी बनाया और फिर सुभाष जैन को धोखा दिया, उससे जेके गौड़ के बुरे दिनों की शुरुआत हुई ।
जेके गौड़ ने दीपक गुप्ता की जीत का श्रेय जिस तरह से खुद लिया और उसके बाद आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी की खिलाफत करना शुरू किया, उससे उन्होंने वास्तव में मुकेश अरनेजा को भड़काने का काम किया । मुकेश अरनेजा ने अपना अगला लक्ष्य आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी को सफल बनाने का तय किया हुआ है । आलोक गुप्ता को धोखा देने का कलंक वह एक बार अपने माथे पर ले चुके हैं; वह जल्दी से जल्दी उस कलंक से मुक्त होना चाहते हैं । इससे भी बड़ी बात यह कि वह ललित खन्ना की उम्मीदवारी के रास्ते में मुसीबतें खड़ी करना चाहते हैं । ऐसे में, जेके गौड़ ने आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी का विरोध घोषित करके तथा ललित खन्ना की उम्मीदवारी के प्रति नजदीकी दिखा कर वास्तव में मुकेश अरनेजा को सीधी चुनौती देने का काम किया । समझा जाता है कि जेके गौड़ के इसी रवैये ने मुकेश अरनेजा को रमेश अग्रवाल की तरफ धकेलने का काम किया । मुकेश अरनेजा जानते/समझते हैं कि रमेश अग्रवाल इस समय इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की सदस्यता के लिए मरे जा रहे हैं; रोटरी में अपने भविष्य को बचाए रखने के लिए रमेश अग्रवाल को उक्त सदस्यता प्राप्त करना जरूरी लग रहा है । मुकेश अरनेजा को लगता है कि उक्त सदस्यता दिलवाने के लिए वह यदि रमेश अग्रवाल की मदद करते हैं, तो रमेश अग्रवाल भी बदले में आलोक गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी चुनवाने में उनकी मदद करेंगे ।
मुकेश अरनेजा की तरफ से दोस्ती के लिए बढ़े हाथ ने रमेश अग्रवाल को उत्साहित किया है, और उन्हें उम्मीद हो चली है कि मुकेश अरनेजा के भरोसे वह जेके गौड़ का चुनावी मुकाबला कर लेंगे । डिस्ट्रिक्ट में हालाँकि कई लोगों का मानना और कहना है कि रमेश अग्रवाल की डिस्ट्रिक्ट में बहुत ही बदनामी है; पिछले दिनों ही संपन्न हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में अशोक जैन को मिली भारी हार के नतीजे को रमेश अग्रवाल के प्रति डिस्ट्रिक्ट के लोगों की नाराजगी के रूप में ही देखा/पहचाना गया है । मुकेश अरनेजा का संग-साथ उनकी बदनामी में कोई कमी करेगा - इसे लेकर लोगों को शक है; क्योंकि मुकेश अरनेजा की उनसे ज्यादा बदनामी है । पिछले दिनों ही संपन्न हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में मुकेश अरनेजा जिन दीपक गुप्ता के समर्थन में थे, उन दीपक गुप्ता ने उनसे कहा हुआ था कि - तुम बस मेरी एक मदद करो और वह यह कि तुम मेरी कोई मदद न करो ! मुकेश अरनेजा ने दीपक गुप्ता की बात मान ली थी, और वह उनकी उम्मीदवारी के लिए कुछ करते हुए नहीं नजर आए - जिसका नतीजा रहा कि दीपक गुप्ता को अच्छी जीत मिली । पिछले रोटरी वर्ष में मुकेश अरनेजा ने दीपक गुप्ता के पक्ष में जोरदार अभियान चलाया था, और नतीजा हुआ था कि दीपक गुप्ता बुरी तरह हार गए थे । इसी आधार पर माना/कहा जा रहा है कि मुकेश अरनेजा का संग-साथ मिल जाने से रमेश अग्रवाल की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो जायेगा । हाँ, यह जरूर होगा कि जेके गौड़ के लिए डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच जब कोई समर्थन-आधार नहीं बचा रह जायेगा, तब रमेश अग्रवाल के लिए जेके गौड़ से निपटना आसान जरूर हो जायेगा ।
इंटरनेशनल डायरेक्टर पद के लिए अधिकृत उम्मीदवार का चयन करने वाली नोमीनेटिंग कमेटी की सदस्यता के लिए रमेश अग्रवाल को मिलते दिख रहे मुकेश अरनेजा के समर्थन का डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के समीकरणों पर भी असर पड़ना लाजिमी है । रमेश अग्रवाल की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ा कर मुकेश अरनेजा ने अगले रोटरी वर्ष के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव को आलोक गुप्ता की मुट्ठी में कर देने का उपक्रम भी कर दिया है । आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी को मुकेश अरनेजा के साथ साथ रमेश अग्रवाल का भी समर्थन मिलेगा, तो आलोक गुप्ता की उम्मीदवारी के अभियान के सामने चुनौती कम होगी और उन्हें मनोवैज्ञानिक फायदा पहुँचेगा ।

