Thursday, June 4, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा अपनी हरकतों व कारस्तानियों के कारण अपने क्लब से निकाले गए उर्फ़ शिकारी खुद शिकार हो गया

नई दिल्ली । मुकेश अरनेजा अपनी जिन कारस्तानियों और करतूतों के कारण अपने क्लब से निकाल दिए गए है, उससे इंटरनेशनल डायरेक्टर का पदभार संभालने की तैयारी कर रहे मनोज देसाई के लिए यह संकट पैदा हो गया है कि उन्होंने मुकेश अरनेजा को असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का जो पद दिया है, उसका वह क्या करें ? उल्लेखनीय है कि मनोज देसाई ने असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर के रूप में मुकेश अरनेजा को चार डिस्ट्रिक्ट्स की जिम्मेदारी सौंपी है, जिनमें उन्हें रोटरी की भावना और उसके आदर्शों के अनुरूप लोगों को शिक्षित व प्रशिक्षित करना है । मनोज देसाई के सामने सवाल लेकिन अब यह खड़ा हो गया है कि जो मुकेश अरनेजा रोटरी की भावना व उसके आदर्शों का पालन न करने के कारण अपने क्लब से निकाल दिए गए हों, वह मुकेश अरनेजा दूसरों को रोटरी की भावना व उसके आदर्शों के बारे में भला कैसे शिक्षण/प्रशिक्षण दे सकेंगे ? मनोज देसाई इस बात पर कोई फिक्र कर रहे हैं या नहीं, यह तो अभी पता नहीं चला है; लेकिन मुकेश अरनेजा इस बात की फिक्र बिलकुल भी नहीं कर रहे हैं । मुकेश अरनेजा का कहना है कि वह भले ही अपने क्लब से निकाल दिए गए हैं, लेकिन मनोज देसाई उन्हें दिया गया असिस्टेंट रोटरी कोऑर्डिनेटर का पद वापस नहीं लेंगे । मुकेश अरनेजा का कहना है कि मनोज देसाई ने उन्हें यह पद इसलिए दिया है क्योंकि मनोज देसाई को इंटरनेशनल डायरेक्टर चुनवाने/बनवाने में उन्होंने मदद की थी । जाहिर है कि यह पद मनोज देसाई ने उन्हें ईनाम में दिया है, और उन्हें विश्वास है कि मनोज देसाई दिया गया ईनाम वापस नहीं लेंगे । 
मुकेश अरनेजा को मनोज देसाई से तो 'राहत' मिलने की उम्मीद है, किंतु अपने ही क्लब के पदाधिकारियों से उन्हें राहत नहीं मिल सकी । उनकी कारस्तानियों और करतूतों के खिलाफ उनके क्लब के पदाधिकारियों में जो नाराजगी पैदा हुई; और उस नाराजगी के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई करने की जो स्थितियाँ बनीं - उन्हें टालने के लिए मुकेश अरनेजा ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना से लेकर रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस के पदाधिकारियों तक से मदद की गुहार की; लेकिन वह क्लब से अपने निष्कासन को बचा नहीं सके । खास बात यह रही कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजय खन्ना ने तथा रोटरी इंटरनेशनल के दिल्ली स्थित साऊथ एशिया ऑफिस के वरिष्ठ पदाधिकारी जितेंद्र सिंह ने मुकेश अरनेजा को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन क्लब के पदाधिकारियों की तैयारी के सामने उनके प्रयास भी मुकेश अरनेजा को बचा नहीं सके । 
मुकेश अरनेजा का 'गणित' इस बार दरअसल फेल हो गया । मुकेश अरनेजा चूँकि बदतमीजियाँ और बदमाशियाँ करके हमेशा बच निकलते रहे हैं, इसलिए उन्हें पक्का भरोसा था कि वह इस बार भी बच निकलेंगे । किंतु वह यह समझने/पहचानने में चूक गए कि उनके 'पापों' का घड़ा अब इतना भर गया है कि उनके बचने की संभावनाएँ लगातार कम - और खत्म होती जा रही हैं । उल्लेखनीय है कि मौजूदा रोटरी वर्ष के शुरू में भी हालात ऐसे बने थे जिसमें मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने की बात चली थी । खुशामद करके और माफी माँग कर के प्रतिकूल स्थितियों को अनुकूल करने में मुकेश अरनेजा बड़े होशियार रहे हैं; इसी होशियारी का इस्तेमाल करते हुए मौजूदा रोटरी वर्ष के शुरू में आये संकट को टाल देने में मुकेश अरनेजा सफल हो गए थे । मुकेश अरनेजा ने चूँकि अपनी करतूतों के लिए माफी माँग ली थी, इसलिए क्लब के पदाधिकारियों व दूसरे सदस्यों ने समझा था कि मुकेश अरनेजा अब कम-से-कम इस वर्ष अपनी हरकतों से बाज रहेंगे । लेकिन मुकेश अरनेजा ने उस बात को सही साबित किया, जो बात लोग उनके बारे में प्रायः कहते हैं कि जैसे कुत्ते की पूँछ को किसी भी तरह से सीधा नहीं किया जा सकता है, वैसे ही मुकेश अरनेजा को सुधारा नहीं जा सकता है । माफी माँग कर मुकेश अरनेजा ने अपने खिलाफ होने वाली कार्रवाई को तो टलवा दिया, लेकिन अपनी हरकतों से बाज वह नहीं आए । दरअसल उन्होंने सोचा यह था कि मौजूदा वर्ष तो अब निकल ही जायेगा और अगले वर्ष अध्यक्ष पद सँभालने वाले मनीष गोयल तो उनके ही 'आदमी' हैं, तो फिर उन्हें थोड़े दिन के लिए भी सुधरने की जरूरत भला क्या है ?
मुकेश अरनेजा सुधरने का वायदा करके भी नहीं सुधरे और उन्होंने अपनी हरकतें जारी रखीं । उन्होंने गलती यही की कि उन्होंने मौजूदा अध्यक्ष आभा गुप्ता को हल्के में लिया । आभा गुप्ता ने पहली बार तो मुकेश अरनेजा को माफ करने की उदारता और बड़प्पन दिखाया था; लेकिन जब उन्होंने देखा कि उनकी उदारता और उनके बड़प्पन को मुकेश अरनेजा उनकी कमजोरी समझ रहे हैं, तो उन्होंने मुकेश अरनेजा की गर्दन ऐसे पकड़ी कि गर्दन छुड़ाने के लिए मुकेश अरनेजा छटपटाये तो बहुत, और - और जैसा कि पहले बताया जा चुका है कि - उन्होंने संजय खन्ना व जितेंद्र सिंह जैसे बड़े पदाधिकारियों की मदद भी जुटाई, किंतु आभा गुप्ता की पकड़ से अपनी गर्दन छुड़ा नहीं पाए और क्लब से बाहर कर दिए गए । 
मुकेश अरनेजा के समर्थकों का कहना है कि मुकेश अरनेजा को भले ही क्लब से बाहर कर दिया गया है, लेकिन मुकेश अरनेजा अभी हार मानने वाले नहीं हैं । क्लब में वापसी करने के लिए उनके पास दो रास्ते हैं : एक तो वह क्लब के सदस्यों की मीटिंग बुला/बुलवा कर दो-तिहाई समर्थन जुटा कर क्लब से उन्हें निकालने के फैसले को वापस करवा सकते हैं; और दूसरा रास्ता उनके पास यह है कि वह रोटरी इंटरनेशनल में शिकायत कर सकते हैं कि उन्हें क्लब से निकालने की प्रक्रिया में नियमों आदि का पालन नहीं हुआ है, और वहाँ से वह अपने पक्ष में फैसला होने की उम्मीद कर सकते हैं । इन दोनों रास्तों की सफलता को लेकर लेकिन शक इसलिए है क्योंकि क्लब में अधिकतर सदस्य मुकेश अरनेजा के खिलाफ हो गए हैं । इसका सबसे बड़ा सुबूत यह है कि अगले रोटरी वर्ष के लिए बनने वाले बोर्ड में मुकेश अरनेजा गिरोह ने जब अपने लोगों को रखने का प्रयास किया तो उसका तगड़ा विरोध हुआ, जिसके कारण बोर्ड के सदस्यों के लिए चुनाव करवाने की नौबत पैदा हुई - जिसमें मुकेश अरनेजा गिरोह के उम्मीदवार भारी अंतर से पराजित हुए । इससे यही लग रहा है कि रोटरी क्लब दिल्ली नॉर्थ में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर मुकेश अरनेजा के लिए अब शायद कोई जगह नहीं रह गई है । 
मुकेश अरनेजा को क्लब से निकाले जाने की घटना डिस्ट्रिक्ट की राजनीति में एक अनोखी घटना भी है - डिस्ट्रिक्ट में लोग अभी तक यही सुनते और देखते रहे हैं कि मुकेश अरनेजा ही क्लब्स में झगड़े करवाते हैं और लोगों को उनके क्लब्स से निकलवाते हैं । पिछले वर्षों में क्लब्स से जो लोग निकाले गए हैं, या क्लब्स में अलग-थलग किए गए हैं - उनमें अधिकतर मामलों में मुकेश अरनेजा का ही हाथ बताया/सुना जाता रहा है । मुकेश अरनेजा अभी तक दूसरोँ का ही शिकार करते रहे हैं - लेकिन दूसरों का शिकार करने के लिए वह जिस तरह की हरकतें और कारस्तानियाँ करते रहे हैं, उन्हीं हरकतों और कारस्तानियों का अब वह खुद शिकार हो गए हैं । 