Friday, March 17, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 - यानि राजा साबू के डिस्ट्रिक्ट में अपने प्रतिद्धंद्धियों के मुकाबले 'वजनदार' दिख रहे कपिल गुप्ता को अचानक से प्रस्तुत हुई रमेश बजाज की उम्मीदवारी से झटका लगा

पानीपत । रमेश बजाज ने वर्ष 2018-19 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत करके डिस्ट्रिक्ट 3080 की चुनावी राजनीति में भारी उठा-पटक की स्थितियाँ पैदा कर दी हैं । रमेश बजाज को अभी हाल ही में चुने गए वर्ष 2019-20 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जितेंद्र ढींगरा के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; दरअसल इसीलिए हर किसी को रमेश बजाज की उम्मीदवारी के प्रस्तुत होने पर हैरानी हुई है - क्योंकि दो दिन पहले तक जितेंद्र ढींगरा का समर्थन कपिल गुप्ता को मिलने की चर्चा की जा रही थी । रोटरी क्लब यमुनानगर के कपिल गुप्ता को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सतीश सलूजा के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है - और सतीश सलूजा अपने उम्मीदवार के रूप में कपिल गुप्ता के लिए समर्थन जुटाने को लेकर चंडीगढ़ के कुछेक 'बड़े' नेताओं की आलोचना का शिकार भी हो चुके हैं । माना जा रहा था कि जितेंद्र ढींगरा की अगुआई में डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में जो विरोधी खेमा बना है, वह कपिल गुप्ता को समर्थन देकर राजा साबू के नेतृत्व वाले खेमे में फूट की प्रक्रिया को तेज और बड़ा करेगा । जितेंद्र ढींगरा यूँ भी सतीश सलूजा के नजदीक रहे हैं । कपिल गुप्ता ने उम्मीदवारी प्रस्तुत करने से पहले स्थितियों की चूँकि खासी 'पड़ताल' कर ली थी; और जितेंद्र ढींगरा भी 'टकराव' की बजाए 'शांति' के मार्ग पर चलने के संकेत दे रहे थे - इसलिए कपिल गुप्ता को जितेंद्र ढींगरा की अगुआई वाले खेमे का समर्थन मिलना पक्का माना जा रहा था । लेकिन अचानक से प्रस्तुत हुई रमेश बजाज की उम्मीदवारी ने वर्ष 2018-19 के गवर्नर के लिए बनने वाले समीकरणों को छिन्न-भिन्न कर दिया है । 
रमेश बजाज की उम्मीदवारी ने कपिल गुप्ता की उम्मीदवारी के लिए तो समस्या खड़ी की ही है, साथ ही जितेंद्र ढींगरा के लिए भी चुनौती पैदा कर दी है । पानीपत में रमेश बजाज के नजदीकियों का ही कहना है कि अचानक से प्रस्तुत हुई रमेश बजाज की उम्मीदवारी से जितेंद्र ढींगरा खुश नहीं हैं; जितेंद्र ढींगरा ने उनसे कहा है कि वह अभी यह नहीं चाहते हैं कि उनके साथ नजदीकी से जुड़े लोग उम्मीदवार बनें - क्योंकि इससे डिस्ट्रिक्ट में टकराव बढ़ेगा । रमेश बजाज के इन्हीं नजदीकियों का कहना है कि वह जितेंद्र ढींगरा के इस तर्क से सहमत तो हैं, लेकिन कपिल गुप्ता ने पानीपत में जिस तरह से पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स - प्रमोद विज और रंजीत भाटिया के साथ नजदीकी बनाने और 'दिखाने' की कोशिश की है, उसके विरोध स्वरूप ही रमेश बजाज अपनी उम्मीदवारी के साथ आगे आए हैं । रमेश बजाज के नजदीकियों को भरोसा है कि रमेश बजाज यदि अपनी उम्मीदवारी पर बने/टिके रहे तो जितेंद्र ढींगरा अंततः उनका समर्थन करने के लिए मजबूर हो जायेंगे । रमेश बजाज के कुछेक नजदीकियों का यह भी कहना है कि कपिल गुप्ता पानीपत में यदि प्रमोद विज और रंजीत भाटिया से 'दूर' रहें, तो रमेश बजाज अपनी उम्मीदवारी पर पुनर्विचार करते हुए पीछे भी हट सकते हैं ।  
यह सारा झंझट वास्तव में इसलिए भी खड़ा हुआ है, क्योंकि जितेंद्र ढींगरा की अगुआई वाले खेमे के लोगों में आगे की रणनीति को लेकर गंभीर मतभेद हैं : जितेंद्र ढींगरा कुछ समय 'शांत' रहना चाहते हैं और राजा साबू के नेतृत्व वाले सत्ता खेमे के बँटने का इंतजार करना तथा बँटवारे को तेज करने में मदद करना चाहते हैं; अन्य कुछ लोग लेकिन जितेंद्र ढींगरा की जोरदार जीत से उत्साहित हैं और चाहते हैं कि सत्ता खेमे के साथ उन्हें अपनी 'लड़ाई' जारी रखनी चाहिए । जितेंद्र ढींगरा को 'शांति के मार्ग' पर बढ़ता देख उनके अपने लोगों को भी लगता है कि जितेंद्र ढींगरा की शायद सत्ता खेमे के कुछेक नेताओं से साठगाँठ है; जितेंद्र ढींगरा ने पिछले दो वर्ष जो लड़ाई लड़ी है और