Wednesday, June 3, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के पक्ष में हवा बनाने के लिए योगेश मोहन गुप्ता, बृजभूषण और सुनील गुप्ता की तिकड़ी ने भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के नाम का जो इस्तेमाल करना शुरू किया है; उससे राजीव सिंघल को सचमुच में फायदा होगा क्या ?

मेरठ । राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के बहाने डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में मनोज देसाई एक प्रमुख मुद्दा बनते हुए दिख रहे हैं । रोटरी क्लब मेरठ साकेत के राजीव सिंघल को अगले रोटरी वर्ष की डिस्ट्रिक्ट की सत्ताधारी तिकड़ी - सुनील गुप्ता, बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता - के उम्मीदवार के रूप में देखा/पहचाना जा रहा है; और इन तीनों की तरफ से फिलर्स दिए जा रहे हैं कि राजीव सिंघल चूँकि अगले दो वर्षों के लिए इंटरनेशनल डायरेक्टर होने जा रहे मनोज देसाई के 'आदमी' हैं, इसलिए डिस्ट्रिक्ट के दूसरे पूर्व गवर्नर्स भी राजीव सिंघल की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए मजबूर होंगे । उल्लेखनीय है कि इस तिकड़ी ने पहले रोटरी क्लब मेरठ के मनोज जैन को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद का उम्मीदवार बनाने का प्रयास किया था - मनोज जैन उम्मीदवार बनने के लिए तैयार होते हुए भी 'दिखे' थे, लेकिन फिर जल्दी ही वह पीछे हट गए । उनके नजदीकियों का कहना रहा कि मनोज जैन अपने को उम्मीदवार बनाये जाने के पीछे छिपे 'इरादों' को पहचान गए और इसलिए फिर उन्होंने उम्मीदवार न बनने में ही अपनी भलाई देखी/पहचानी । मनोज जैन के पीछे हटने के बाद तिकड़ी फिर एक नए उम्मीदवार की तलाश में जुटी और राजीव सिंघल उनकी 'पकड़' में आ गए । राजीव सिंघल की उम्मीदवारी अलग-अलग कारणों से तिकड़ी के नेताओं को अपने अपने लिए फायदे का सौदा लग रही है, और इसलिए ही तिकड़ी के तीनों सदस्यों ने अपने अपने तरीके से राजीव सिंघल की उम्मीदवारी को प्रमोट करना शुरू कर दिया है । 
योगेश मोहन गुप्ता को लगता है कि राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के जरिए वह रोटरी में अपने 'बुरे दिनों' से छुटकारा पा सकेंगे, और अपने लिए 'अच्छे दिन' ला सकेंगे । उल्लेखनीय है कि सीओएल चुनाव जीतने के चक्कर में उनकी जो फजीहत हुई, जिसके चलते न सिर्फ जीती-जिताई बाजी उन्हें हार जानी पड़ी, बल्कि सीओएल की चुनावी दौड़ से भी बाहर हो जाना पड़ा - और जिसके कारण वह रोटरी में पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए थे । हर तरफ से ठोकर खाए योगेश मोहन गुप्ता को पता नहीं किस सौदेबाजी के चलते सुनील गुप्ता ने 'सहारा' दिया और योगेश मोहन गुप्ता को डिस्ट्रिक्ट व रोटरी में पुनर्स्थापित होने का मौका मिला । राजीव सिंघल की उम्मीदवारी की उँगली पकड़ कर योगेश मोहन गुप्ता को विश्वास है कि वह मनोज देसाई का 'पहुँचा' पकड़ लेंगे - और इस तरह से वह रोटरी में एक ऊँची छलाँग लगा लेंगे । बृजभूषण को - राजीव सिंघल का शिक्षा-तंत्र से जो 'रिश्ता' है, उससे लाभ उठाने का मौका दिख रहा है । सुनील गुप्ता की 'जरूरतें' दूसरी हैं । वह एक ऐसा उम्मीदवार चाहते हैं जो पूरी तरह से उनके कहे में रहे, उनके 'खर्चे' उठाए और जिसकी आड़ लेकर वह दूसरे उम्मीदवारों को अपने सामने झुका सकें । राजीव सिंघल के जरिए उन्हें अपनी यह जरूरतें पूरी होने का भरोसा है । हालाँकि कई लोगों का मानना और कहना है कि राजीव सिंघल होशियार व्यक्ति हैं और इन तीनों को अच्छी तरह 'पहचानते' हैं और इसलिए इनके जरिए इस्तेमाल नहीं हो सकेंगे । अन्य कुछेक लोगों का कहना लेकिन यह है कि राजीव सिंघल चाहें कितने ही होशियार हों, किंतु यदि उन्हें गवर्नर बनना हैं तो इनका सहारा उन्हें लेना ही पड़ेगा और ऐसे में इनके हाथों इस्तेमाल होना उनकी मजबूरी भी/ही होगी । 
योगेश मोहन गुप्ता, बृजभूषण और सुनील गुप्ता की तिकड़ी ने राजीव सिंघल को फाँसने तथा अपने साथ फँसाएँ रखने के लिए ही मनोज देसाई के नाम का इस्तेमाल करना शुरू किया है । इन्हें उम्मीद है कि मनोज देसाई के नाम का 'बोझ' रहेगा, तो राजीव सिंघल जल्दी से मैदान छोड़ेंगे नहीं । उल्लेखनीय है कि राजीव सिंघल ने इस वर्ष भी अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी, लेकिन चुनावी जोड़तोड़ का खेल शुरू हुआ तो उसका दबाव वह नहीं झेल सके और बिना लड़े ही वह मुकाबले से बाहर हो गए थे । राजीव सिंघल को जानने/पहचानने का दावा करने वाले लोगों का कहना है कि राजीव सिंघल यूँ तो बढ़िया कर्मठ व्यक्ति हैं और रोटरी को तथा रोटरी की राजनीति के समीकरणों को अच्छे से समझते/पहचानते हैं; समस्या किंतु यह है कि चुनावी राजनीति की उठापटक में जो दबाव बनते हैं - उन्हें झेल पाने और उन्हें हल कर पाने का धैर्य वह नहीं रख/दिखा पाते हैं । इसीलिए अधिकतर लोगों के लिए यह विश्वास कर पाना मुश्किल हो रहा है कि राजीव सिंघल चुनावी घमासान में सचमुच बने/टिके रह पायेंगे ? तिकड़ी के जो तीन लोग उनकी उम्मीदवारी का झंडा उठाए दिख रहे हैं, वह भी चूँकि उन्हें गवर्नर चुनवाने/बनवाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने अपने स्वार्थों को पूरा करने के इरादे से उनकी उम्मीदवारी का झंडा उठाए हुए हैं - इसलिए भी राजीव सिंघल की उम्मीदवारी को लेकर लोगों के बीच संदेह बना हुआ है । इस सच्चाई को समझने के कारण ही तिकड़ी के नेताओं ने मनोज देसाई के नाम का जाप किया हुआ है । उन्हें उम्मीद और विश्वास है कि मनोज देसाई का नाम राजीव सिंघल को चुनावी मैदान में टिके/डटे/बने रहने के लिए ताकत देगा । 
मजे की बात यह है कि अधिकतर लोगों को विश्वासपूर्वक यह भी नहीं पता है कि राजीव सिंघल का मनोज देसाई के साथ आखिर संबंध है क्या ? कुछेक लोगों का कहना है कि दो-तीन वर्ष पहले मनोज देसाई जब एक कार्यक्रम के सिलसिले में मेरठ आए थे तो रात में वह राजीव सिंघल के घर ठहरे थे और उस दौरान उनकी राजीव सिंघल के साथ घनिष्ठता हो गई थी । क्या इस तरह बनी घनिष्ठता के आधार पर मनोज देसाई डिस्ट्रिक्ट 3100 में होने वाले डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव में पार्टी बनेंगे और राजीव सिंघल के लिए 'काम' करेंगे ? सुनील गुप्ता, योगेश मोहन गुप्ता, बृजभूषण की तिकड़ी ने अपने स्वार्थ में मनोज देसाई जैसे बड़े नेता का इस्तेमाल करने का यह जो तरीका अपनाया है, उसने डिस्ट्रिक्ट में एक बड़ी मजेदार बहस छेड़ दी है । तिकड़ी के इन तीन सदस्यों और उनके नजदीकियों का कहना है कि मनोज देसाई का नाम ही काफी है राजीव सिंघल को चुनवाने/जितवाने के लिए; दूसरे लोगों का कहना लेकिन यह है कि तिकड़ी के लोग अपने स्वार्थ में मनोज देसाई का नाम लेकर अभी भले ही लोगों को धोखा दे लें, लेकिन जल्दी ही पोल खुल जायेगी कि अपना अपना काम निकालने/बनाने के लिए इन्होंने मनोज देसाई जैसे बड़े पदाधिकारी के नाम का इस्तेमाल करने में भी हिचक महसूस नहीं की । राजीव सिंघल की उम्मीदवारी के समर्थन में सुनील गुप्ता, बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता की तिकड़ी ने भावी इंटरनेशनल डायरेक्टर मनोज देसाई के नाम का जो गुब्बारा फुलाया है, उसमें हवा सचमुच में भरी रह पायेगी या वह जल्दी ही फूटेगा - यह जानने की दिलचस्पी सभी को है । 