जीती है, उसमें सत्ता खेमे के लोगों की दबी-छिपी साठगाँठ का 'सहयोग' भी देखा/पहचाना गया है; जितेंद्र ढींगरा खुद सत्ता खेमे के हिस्सा रहे ही हैं - इन्हीं सब तथ्यों के आलोक में समझा जाता है कि जितेंद्र ढींगरा सत्ता खेमे के ही एक ग्रुप के साथ मिल कर अपनी आगे की 'यात्रा' जारी रखना चाहते हैं; और इसीलिए वह चाहते हैं कि पिछले दो वर्षों की लड़ाई में जो लोग घोषित रूप से उनके साथ थे, वह सब अपनी अपनी तलवारें अब म्यानों में वापस रख लें - लेकिन उनके साथ रहे लोग जीत से इतने उत्साहित हैं कि वह तलवारें चमकाते हुए अभी और 'मारकाट' मचाना चाहते हैं । इस नजारे को नजदीक से देख/पहचान रहे लोगों का कहना है कि जितेंद्र ढींगरा के साथी तो जोश के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन जितेंद्र ढींगरा जोश के साथ होश भी बनाए रखना चाहते हैं । जीत के जोश से भरे अपने ही साथियों को 'नियंत्रण' में रखना जितेंद्र ढींगरा की आगे की राजनीति के लिए गंभीर चुनौती है ।
रमेश बजाज के नजदीकियों का ही कहना/बताना है कि जितेंद्र ढींगरा ने रमेश बजाज की उम्मीदवारी को लेकर नाखुशी इसी कारण से प्रकट की है, क्योंकि इससे राजा साबू की छत्रछाया में चल रहे सत्ता खेमे को अपनी एकजुटता बनाए रखने में मदद मिलेगी । रमेश बजाज की उम्मीदवारी से निपटने के लिए, अभी चंडीगढ़ और उत्तराखंड के जो नेता कपिल गुप्ता की उम्मीदवारी को हजम नहीं कर पा रहे हैं - वह सभी कपिल गुप्ता की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए मजबूर हो जायेंगे । दरअसल वर्ष 2018-19 के गवर्नर पद के लिए बाकी जो नाम चर्चा में हैं, जो पिछले वर्षों में भी उम्मीदवार रहे हैं, उनमें ज्यादा एनर्जी नहीं देखी/पहचानी जा रही है - उनके मुकाबले कपिल गुप्ता का 'वजन' ज्यादा देखा/पहचाना जा रहा है । कपिल गुप्ता को अभी चंडीगढ़ और उत्तराखंड के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की जिस नापसंदगी तथा विरोध का सामना करना पड़ रहा है, उसका कारण खेमे के लोगों के बीच की आपसी ईर्ष्या व प्रतिस्पर्धा है; चंडीगढ़ व उत्तराखंड के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को यह बात हजम करना मुश्किल हो रहा है कि वह जिन उम्मीदवारों को पिछले दो दो और चार चार वर्षों से ढो रहे हैं, उन्हें दस दिन पहले उम्मीदवार बने कपिल गुप्ता किनारे धकेल कर आगे आ जाएँ । समझा जाता है कि जितेंद्र ढींगरा सत्ता खेमे की इसी 'लड़ाई' का फायदा उठाने की कोशिश के चलते कपिल गुप्ता की उम्मीदवारी का समर्थन करने की तैयारी कर रहे थे, जिसे लेकिन रमेश बजाज की अचानक से प्रस्तुत हुई उम्मीदवारी ने फेल कर दिया है ।
रमेश बजाज की उम्मीदवारी को एक स्थानीय 'झगड़े' की प्रतिक्रिया के रूप में भी देखा/पहचाना जा रहा है, और इसलिए अभी उनकी उम्मीदवारी को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है । दरअसल पिछले दो वर्षों की 'लड़ाई' ने जगह जगह के स्थानीय झगड़ों को मुखर बनाने का काम किया है, जिसकी सबसे तीखी प्रतिक्रिया पानीपत में देखने को मिल रही है । यहाँ रंजीत भाटिया और प्रमोद विज से नाराज रहने वालों की एक बड़ी संख्या है, जो जितेंद्र ढींगरा की जीत से खासे उत्साहित हैं - और जो रंजीत भाटिया व प्रमोद विज को किनारे लगाने/रखने का काम जारी रखना चाहते हैं । कपिल गुप्ता पानीपत के लोगों के इस मूड को भाँपने में लगता है कि चूक गए और रंजीत भाटिया व प्रमोद विज के साथ अपनी नजदीकी बनाने/दिखाने में लग गए । रमेश बजाज के नजदीकियों का ही कहना है कि रमेश बजाज की उम्मीदवारी कपिल गुप्ता के इसी व्यवहार के प्रति नाराजगी का प्रकटीकरण भी है । इसी कारण से उनकी उम्मीदवारी के बने रहने को लेकर लोगों के बीच सवाल है । रमेश बजाज की उम्मीदवारी बनी रहेगी या नहीं, यह तो अगले कुछ दिनों में साफ हो जायेगा; अभी लेकिन उनकी उम्मीदवारी ने कपिल गुप्ता के लिए मुसीबत यह तो बढ़ाई है कि अब उन्हें चंडीगढ़ व उत्तराखंड के रूठे हुए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को मनाने में जुटना पड़ेगा, और जितेंद्र ढींगरा के लिए चुनौती यह पैदा की है कि उनकी जोरदार जीत ने लोगों के बीच उनसे राजनीतिक किस्म की जो उम्मीदें लगाई हैं, उन पर वह कैसे खरे उतरें ?