Tuesday, June 2, 2015

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 321 में तमाम प्रतिकूल चुनौतियों के बावजूद अंबरीश सरीन ने जिस तरह मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन का चुनाव जीता है, उसके चलते डिस्ट्रिक्ट और मल्टीपल की चुनावी राजनीति में उनके बढ़े कद को अपने लिए खतरे और चुनौती के रूप में देख रहे जितेंद्र चौहान ने अंबरीश सरीन को घेरने की योजना बनाई

आगरा । जितेंद्र चौहान ने सभी को हैरान करने वाली गजब की उम्मीद प्रकट की है - कि अंबरीश सरीन एलसीसीआई एक्जीक्यूटिव ऑफीसर्स के लिए उनका नाम प्रस्तावित करेंगे और उन्हें ऑफीसर बनवायेंगे । जितेंद्र चौहान की इस उम्मीद को 'गजब' इसलिए माना जा रहा है क्योंकि सभी जानते हैं कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन का पद अंबरीश सरीन को न मिले, इसके लिए जितेंद्र चौहान ने जमीन-आसमान एक किया हुआ था । उल्लेखनीय है कि लीडरशिप के बैनर तले इकट्ठा हुए दूसरे लोग जहाँ पीएस चावला को चेयरमैन बनवाने की मुहिम में लगे हुए थे, वहाँ जितेंद्र चौहान की मुहिम सिर्फ यह थी कि चेयरमैन चाहे जो बने - बस अंबरीश सरीन न बनें । उन्हीं अंबरीश सरीन से वही जितेंद्र चौहान लेकिन अब उम्मीद कर रहे हैं कि अंबरीश सरीन उन्हें एलसीसीआई में ऑफीसर बनवायें - मजे की बात यह है कि यह जानते हुए भी वह इस तरह की उम्मीद कर रहे हैं कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन इलेक्ट के रूप में अंबरीश सरीन की तरफ से नीरज बोरा का नाम एलसीसीआई की एक्जीक्यूटिव के लिए भेज दिया गया है । जितेंद्र चौहान का मानना और कहना है कि नाम भेजने से कुछ नहीं होता है, एलसीसीआई की एक्जीक्यूटिव का गठन मुंबई में हो रही स्कूलिंग में होगा और अंबरीश सरीन चाहेंगे तो उनका नाम प्रस्तावित कर सकते हैं । जितेंद्र चौहान का तर्क है कि नीरज बोरा के पास लायनिज्म के लिए समय ही नहीं है; उन्हें बड़ी राजनीति करनी है और वह उसी बड़ी राजनीति की व्यस्तता के चलते लायन गतिविधियों के लिए समय नहीं निकाल पाते हैं - इसलिए एलसीसीआई एक्जीक्यूटिव में उन्हें भेज कर क्या फायदा ? 
एलसीसीआई एक्जीक्यूटिव में पद पाने के लिए अंबरीश सरीन का सहयोग प्राप्त करने की जितेंद्र चौहान की कोशिश और उम्मीद दूसरों को भले ही हैरान कर रही हो, लेकिन जितेंद्र चौहान को इसमें कुछ भी अजूबा नहीं लग रहा है । अपने नजदीकियों को उन्होंने कहा है कि किसी भी राजनीति में दोस्तियाँ और दुश्मनियाँ ज्यादा देर नहीं बनी रहती हैं; इसलिए पीछे जो हुआ सो हुआ अब हमें आगे देखना चाहिए । जितेंद्र चौहान का कहना है कि अंबरीश सरीन भी जानते/समझते हैं कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन होने के बावजूद अपने ही डिस्ट्रिक्ट में तवज्जो पाने के लिए अंबरीश सरीन को उनकी शरण में आना ही पड़ेगा । उल्लेखनीय है कि जितेंद्र चौहान और अंबरीश सरीन के डिस्ट्रिक्ट - डिस्ट्रिक्ट 321 सी टू में अगले लायन वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का पद-भार सँभालने वाली रेणु नंदा को जितेंद्र चौहान के नजदीक समझा जाता है; और माना जाता है कि अगले लायन वर्ष में गवर्नरी का ताज भले ही रेणु नंदा के सिर पर होगा - लेकिन गवर्नरी करेंगे जितेंद्र चौहान । अगले लायन वर्ष के लिए डिस्ट्रिक्ट टीम के जिन पदाधिकारियों की सूची सामने आई है, उस सूची के अधिकतर नामों को जितेंद्र चौहान के नजदीकियों के रूप में देखा/पहचाना जाता है - और इसी आधार पर माना गया है कि अगले लायन वर्ष की टीम रेणु नंदा ने नहीं, बल्कि जितेंद्र चौहान ने बनाई है । दरअसल इसी मानने/समझने के बीच जितेंद्र चौहान को विश्वास है कि अगले लायन वर्ष में वह रेणु नंदा का 'सहारा' लेकर अंबरीश सरीन को अपनी शरण में आने के लिए मजबूर कर लेंगे । डिस्ट्रिक्ट के अन्य कई नेताओं को भी लगता है कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के चुनाव में अंबरीश सरीन की जितेंद्र चौहान के साथ चाहें जैसी भी खटपट रही हो, जितेंद्र चौहान के साथ वह ज्यादा समय तक उस खटपट को बनाये नहीं रख पायेंगे ।   
जितेंद्र चौहान दरअसल इसीलिए प्रयास करना चाहते हैं कि उनके और अंबरीश सरीन के बीच जब खटपट अंततः खत्म होनी ही है, तो वह अभी ही क्यों न खत्म हो जाए । इसीलिए उन्होंने अंबरीश सरीन की तरफ मदद के लिए हाथ बढ़ाया है । दूसरे लोगों को लेकिन लगता है कि जितेंद्र चौहान ने मदद के लिए हाथ बढ़ा कर जल्दी कर दी है । यह सच है कि किसी भी राजनीति में दोस्तियाँ और दुश्मनियाँ ज्यादा दिन तक टिकी नहीं रह पाती हैं, तथा इसी सच के चलते जितेंद्र चौहान और अंबरीश सरीन के बीच की मौजूदा खटपट भी खत्म हो ही जायेगी - लेकिन अंबरीश सरीन के लिए 'घाव' भरने में अभी समय लगेगा । जितेंद्र चौहान के - और उनके कहने के चलते रेणु नंदा के भी - विरोध के कारण मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन के लिए अंबरीश सरीन की लड़ाई खासी मुश्किल हो गई थी - इस बात को अंबरीश सरीन के लिए जल्दी भूलना संभव नहीं होगा । इसके अलावा, मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के लिए हुई उनकी जीत ने उनके लिए बड़ी भूमिका की जो राह बनाई है, तथा जितेंद्र चौहान को जो तगड़ा झटका दिया है - अंबरीश सरीन उसका भी फायदा उठाना चाहेंगे । उल्लेखनीय है कि जितेंद्र चौहान की राजनीति भी मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन बनने के बाद ही चमकी थी । डिस्ट्रिक्ट के और मल्टीपल के कई एक नेताओं को लगता है कि तमाम प्रतिकूल चुनौतियों के बावजूद अंबरीश सरीन ने जिस तरह मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन का चुनाव जीता है, उससे डिस्ट्रिक्ट और मल्टीपल की चुनावी राजनीति में उनका कद बढ़ा है । उनका यह बढ़ा कद ही जितेंद्र चौहान को अपने लिए बड़े खतरे और चुनौती के रूप में दिख रहा है । रेणु नंदा को अपने साथ 'दिखा' कर जितेंद्र चौहान दरअसल अंबरीश सरीन पर दबाव बनाना चाहते हैं और उन्हें अपनी शरण में आने के लिए प्रेरित और मजबूर करना चाहते हैं । 
एलसीसीआई एक्जीक्यूटिव में पद के लिए मदद मांग कर जितेंद्र चौहान ने वास्तव में अंबरीश सरीन पर दबाव बनाने की चाल ही चली है । जितेंद्र चौहान को डिस्ट्रिक्ट में इस आरोप का जो सामना करना पड़ रहा है कि मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के चुनाव में उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के हितों के खिलाफ काम किया - उसे वह इस प्रति-आरोप से हल्का करना चाहते हैं कि एलसीसीआई एक्जीक्यूटिव में अंबरीश सरीन ने डिस्ट्रिक्ट के हितों की बलि चढ़ा दी है । एलसीसीआई एक्जीक्यूटिव में पद के लिए अंबरीश सरीन से मदद माँग कर के जितेंद्र चौहान ने उनके विरोधी तेवरों को ठंडा करने का दाँव भी चला है । इस तरह, मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन पद के चुनाव में मिले घाव को भरने का जितेंद्र चौहान ने जो प्रयास करना शुरू किया है - उसके क्या नतीजे निकलते हैं, यह कुछ समय बाद ही पता चल सकेगा । 

Monday, June 1, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3100 में डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के नाम पर पैसा इकट्ठा करने को लेकर सुनील गुप्ता के खिलाफ लोगों के बीच जो रोष है, उसे समझते/पहचानते हुए - तथा अपनी गॉडफादरी बचाए रखने के चक्कर में बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता आरोपों व बदनामी में फँसे सुनील गुप्ता का बचाव नहीं कर रहे हैं क्या ?