Thursday, March 16, 2017

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन का चुनाव रद्द करके दोबारा होने की घोषणा से सेंट्रल काउंसिल सदस्य मुकेश कुशवाह की फजीहत हुई और प्रकाश शर्मा की मुसीबत बढ़ी

कानपुर । मुकेश कुशवाह ने सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल तथा चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के गौरवशाली इतिहास को कलंकित करने की जो हरकत की, उसके निशान मिटाने के लिए इंस्टीट्यूट प्रशासन ने कदम तो उठाया है - लेकिन मुकेश कुशवाह की हरकतों के दाग इतने गहरे हैं कि लगता नहीं है कि इंस्टीट्यूट प्रशासन के प्रयासों के बावजूद वह पूरी तरह मिट पायेंगे । सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन के चुनाव में चुनाव अधिकारी की भूमिका निभा रहे सेंट्रल काउंसिल सदस्य मुकेश कुशवाह ने अपनी मनमानीपूर्ण बेईमानी से दीप कुमार मिश्र को चेयरमैन 'चुनवाने' का जो कांड किया, इंस्टीट्यूट प्रशासन ने उसे रद्द कर दिया है - और चेयरमैन पद के लिए दोबारा चुनाव कराने का आदेश दिया है । चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट के इतिहास में यह पहला मौका है, जब उसकी किसी रीजनल काउंसिल में चेयरमैन का चुनाव रद्द करके दोबारा चुनाव कराने का निर्णय हुआ है । इंस्टीट्यूट के इतिहास में इस काले अध्याय को जोड़ने की जिम्मेदारी के लिए मुकेश कुशवाह को याद किया जायेगा । इस कलंक-कथा की खास बात यह है कि मुकेश कुशवाह जब इसे 'लिख' ही रहे थे, तब ही इंस्टीट्यूट प्रशासन की तरफ से साफ शब्दों में बता दिया गया था कि वह जो कर रहे हैं - वह नियम विरुद्ध है और गलत है; मुकेश कुशवाह उस समय लेकिन पद की गर्मी और अहंकार में इस कदर जकड़े हुए थे कि उन्होंने साफ साफ लिखे उन शब्दों को कोई अहमियत ही नहीं दी ।
मुकेश कुशवाह को दरअसल उम्मीद थी कि वह जो फैसला कर देंगे, इंस्टीट्यूट प्रशासन अंततः उसे स्वीकार कर ही लेगा । मुकेश कुशवाह की तरफ से उस समय दावा किया भी गया था कि उन्होंने इंस्टीट्यूट के प्रेसीडेंट नीलेश विकमसे के खास सेंट्रल काउंसिल सदस्य अनिल भंडारी से बात कर ली है और अनिल भंडारी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि उन्होंने जो किया है, प्रेसीडेंट के रूप में नीलेश विकमसे उसे पलटेंगे नहीं । अनिल भंडारी से मिले आश्वासन के भरोसे ही मुकेश कुशवाह ने इंस्टीट्यूट के संयुक्त सचिव जी रंगनाथन की तरफ से नियमों के मिले हवाले की परवाह करने की जरूरत नहीं समझी । मुकेश कुशवाह अपनी कारस्तानी को लेकर इसलिए भी आश्वस्त थे क्योंकि उनके किए-धरे को सेंट्रल रीजन के बाकी चार सेंट्रल काउंसिल सदस्यों में से तीन - मनु अग्रवाल, प्रकाश शर्मा तथा केमिशा सोनी का खुला समर्थन मिला था । किंतु किसी का भी आश्वासन और समर्थन उनके काम नहीं आया । लोगों का कहना/मानना है कि दरअसल मुकेश कुशवाह की जैसी छवि है, उसके चलते इंस्टीट्यूट प्रशासन को लगा होगा कि मुकेश कुशवाह की इस हरकत पर उन्होंने यदि कोई कार्रवाई नहीं की तो मुकेश कुशवाह का हौंसला बढ़ेगा और फिर वह अपनी कारस्तानियों से इंस्टीट्यूट और प्रोफेशन को बदनाम करते रहेंगे । इसलिए इंस्टीट्यूट प्रशासन की तरफ से चुनाव अधिकारी के रूप में मुकेश कुशवाह द्धारा मनमानीपूर्ण बेईमानी से कराए गए सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद के चुनाव को रद्द करके उक्त चुनाव को दोबारा कराने का आदेश दिया गया है ।
इंस्टीट्यूट प्रशासन ने इंस्टीट्यूट के इतिहास और उसकी पहचान/प्रतिष्ठा पर मुकेश कुशवाह द्धारा पोती गई कालिख को इस तरह से पौंछने की कोशिश तो की गई है, लेकिन उसकी यह कोशिश अधिकतर लोगों को आधी-अधूरी भी लग रही है । लोगों का मानना/कहना है कि सिर्फ चेयरमैन का ही नहीं, सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल का पूरा चुनाव ही दोबारा होना चाहिए । उनका तर्क है कि रीजनल काउंसिल में पहले चेयरमैन का चुनाव होता है, और यह चुनाव बाकी पदों के लिए होने वाले चुनाव की भावभूमि और केमिस्ट्री तय करता है - इसलिए चेयरमैन के चुनाव में हुई बेईमानी ने बाकी सभी चुनावों पर अपना असर डाला है, इसलिए इंस्टीट्यूट प्रशासन यदि वास्तव में न्याय करना चाहता है तो उसे पूरा चुनाव दोबारा कराना चाहिए; अन्यथा चेयरमैन पद के लिए दोबारा होने वाला चुनाव महज खानापूर्ति करना होगा । मुकेश कुशवाह की मनमानीपूर्ण बेईमानी के चलते चेयरमैन पद पाने से वंचित रहे रोहित रुवाटिया अग्रवाल के समर्थकों व शुभचिंतकों को भी लगता है कि तीन सेंट्रल काउंसिल सदस्यों के समर्थन के बूते मुकेश कुशवाह जो बेईमानी कर सके, उसके चलते दोबारा होने वाले चुनाव में 'वास्तविक चुनाव' नहीं हो सकेगा - और रोहित रुवाटिया अग्रवाल के साथ सचमुच न्याय नहीं हो पायेगा । समर्थकों व शुभचिंतकों की तरफ से रोहित रुवाटिया अग्रवाल को सलाह दी जा रही है कि उन्हें सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के सभी पदों का चुनाव दोबारा कराने हेतु इंस्टीट्यूट प्रशासन को राजी करने के लिए उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करना चाहिए ।
सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद के लिए दोबारा चुनाव होने की स्थिति ने सेंट्रल काउंसिल सदस्य प्रकाश शर्मा के लिए खासी मुसीबत खड़ी कर दी है । माना/समझा जाता है कि रद्द हुए चुनाव में प्रकाश शर्मा ने रोहित रुवाटिया अग्रवाल को समर्थन नहीं दिया था । इसके लिए जयपुर और राजस्थान में उन्हें भारी आलोचना का शिकार होना पड़ा है । लोगों ने उन्हें याद दिलाया कि सेंट्रल काउंसिल की अपनी उम्मीदवारी के लिए उन्होंने जयपुर और राजस्थान का वास्ता देकर ही समर्थन जुटाया था, और अगले चुनाव में भी उन्हें यही 'वास्ता' देना पड़ेगा - ऐसे में जयपुर और राजस्थान को चेयरमैन 'मिलने' के मौके के साथ उन्होंने धोखा क्यों कर दिया ? प्रकाश शर्मा समय के साथ जयपुर और राजस्थान के लोगों के 'घाव' के भरने का इंतजार कर रहे थे कि दोबारा चुनाव होने/कराने की घोषणा ने उनके घावों को कुरेद कर फिर से ताजा कर दिया है । प्रकाश शर्मा और उनके नजदीकियों को यह डर सता रहा है कि चेयरमैन पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव में रोहित रुवाटिया अग्रवाल यदि नहीं जीते, तो जयपुर और राजस्थान में लोग इसके लिए प्रकाश शर्मा को ही जिम्मेदार ठहरायेंगे और इसका खामियाजा उन्हें अगले चुनाव में भुगतना पड़ सकता है ।
सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन पद के लिए दोबारा होने वाले चुनाव का नतीजा क्या होगा, इसका जबाव तो जल्दी ही मिल जायेगा - लेकिन दोबारा चुनाव होने की स्थिति ने मुकेश कुशवाह की बेईमानीपूर्ण कारस्तानी पर जो मोहर लगाई है और प्रकाश शर्मा के लिए जो मुसीबत खड़ी की है, उसने सेंट्रल रीजन में एक दिलचस्प नजारा खड़ा किया है ।

Wednesday, March 15, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को सुशील गुप्ता की चेतावनी के चलते डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए मजबूत समझे/देखे जा रहे उम्मीदवारों को लगे झटके से फायदा अनूप मित्तल को मिलता दिख रहा है

नई दिल्ली । सुशील गुप्ता द्धारा कुछेक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स को चुनावी राजनीति में दिलचस्पी लेने के लिए लगाई फटकार ने संजीव राय मेहरा तथा रवि दयाल की मुसीबत बढ़ाने का काम किया, तो उनकी इस मुसीबत में अनूप मित्तल को अपनी दाल गलाने का मौका मिल गया । उल्लेखनीय है कि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता को जब यह पता चला कि कुछेक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स अपने अपने उम्मीदवारों को समर्थन दिलवाने के लिए सक्रिय हैं, तो वह बुरी तरह नाराज हुए और उन्होंने उन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से अपनी नाराजगी व्यक्त की; सुशील गुप्ता का कहना रहा कि राजनीतिक खेमेबाजी के कारण रोटरी इंटरनेशनल के बड़े पदाधिकारियों के बीच डिस्ट्रिक्ट 3011 की पहले से ही बहुत बदनामी