मेरठ । सुनील गुप्ता अगले रोटरी वर्ष के अपने गवर्नर-काल की अपनी टीम के सदस्यों से पैसे जुटाने/बसूलने के गंभीर आरोपों में लगातार घिरते जा रहे हैं, और उनके लिए मुसीबत की बात यह है कि वह जितना ही इन आरोपों से बचने की कोशिश कर रहे हैं, इन आरोपों के दाग उतनी ही तेजी से उनपर चिपकते तथा गहरे होते जा रहे हैं । अगले रोटरी वर्ष में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर होने की तैयारी कर रहे सुनील गुप्ता पर आरोप है कि वह डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के खर्च के नाम पर अपनी टीम के प्रत्येक सदस्य से पैसे बसूल कर रहे हैं, और इस तरह अपनी जेब भरने का इंतजाम कर रहे हैं; कहा/बताया जा रहा है कि जो सदस्य पैसे देने में आनाकानी कर रहे हैं उन्हें टीम से हटा देने की धमकी दे रहे हैं । सुनील गुप्ता की तरफ से हालाँकि जबाव दिया गया है कि उनसे पहले के गवर्नरों ने भी डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के लिए लोगों से पैसे लिए है, उन्होंने यह कोई नया काम नहीं किया है - और उन्हें नाहक ही निशाना बनाया जा रहा है तथा बदनाम किया जा रहा है । उनकी इस सफाई से असंतुष्ट लोगों का कहना लेकिन यह है कि यह सच है कि पहले के गवर्नरों ने भी डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के लिए पैसे इकट्ठे किए हैं, लेकिन यह कभी नहीं सुना गया कि पैसे बसूलने के लिए किसी गवर्नर ने लोगों की बाँह मरोड़ी हो - जैसा सुनील गुप्ता कर रहे हैं । शिकायत की बात यह नहीं है कि सुनील गुप्ता डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के लिए पैसा इकठ्ठा कर रहे हैं - शिकायत की बात यह है कि उन्होंने अपनी टीम के प्रत्येक सदस्य के लिए डायरेक्टरी के लिए पैसा देना जरूरी कर दिया है, और जो सदस्य पैसा नहीं दे रहे हैं उन्हें सुनील गुप्ता अपनी टीम से निकालने की धमकी दे रहे हैं । 
सुनील गुप्ता के ऊपर लग रहे इस आरोप को यह बात और गंभीर बना देती है कि डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के खर्च के नाम पर ज्यादा से ज्यादा पैसा इकट्ठा कर लेने की मुहिम में लगे सुनील गुप्ता यह बताने को तैयार नहीं हैं कि डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी प्रकाशित करने में आखिर कितने पैसे खर्च होंगे । लोगों का कहना है कि सुनील गुप्ता यह इसीलिए नहीं बता रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि तब उनके लिए डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के खर्च के नाम पर ज्यादा से ज्यादा पैसा इकट्ठा करना असंभव ही हो जायेगा । सुनील गुप्ता के लिए मुसीबत की बात यह भी है कि डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी का खर्च वह ज्यादा बढ़ा-चढ़ा कर भी नहीं बता सकते हैं, क्योंकि तब पोल खुलने पर और ज्यादा किरकिरी होगी । डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के खर्च के लिए पैसा इकट्ठा करने में लगे सुनील गुप्ता जिस तरह होने/आने वाले खर्च को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं उससे पैसा इकट्ठा करने की उनकी मुहिम संदेह के घेरे में आ गई है और उन्हें आरोपों का निशाना बनना पड़ रहा है । 
सुनील गुप्ता के लिए मुसीबत की बात यह भी है कि जिन बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता को उन्होंने अपना गॉडफादर बनाया हुआ है, वह भी इस मामले में उनका कोई बचाव नहीं कर रहे हैं और कहीं कहीं तो उनकी बदनामी में मजा भी ले रहे हैं । बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता ने हालाँकि कुछेक लोगों से सुनील गुप्ता को विज्ञापन के नाम पर पैसे दिलवाए भी हैं; लेकिन उन्हीं लोगों से जिनसे सुनील गुप्ता को वैसे भी विज्ञापन मिल ही जाते । सुनील गुप्ता का ही कहना रहा है कि यह दोनों उनकी जितनी मदद कर सकते हैं, उतनी मदद इन्होंने उनकी नहीं की है; और आरोपों से सुनील गुप्ता को बचाने में तो इन्होंने जरा भी दिलचस्पी नहीं ली है । माना जा रहा है कि डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के नाम पर पैसा इकट्ठा करने को लेकर सुनील गुप्ता के खिलाफ लोगों के बीच जो रोष है, उसे समझते/पहचानते हुए बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता इस मामले में सुनील गुप्ता का बचाव नहीं करना चाहते - क्योंकि उन्हें डर है कि उन्होंने यदि बचाव किया तो आरोपों और बदनामी के छीटें उन पर भी पड़ेंगे । कहा तो यहाँ तक जा रहा है कि बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता चाहते हैं कि सुनील गुप्ता किन्हीं न किन्हीं कारणों से आरोपों और बदनामियों में घिरे/फँसे रहे, जिससे कि उनके दबाव में बने रहें । उनका मानना और कहना है कि सुनील गुप्ता जितनी ज्यादा मुसीबत में घिरे रहेंगे उतना ही मदद के लिए उन पर निर्भर करेंगे और उन्हें अपना गॉडफादर बनाये रखने पर मजबूर रहेंगे । इसलिए ही डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के नाम पर पैसा बनाने के सुनील गुप्ता पर लग रहे आरोपों को लेकर बृजभूषण और योगेश मोहन गुप्ता बहुत खुश हैं - अपनी यह खुशी हालाँकि वह छिपा कर रखने की बहुत कोशिश करते हैं, लेकिन फिर भी वह कभी कभी लोगों के सामने आ ही जाती है ।
सुनील गुप्ता के लिए समस्या की बात यह भी हो गई है कि पैसा जुटाने/बसूलने को लेकर हो रही उनकी बदनामी के चलते कई लोग पैसा देने में आनाकानी भी करने लगे हैं, और इस कारण डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के नाम पर मोटी रकम जुटा लेने की उनकी योजना भी फेल होती हुई लग रही है । हालाँकि आरोप लगाने वाले लोगों का तो दावा है कि डिस्ट्रिक्ट डायरेक्टरी के वास्तविक खर्च के मुकाबले बहुत ज्यादा पैसा उन्होंने पहले ही इकट्ठा कर लिया है, इसलिए अब यदि कुछेक लोगों ने पैसा नहीं भी दिया तो भी वह कोई नुकसान में नहीं रहेंगे । सुनील गुप्ता लेकिन जिस तरह से पैसा न देने वाले लोगों को टीम से निकालने की धमकी दे रहे हैं, उससे लग रहा है कि उन्होंने जितना पैसा इकट्ठा करने का इरादा बनाया है, उतना पैसा वह इकट्ठा कर लेना चाहते हैं - और इसके लिए किसी भी हद तक बदनाम होने के लिए वह तैयार हैं । सुनील गुप्ता के इस रवैये ने लोगों के बीच उनके विरोध और उनकी बदनामी के दाग को गहरा बनाना शुरू कर दिया है ।

Friday, May 29, 2015

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल में सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रस्तुत प्रमोद जैन की उम्मीदवारी का चुनावी रास्ता, बैंक के झमेले में फँसे विनोद जैन की 'बदनामी' के कारण काँटों भरा हो गया दिख रहा है