है, और निवर्तमान इंटरनेशनल प्रेसीडेंट केआर रविंद्रन पता नहीं किस 'दुश्मनी' के चलते डिस्ट्रिक्ट पर निगाह लगाए हुए हैं, इसलिए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी लेना डिस्ट्रिक्ट के लिए भी और खुद उनके लिए भी आत्मघाती साबित हो सकता है । सुशील गुप्ता की चेतावनी रही कि जिन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के बारे में प्रतिकूल रिपोर्ट्स 'ऊपर' गईं, उन्हें रोटरी इंटरनेशनल के असाइनमेंट्स मिलना मुश्किल हो जायेंगे । काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की मीटिंग में भी सुशील गुप्ता ने अपनी इस चेतावनी को दोहराया । सुशील गुप्ता की इस चेतावनी का असर होता हुआ दिखा भी, और जो पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स 'छिप-छिपा' कर भी इस या उस उम्मीदवार के समर्थन में कुछ करने के लिए सक्रिय होते देखे/सुने जा रहे थे, वह पीछे हटते देखे/सुने गए ।
इस स्थिति ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के दो उम्मीदवारों - संजीव राय मेहरा तथा रवि दयाल पर बहुत ही बुरा असर डाला है । संजीव राय मेहरा तो पूरी तरह दो-तीन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स पर निर्भर हैं, जिनके पीछे हटने से संजीव राय मेहरा का पूरा अभियान ही ठहर-सा गया है । रवि दयाल ने उम्मीदवार के रूप में अपनी तरफ से यूँ तो काफी मेहनत की है, किंतु उनकी मेहनत को स्वीकार्यता पाने के लिए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के समर्थन की दरकार है । दरअसल पिछले रोटरी वर्ष में चुनावी मुकाबले में पिछड़ जाने पर उन्होंने जिस तरह से कई पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा कर उन्हें निशाना बनाया था, उसके कारण पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स उनके खिलाफ रहे हैं । रवि दयाल के सामने पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की इस खिलाफत और नाराजगी को दूर करने की गंभीर चुनौती है । सभी पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स की नाराजगी दूर करने की बजाए रवि दयाल की तरफ से आसान रास्ता यह निकाला गया कि उनके पक्के वाले समर्थक समझे जाने वाले दो-तीन पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स उनकी उम्मीदवारी के समर्थन में सक्रिय होंगे, तो उनके प्रति नाराजगी और खिलाफत वाला परसेप्शन खत्म हो जायेगा और उनकी उम्मीदवारी के प्रति स्वीकार्यता का भाव पैदा होगा । किंतु सुशील गुप्ता की चेतावनी के चलते सब गुड़ गोबर हो गया लगता है ।
संजीव राय मेहरा और रवि दयाल की इस मुसीबत में अनूप मित्तल को अपनी दाल गलाने का मौका मिल गया । यूँ तो अनूप मित्तल की उम्मीदवारी को भी सात-आठ पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स का सहयोग और समर्थन मिल रहा है, लेकिन वह पूरी तरह उन्हीं के समर्थन के भरोसे नहीं हैं । अनूप मित्तल की तरफ से होशियारी यह की गई कि समर्थक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से उन्हें जो फायदा हो सकता है, वह फायदा उनका नाम लेकर लेने का प्रयास अनूप मित्तल ने खुद किया, जिसका नतीजा यह हुआ कि उनके समर्थक पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स कहीं सीन में भी नहीं आए - और इस कारण वह बदनामी से तथा सुशील गुप्ता की फटकार खाने से भी बचे और उन्होंने काम भी 'कर लिया' । पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स से मिले सहयोग और समर्थन को अपनी सक्रियता तथा अपने प्रबंधन से अनूप मित्तल ने जिस तरह संयोजित किया, उसी का नतीजा रहा कि फरीदाबाद और रोहतक में जो प्रमुख होली मिलन कार्यक्रम हुए, उनमें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों में एक अकेले अनूप मित्तल ही आमंत्रित किए गए । दिल्ली में तीन-चार बड़े और प्रमुख क्लब्स ने सदगुरु का जो कार्यक्रम आयोजित किया, उसमें भी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों में एक अकेले अनूप मित्तल ही आमंत्रित हुए और पहुँचे ।
फरीदाबाद, रोहतक और दिल्ली के बड़े व प्रमुख क्लब्स के आयोजनों में जिस तरह से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों में एक अकेले अनूप मित्तल को ही उपस्थित देखा/पाया गया - और यह जाना गया कि इन आयोजनों में आमंत्रित ही एक अकेले उन्हीं को किया गया है; उससे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में अनूप मित्तल की उम्मीदवारी का महत्त्व बढ़ गया । इसके अलावा, एक बड़ा काम यह और हुआ कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के दूसरे उम्मीदवारों - खासकर संजीव राय मेहरा, रवि दयाल और सुरेश भसीन ने जिस तरह फरीदाबाद व रोहतक के वोटरों पर निर्भरता दिखाई, उससे दिल्ली में इनके प्रति विरोध का भाव बना - और इसका फायदा अनूप मित्तल को मिलता नजर आ रहा है । दिल्ली के छह/सात प्रमुख क्लब्स ने पिछले दिनों एक मीटिंग की, जिसमें करीब 25/26 क्लब्स के प्रेसीडेंट्स उपस्थित हुए - जिसमें इस बात पर नाराजगी व्यक्त की गई कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवार समझने लगे हैं कि वह फरीदाबाद व रोहतक के वोटों से ही गवर्नर चुन लिए जायेंगे और इस तरह वह दिल्ली के क्लब्स की ताकत को कम करके देखते हैं । इस मीटिंग में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों में एक अकेले अनूप मित्तल को ही आमंत्रित किया गया था । इससे अनुमान लगाया गया है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों द्धारा अपनी उपेक्षा को लेकर दिल्ली के क्लब्स के प्रेसीडेंट्स के बीच जो नाराजगी है, वह डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में अनूप मित्तल की उम्मीदवारी के लिए जैसे वरदान का काम कर रही है ।
डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में हाल-फिलहाल के दिनों में जो घटना-चक्र रहा है, और कुछेक घटनाओं के कारण जिस तरह पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर सुशील गुप्ता को पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स के लिए चेतावनी घोषित करना पड़ी है, उसके कारण डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के लिए मजबूत समझे/देखे जा रहे उम्मीदवारों को तगड़ा झटका लगा है - और इसका फायदा अनूप मित्तल को मिलता हुआ दिखा है । इस स्थिति ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी परिदृश्य को खासा दिलचस्प बना दिया है ।

Saturday, March 11, 2017

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में संजीव राय मेहरा के चक्कर में विनय भाटिया की फरीदाबाद में हुई फजीहत अनूप मित्तल के लिए वरदान बन गई

फरीदाबाद । डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी विनय भाटिया ने फरीदाबाद में संजीव राय मेहरा की उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने की मुहिम के बुरी तरह फेल हो जाने के लिए पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनोद बंसल को जिम्मेदार ठहरा कर डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति में खासी गर्मी पैदा कर दी है । डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति के संदर्भ में फरीदाबाद के रोटेरियंस का नेता बनने और 'दिखने' की विनय भाटिया की कोशिश जिस तरह उन्हें ही उल्टी पड़ी है, और फरीदाबाद में वह जिस तरह अलग-थलग पड़े हैं - और अपनी इस फजीहत को छिपाने के लिए उन्होंने जिस तरह विनोद बंसल के पीछे छिपने की कोशिश की है, उससे मामला दिलचस्प भी हो उठा है । फरीदाबाद में विनोद बंसल के जो दूसरे नजदीकी हैं, उनका साफ आरोप है कि विनय भाटिया ने अपने स्वार्थ में विनोद बंसल का नाम इस्तेमाल करते हुए उनका नाम और खराब करने की कोशिश की है । उल्लेखनीय है कि विनोद बंसल ने इस वर्ष अपने आप को डिस्ट्रिक्ट की चुनावी राजनीति से दूर रखा हुआ है - इतना दूर कि उन्होंने सीओएल के लिए अपनी उम्मीदवारी को सफल बनाने के लिए कोई हाथ-पैर नहीं मारे । ऐसे में, लोगों के लिए यह समझना मुश्किल हुआ कि जिन विनोद बंसल ने अपनी खुद की उम्मीदवारी हेतु समर्थन जुटाने के लिए 'राजनीति' नहीं की, वह विनोद बंसल किसी दूसरे के लिए राजनीति भला क्यों करेंगे ? लोगों की इसी समझ के चलते विनय भाटिया का झूठ आसानी से पकड़ा गया ।