नई दिल्ली । विनोद जैन के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स इंस्टीट्यूट की सेंट्रल काउंसिल के चुनाव से बाहर होने के 'कारण' प्रमोद जैन को उम्मीदवारी प्रस्तुत करने का जो मौका मिला है, वही कारण प्रमोद जैन की उम्मीदवारी के लिए चुनौती और मुसीबत बन गया है । उल्लेखनीय है कि इंस्टीट्यूट की चुनावी राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को विनोद जैन की उम्मीदवारी प्रस्तुत/घोषित होने का इंतजार था; लेकिन इंतजार करने वाले लोगों को यह जानकर तगड़ा झटका लगा कि विनोद जैन तो एक बैंक खोलने की कोशिशों में लगे हैं और उसके लिए अनुमति प्राप्त करने की तिकड़मों में लगे हुए हैं । ऐसे में, लोगों के बीच यह माथापच्ची हो ही रही थी कि यदि विनोद जैन नहीं, तो फिर उनके ग्रुप का कौन सा सदस्य सेंट्रल काउंसिल की उम्मीदवारी के लिए आयेगा - कि प्रमोद जैन का नाम सामने आ गया । प्रमोद जैन को उस ग्रुप के एक अत्यंत सक्रिय सदस्य के रूप में देखा/पहचाना जाता रहा है, जिस ग्रुप के उम्मीदवार के रूप में विनोद जैन पिछले कई वर्षों से उम्मीदवार बनते तथा जीतते व हारते रहे हैं । ग्रुप के लोगों में प्रमोद जैन को प्रोफेशन के साथ सचमुच में जुड़े व्यक्ति के रूप में मान्यता मिलती रही है, और इसी मान्यता के चलते लोगों को हैरानी भी रही कि प्रमोद जैन जैसे 'पढ़े-लिखे' और प्रोफेशन में ईमानदारी के साथ जुड़े व्यक्ति विनोद जैन के साथ क्यों 'रहते' हैं । विनोद जैन की उम्मीदवारी की अनुपस्थिति में सेंट्रल काउंसिल के लिए प्रमोद जैन को उम्मीदवार होने का मौका मिला, जिससे यह भी साबित हुआ कि प्रमोद जैन, ग्रुप में विनोद जैन के बड़े खास हैं । विनोद जैन के साथ 'दिखती' यह नजदीकी ही प्रमोद जैन के लिए मुसीबत बनी है । 
उल्लेखनीय है कि विनोद जैन की चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच यूँ भी कोई अच्छी छवि नहीं थी, बैंक वाले किस्से ने तो उनकी छवि को और भी नकारात्मक बना दिया है । मीडिया रिपोर्ट्स में भी बैंक खोलने की विनोद जैन की कोशिशों को आश्चर्य व संदेह के साथ देखा गया है । मीडिया रिपोर्ट्स में विनोद जैन को एक 'लो प्रोफाइल चार्टर्ड एकाउंटेंट' के रूप में पहचानते हुए प्रस्तावित बैंक के लिए आवश्यक पूँजी की उपलब्धता को लेकर संदेह और सवाल खड़े किए गए । संदेहों और सवालों को बढ़ाने का काम विनोद जैन के रवैये ने भी किया । मीडिया रिपोर्ट्स में कहा/बताया गया है कि विनोद जैन ने आवश्यक पूँजी के बाबत पूछे गए सवालों से हमेशा ही बचने की कोशिश की और कभी भी पूँजी सोर्सेज के बारे में जबाव नहीं दिया । इससे मीडिया में अनुमान लगाया गया कि प्रस्तावित बैंक के लिए आवश्यक पूँजी विनोद जैन अपनी जेब से ही लगायेंगे । मीडिया रिपोर्ट्स के संदेहों, सवालों और अनुमानों के आधार पर ही चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच चर्चा बनी और बढ़ी कि सेंट्रल काउंसिल सदस्य के रूप में विनोद जैन ने मोटा माल बनाया है, और उसी माल से अब वह बैंक खोल रहे हैं । विनोद जैन को लेकर चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के बीच चल रही यह चर्चा ही प्रमोद जैन की उम्मीदवारी के लिए बड़ी चुनौती बनी है । 
प्रमोद जैन के लिए चुनौती और मुसीबत की बात यह है कि अपने चुनाव अभियान के लिए उन्हें विनोद जैन पर ही निर्भर रहना है । चुनावी राजनीति के समीकरणों को समझने/साधने का जो अनुभव विनोद जैन को है, प्रमोद जैन स्वाभाविक रूप से उसका फायदा उठाना ही चाहेंगे और इसके लिए अपनी उम्मीदवारी का झंडा विनोद जैन के हाथों में सौंपना ही उन्हें सुविधाजनक लगेगा । विनोद जैन की 'बदनामी' को देखते हुए प्रमोद जैन का ऐसा करना आत्मघाती ही होगा । समस्या यह भी है कि विनोद जैन की 'बदनामी' के कारण प्रमोद जैन उन्हें अपने चुनाव-अभियान से यदि दूर रखते हैं तो विनोद जैन इसका बुरा मान सकते हैं और तब प्रमोद जैन के लिए अपने ग्रुप के लोगों का समर्थन जुटाना/पाना ही मुश्किल हो जायेगा - क्योंकि ग्रुप में तो विनोद जैन की ही पकड़ है । यानि प्रमोद जैन यदि अपने चुनाव अभियान में विनोद जैन का सहयोग व संग-साथ लेते हैं, तो मुसीबत में फँसते हैं; और यदि नहीं लेते हैं, तो आफत को आमंत्रित करते हैं । 
प्रमोद जैन के लिए यह स्थिति विडंबनापूर्ण इसलिए है क्योंकि लोगों के बीच उनकी अपनी छवि बहुत अच्छी है । प्रोफेशन के साथ उनका गहरा और जेनुइन लगाव है, इसलिए लोगों को उम्मीद और विश्वास है कि प्रमोद जैन यदि सेंट्रल काउंसिल में आते हैं तो यह इंस्टीट्यूट व प्रोफेशन के लिए बहुत ही अच्छी बात होगी । कुछेक लोगों ने इन पँक्तियों लेखक से कहा भी है कि सेंट्रल काउंसिल में गैर प्रोफेशनल काम करने वाले और फर्जी एंट्री का काम करने वाले लोग हों - इससे अच्छा है कि प्रमोद जैन जैसे जेनुइन व प्रोफेशन को समझने वाले लोग हों । यह विडंबना ही है कि जिन प्रमोद जैन को लोग सेंट्रल काउंसिल में देखना चाहते हैं, और प्रमोद जैन को यह मौका जिन विनोद जैन के कारण मिला है - उन्हीं विनोद जैन के कारण प्रमोद जैन का चुनावी रास्ता काँटों भरा दिख रहा है । इस विडंबनापूर्ण स्थिति को प्रमोद जैन किस तरह हैंडल करते हैं, यह देखने की बात होगी । 

Wednesday, May 27, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3010 के एक आयोजन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट सुधीर मंगला के हाथों हुई पूर्व गवर्नर रमेश अग्रवाल की फजीहत का शरत जैन और जेके गौड़ ने भी जो मजा लिया, उससे रमेश अग्रवाल बहुत खफा हैं

नई दिल्ली । रमेश अग्रवाल, शरत जैन और जेके गौड़ से इस बात पर बुरी तरह खफा हैं कि 'वाश' प्रोग्राम को लेकर रोटरी इंडिया विन्स कमेटी व यूनिसेफ के बीच मेमोरेण्डम पर हस्ताक्षर होने के कार्यक्रम में सुधीर मंगला जब उन्हें डांट-फटकार लगा रहे थे, तब यह दोनों चुपचाप खड़े तमाशा देख रहे थे और मजे ले रहे थे । रमेश अग्रवाल का रोना है कि इन दोनों को गवर्नर बनवाने में उन्होंने अथक मेहनत की, और अपने आप को लोगों के बीच बुरी तरह बदनाम तक करवाया - लेकिन इसका बदला इन्होंने इस तरह दिया कि सुशील गुप्ता, संजय खन्ना, विनोद बंसल, संगीता बंसल, रमेश चंद्र तथा यूनिसेफ के प्रमुख पदाधिकारियों के बीच सुधीर मंगला जब उन्हें बुरी तरह लताड़ रहे थे, तब यह दोनों चुपचाप खड़े मजे ले रहे थे । सुशील गुप्ता यदि बीच-बचाव नहीं करते, तो सुधीर मंगला पता नहीं उनका क्या हाल करते । रमेश अग्रवाल का दुःख है कि सुधीर मंगला के हाथों होती उनकी फजीहत पर संजय खन्ना, विनोद बंसल, रमेश चंद्र आदि ने मजे लिए - यह तो वह समझ सकते हैं; किंतु शरत जैन और जेके गौड़ जैसे लोग भी मजे लेने से नहीं चूके, जो गवर्नर बनने के लिए और गवर्नरी चलाने के लिए पूरी तरह उन पर निर्भर रहे हैं और हैं । सुधीर मंगला के हाथों हुई रमेश अग्रवाल की फजीहत के दृश्य ने राजेंद्र जैना द्वारा हुई रमेश अग्रवाल की पिटाई/दौड़ाई के दृश्य को याद दिला दिया ।
मजे की बात यह रही कि राजेंद्र जैना के मामले की तरह ही सुधीर मंगला के मामले में भी अपनी फजीहत को रमेश अग्रवाल ने खुद ही आमंत्रित किया । रमेश अग्रवाल का दरअसल स्वभाव और तरीका ही ऐसा है कि वह दूसरों को उकसाता है । उल्लेखनीय है कि रोटरी इंडिया विन्स कमेटी व यूनिसेफ के बीच मेमोरेण्डम पर हस्ताक्षर होने का कार्यक्रम बड़े मजे से और गरिमापूर्ण तरीके से चल रहा था । आपसी बातचीत के बीच सुधीर मंगला ने रोटरी इंडिया विन्स कमेटी के चेयरमैन सुशील गुप्ता से 'वाश' प्रोग्राम की एक वीडियो फिल्म उपलब्ध करवाने की बात की, जिसे वह डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच प्रदर्शित करना चाहते थे । सुशील गुप्ता ने उन्हें बताया कि उक्त वीडियो फिल्म रमेश अग्रवाल के पास है और वह उनसे ले सकते हैं । सुशील गुप्ता से यह जानकर सुधीर मंगला ने तुरंत ही वहीं मौजूद रमेश अग्रवाल से उक्त वीडियो फिल्म उपलब्ध करवाने की बात कही । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रमेश अग्रवाल ने सुधीर मंगला को जबाव दिया कि वीडियो फिल्म तो वह उपलब्ध करवा देंगे, लेकिन शिकायत यह है कि तुम अपने कार्यक्रमों में मुझे बुलाते ही नहीं हो । सुधीर मंगला ने उनसे यह शिकायत सुनी, तो रमेश अग्रवाल को तुरंत से पूरी विनम्रता से आश्वस्त किया कि वह उन्हें अपने अगले किसी कार्यक्रम में अवश्य ही बुलायेंगे । बात यहाँ खत्म हो जानी चाहिए थी - किंतु पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रमेश अग्रवाल की यह खूबी है कि सामने वाला यदि उनसे तमीज से बात कर रहा होता है, तो वह सामने वाले को कमजोर समझने लगते हैं और फिर उसके सिर पर सवार होने की कोशिश करने लगते हैं ।
सुधीर मंगला के साथ भी उन्होंने यही किया । सुधीर मंगला ने उनकी शिकायत सुनकर तमीज के साथ जब उन्हें अपने अगले किसी कार्यक्रम में बुलाने के प्रति आश्वस्त किया, तो सुधीर मंगला की इस तमीज और विनम्रता को रमेश अग्रवाल ने उनकी कमजोरी समझा और उनके सिर पर सवार होने की कोशिश करते हुए सुधीर मंगला से कुछ अनाप-शनाप कहने लगे । रमेश अग्रवाल का कहना रहा कि मैंने तुम्हें गवर्नर बनवाया और पहले तुम मेरी खुशामद किया करते थे और अब अपने कार्यक्रमों में जिस-तिस को बुलाते हो, लेकिन मुझे नहीं बुलाते हो । मेमोरेण्डम