विनय भाटिया की फजीहत लेकिन अनूप मित्तल के लिए वरदान बन गई । फरीदाबाद के लोगों ने अपने आप को विनय भाटिया की मुहिम से अलग और दूर दिखाने की कोशिश में जो मीटिंग की, उसमें उन्होंने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों में एक अकेले अनूप मित्तल को आमंत्रित किया । इस 'घटना' से सुरेश भसीन और रवि दयाल को तगड़ा झटका लगा । यह दोनों फरीदाबाद में कुछ कुछ समर्थन मिलने की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन विनय भाटिया से निपटने के चक्कर में फरीदाबाद के लोगों ने जो सक्रियता दिखाई - उसका फायदा उठाने में यह और फरीदाबाद के इनके समर्थक चूक गए, और तात्कालिक रूप से सारा फायदा अनूप मित्तल के हिस्से में आ गिरा । अनूप मित्तल के लिए सारा मामला 'विंडफॉल गेन' की तरह रहा ।
विनय भाटिया ने जिस अचानक तरीके से संजीव राय मेहरा की उम्मीदवारी का झंडा उठाया, उससे फरीदाबाद के लोगों को घोर आश्चर्य हुआ - किसी के लिए भी यह समझना मुश्किल हुआ कि फरीदाबाद में संजीव राय मेहरा के लिए जब कोई समर्थन ही नहीं है, तो विनय भाटिया ने क्या सोच कर उनकी उम्मीदवारी का झंडा उठा लिया है । चर्चा चली कि संजीव राय मेहरा से चार्टर्ड एकाउंटेंसी से संबंधित प्रोफेशनल काम मिलने के लालच में विनय भाटिया ने उन्हें फरीदाबाद में समर्थन दिलवाने का सौदा कर लिया है । इस चर्चा से फरीदाबाद के लोगों के बीच तीखी प्रतिक्रिया हुई; खासकर क्लब्स के अध्यक्षों के बीच इस बात पर नाराजगी पैदा हुई कि विनय भाटिया अपने निजी स्वार्थ में उनके नाम और उनके अधिकार की सौदेबाजी कैसे कर सकते हैं ? क्लब्स के अध्यक्षों की नाराजगी के चलते फरीदाबाद के जो नेता लोग हैं, वह भी सावधान हुए और उन्होंने संजीव राय मेहरा के पक्ष में शुरू किए जाने वाले विनय भाटिया के अभियान से खुद को दूर कर लिया । इस स्थिति ने विनय भाटिया को फरीदाबाद में बुरी तरह अलग-थलग कर दिया । अपनी इस स्थिति के लिए विनय भाटिया ने विनोद बंसल को जिम्मेदार ठहरा दिया । उनका आरोप रहा कि उन्हें इस मामले में विनोद बंसल से मदद मिलने की उम्मीद थी, लेकिन मौके पर विनोद बंसल पीछे हट गए और वह अकेले पड़ गए ।
विनोद बंसल को मामले में लपेटने के कारण विनय भाटिया और मुसीबत में फँस गए । फरीदाबाद में कई लोगों ने इस बात के लिए विनय भाटिया को कोसा कि अपनी हरकत को जस्टीफाई करने के लिए वह विनोद बंसल को मामले में नाहक ही घसीट रहे हैं । लोगों का कहना है कि विनय भाटिया ने जब अपने आप को फँसा हुआ और अकेला पाया तो उन्होंने विनोद बंसल से मदद की गुहार की । विनोद बंसल को तब तक अपने दूसरे नजदीकियों से पता चल चुका था कि संजीव राय मेहरा को समर्थन दिलवाने की विनय भाटिया की मुहीम पूरी तरह पिट चुकी है - इसलिए उन्होंने विनय भाटिया की गुहार को अनसुना करने में ही अपनी भलाई देखी । विनय भाटिया की हरकत से सावधान हुए फरीदाबाद के क्लब्स के अध्यक्षों ने यह स्पष्ट करने और संदेश देने की जरूरत समझी कि उनके वोट का फैसला कोई और नहीं - बल्कि वह स्वयं करेंगे ! यह स्पष्ट करने और संदेश देने के लिए उन्होंने एक मीटिंग की, जिसमें फरीदाबाद के 16 में से 14 क्लब्स के अध्यक्ष जुटे - इस मीटिंग में उन्होंने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के उम्मीदवारों में से एक अकेले अनूप मित्तल को ही अपने बीच बुलाया । इस घटना ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के दूसरे उम्मीदवारों को बेचैन कर दिया है और डरा दिया है । उनकी चिंता यह सोच कर खासी बढ़ी है कि फरीदाबाद में अनूप मित्तल को यदि इतना बम्पर समर्थन है, तो फिर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में अनूप मित्तल के मुकाबले में वह कैसे टिकेंगे ?