हस्ताक्षरित होने वाला कार्यक्रम एक छोटा कार्यक्रम था, और वहाँ गिनती के ही लोग मौजूद थे । वहाँ का माहौल ऐसा था ही नहीं जिसमें कि रमेश अग्रवाल इस तरह की बातें करते । लेकिन रमेश अग्रवाल तो रमेश अग्रवाल हैं - अपनी निजी खुन्नस निकालने के लिए वह इस बात की बिलकुल भी परवाह नहीं करते कि मौका क्या है, माहौल क्या है और आसपास कौन लोग हैं । सुधीर मंगला से वह जिस तरह भिड़े हुए थे, उससे लग रहा था कि सुधीर मंगला ने अपने कार्यक्रमों में उन्हें न बुला कर उन्हें गहरी चोट दी है और रमेश अग्रवाल अपने भीतर बहुत सा गुबार ले कर बैठे हैं । रमेश अग्रवाल को अपना गुबार निकालते देख सुधीर मंगला ने पहले तो उनकी बातों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब उन्होंने देखा कि रमेश अग्रवाल उनकी भलमनसाहत को उनकी कमजोरी समझ कर बदतमीजी करते ही जा रहे हैं, तो फिर वह भी अपने हरियाणा वाले तेवर में आ गए; और फिर उन्होंने रमेश अग्रवाल को जो सुनाना शुरू किया तो रमेश अग्रवाल को बचने/छिपने की जगह भी नहीं दिखी/मिली । 
राजेंद्र जैना के मामले में भी ऐसा ही हुआ था - पहले तो रमेश अग्रवाल ने राजेंद्र जैना के साथ बदतमीजी की, लेकिन जब राजेंद्र जैना ने उन्हें जबाव देना शुरू किया तो रमेश अग्रवाल ने महिलाओं के बीच छिप कर अपने आप को बचाया था । यहाँ लेकिन लोग बहुत ही कम थे, लिहाजा रमेश अग्रवाल को बचने/छिपने के लिए जगह ही नहीं मिली । सुधीर मंगला ने जमकर रमेश अग्रवाल की क्लास ली और कहा कि तुम हो किसी लायक नहीं और बड़े नेताओं की खुशामद कर कर के अपने लिए निमंत्रण माँगते हो; दूसरे डिस्ट्रिक्ट्स के गवर्नर इलेक्ट्स ने मुझे बताया है कि तुमने उनकी खुशामद कर कर के अपने लिए निमंत्रण जुटाए हैं; लोगों से काम निकालते हो और फिर उनके साथ बदतमीजी करते हो; तुम्हारी हरकतों के कारण ही रोटरी में तुम्हारी बदनामी है और तुम्हें कोई पसंद नहीं करता है; जैसे तैसे करके अपने लिए कुछ जगह बना लेते हो और फिर उसका प्रदर्शन करके अपने आप को बड़ा दिखाते हो; सब जानते हैं कि तुम क्या हो; आदि-इत्यादि । सुधीर मंगला ने जो कुछ कहा, यह तो भले शब्दों में उसकी एक बानगी भर है; उन्होंने रमेश अग्रवाल को ऐसा बहुत कुछ कहा जो यहाँ लिखा/छापा भी नहीं जा सकता । सुधीर मंगला के उग्र तेवर देख कर रमेश अग्रवाल की सिट्टीपिट्टी गुम हो गई थी । वहाँ मौजूद कोई भी वरिष्ठ रोटेरियन उनकी मदद को आगे नहीं आया । सुशील गुप्ता थोड़ा अलग यूनिसेफ के पदाधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे थे । उन्होंने शोर सुना तो वह बीच-बचाव करने आए और उन्होंने सुधीर मंगला को शांत किया । 
रमेश अग्रवाल एक 'बहादुर' व्यक्ति हैं । सुधीर मंगला ने उनके साथ जो किया, उसकी उन्होंने कोई परवाह नहीं की है । राजेंद्र जैना ने उनके साथ जो किया था, उन्होंने उसकी भी कोई परवाह नहीं की थी । रमेश अग्रवाल अच्छी तरह से जानते हैं कि रोटरी में अधिकतर लोग उन्हें पसंद नहीं करते हैं - उन्हें इसकी भी परवाह नहीं है, क्योंकि इसके बावजूद रोटरी में वह अपने कुछ-कुछ काम बनाने में सफल हो ही जाते हैं । अपनी सफलताओं के साथ वह कुल मिलाकर खुश हैं । यहाँ भी रमेश अग्रवाल को इस बात से कोई रंज नहीं हुआ कि संजय खन्ना, विनोद बंसल, रमेश चंद्र आदि ने उन्हें सुधीर मंगला के प्रकोप से बचाने का कोई प्रयास नहीं किया और जो हुआ उसका मजा ही लिया । रमेश अग्रवाल को लेकिन यह देख कर बुरा लगा कि शरत जैन और जेके गौड़ जैसे उनके 'भक्त' भी मजा लेते रहे और इन्होंने भी सुधीर मंगला को रोकने की या मौके पर उनके साथ सहानुभूति दिखाने का कोई प्रयास तक नहीं किया । शरत जैन और जेके गौड़ के इस व्यवहार ने रमेश अग्रवाल को जरूर आहत किया है ।

Tuesday, May 26, 2015

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3011 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनाव के संदर्भ में अपने हुड़दंगी आयोजनों के चलते बदनामी कमा और नुकसान उठा कर विनय भाटिया और उनके संगी-साथियों ने हुड़दंग से फिलहाल तौबा तो की है, लेकिन उनकी मुश्किलें जहाँ की तहाँ ही बनी हुई हैं

फरीदाबाद/नई दिल्ली । विनय भाटिया को लोग चैन नहीं लेने दे रहे हैं, और इसलिए उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद की अपनी उम्मीदवारी के संदर्भ में वह करें तो आखिर क्या करें ? अपनी उम्मीदवारी के लिए समर्थन जुटाने हेतु जब वह जोरशोर से लगे थे, तब लोग शिकायत कर रहे थे कि इतना हुड़दंग क्यों मचाये हुए हो; लोगों की सलाह पर उन्होंने हुड़दंग मचाना बंद किया तो अब लोग शिकायती लहजे में पूछ रहे हैं कि ठंडे क्यों पड़ गए हो ? जाहिर है कि लोग उनकी किसी भी कार्रवाई से खुश नहीं हो रहे हैं; और इसीलिए उनके सामने यह सवाल बहुत ही महत्वपूर्ण हो गया है कि लोग आखिर उनसे चाहते क्या हैं ? लोगों को तो छोड़िये, डिस्ट्रिक्ट को 'चलाने' वाले प्रमुख पदाधिकारियों ने उनसे जैसे मुँह मोड़ लिया दिख रहा है - उससे तो उनके शुभचिंतकों तक के बीच गहरी निराशा पैदा हो गई है । डिस्ट्रिक्ट के फेसबुक पेज पर डिस्ट्रिक्ट असेम्बली की सात सौ से अधिक तस्वीरें लगी हैं, जिनमें विनय भाटिया कहीं भी नजर नहीं आ रहे हैं; जबकि इससे पहले के आयोजनों की जो तस्वीरें इस पेज पर हैं उनमें विनय भाटिया की धूम मची दिखती है । इसी से लोगों के बीच सवाल उठे कि डिस्ट्रिक्ट असेम्बली में विनय भाटिया ने दिलचस्पी नहीं ली, या उनकी दिलचस्पी में डिस्ट्रिक्ट चलाने वाले लोगों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई ? इसे विनय भाटिया की बदकिस्मती ही कहेंगे कि उन्होंने जो भी किया, उस पर विवाद हो गया - लोगों ने उसे अच्छा नहीं माना और उसके चलते उनकी उम्मीदवारी के संदर्भ में एक नकारात्मक प्रभाव बना । 
विनय भाटिया के कुछेक नजदीकियों का कहना लेकिन यह है कि शुरूआत में उनकी तरफ से जो हुड़दंग मचाया गया, वह एक सुनियोजित रणनीति का हिस्सा भी था - जिसका उद्देश्य दरअसल रवि दयाल को 'डराना' था । उल्लेखनीय है कि उस समय रवि दयाल की उम्मीदवारी को लेकर असमंजस बना हुआ था और रवि दयाल खुद अपनी उम्मीदवारी को लेकर हाँ/ना की स्थिति में फँसे हुए थे । ऐसे में, विनय भाटिया और उनके संगी-साथियों ने सोचा कि वह अपनी उम्मीदवारी का जोर दिखायेंगे तो रवि दयाल हतोत्साहित होंगे और चुनावी मैदान छोड़ देंगे । रवि दयाल को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी पद के चुनावी मैदान से बाहर करने/रखने के लिए विनय भाटिया और उनके संगी-साथियों ने जो रणनीति बनाई, उसका लेकिन उलटा ही असर दिखाई दिया । विनय भाटिया और उनके संगी-साथियों की तरफ से मचे हुड़दंग से पहले रवि दयाल की उम्मीदवारी को लेकर जो असमंजस था, वह हुड़दंग के बीच दूर हो गया और रवि दयाल चुनावी मैदान में आ डटे । विनय भाटिया के ही समर्थकों का मानना और कहना है कि उनकी रणनीति बूमरैंग कर गई और उम्मीदवार के रूप में रवि दयाल को डराने की बजाये ताकत दे गई । 
विनय भाटिया और उनके संगी-साथी दरअसल इस तथ्य को भूल बैठे कि हुड़दंग जब लाया जाता है और आता है, तब वह 'बेबकूफी' और 'बेहूदगी' नाम की अपनी चचेरी बहनों को अपने साथ लाता है । वह भले ही इस तथ्य को भूल बैठे, और उन्होंने सिर्फ हुड़दंग को बुलाया - लेकिन हुड़दंग अपने साथ बेबकूफी और बेहूदगी को लाना नहीं भूला । विनय भाटिया और उनके संगी-साथियों ने जिस तरह की जो हुड़दंगी हरकतें कीं - उनमें बेबकूफी और बेहूदगी के जो निशान दिखे, उससे फरीदाबाद से लेकर डिस्ट्रिक्ट तक में लोग नाराज हुए । पेट्स से पहले फरीदाबाद में तो नौबत यहाँ तक आ पहुँची कि फरीदाबाद में कुछेक लोगों ने पेट्स में विनय भाटिया और उनके संगी-साथियों के साथ 'खड़े होने' तक से इंकार तक कर दिया । चारों तरफ किरकिरी हुई तो विनय भाटिया के ही कुछेक समर्थकों ने उन्हें सलाह दी कि इस तरह के हुड़दंग से फायदा कुछ नहीं होगा, उलटे नुकसान ही होगा - इसलिए इससे बचो । विनय भाटिया ने भी अपने अनुभव से समझा/पाया कि जो लोग यह सलाह दे रहे हैं, वह ठीक ही कह रहे हैं । इसलिए विनय भाटिया ने यह सलाह मानने में देर नहीं लगाई । 
विनय भाटिया ने लेकिन जब तक यह सलाह मानी और इस पर अमल किया, तब तक उनका बहुत नुकसान हो चुका था । अपने हुड़दंगी आयोजनों को संभव बनाने के लिए उन्होंने फरीदाबाद में लोगों से जिस तरह के 'सहयोग' माँगे, और इन सहयोगों को जुटाने के लिए जिस तरह की तरकीबें लड़ाई - उससे उन्होंने फरीदाबाद में तो कई लोगों को नाराज कर ही लिया; साथ ही डिस्ट्रिक्ट के लोगों के बीच भी अपनी 'कमजोरियों' को जाहिर कर दिया । समझा जाता है कि इससे ही रवि दयाल और उनके समर्थकों को बल मिला और उन्होंने रवि दयाल की उम्मीदवारी के झंडे को चुनावी मैदान में मजबूती से गाड़ दिया ।
जो हुआ, सो हुआ । बदनामी कमा और नुकसान उठा कर विनय भाटिया और उनके संगी-साथियों ने हुड़दंग से फिलहाल तौबा की । विनय भाटिया अपनी उम्मीदवारी के अभियान को चलाने के लिए फरीदाबाद के जिन लोगों पर निर्भर हैं, उन्हें जानने/पहचानने वाले लोगों का कहना हालाँकि यह है कि यह तौबा ज्यादा दिन तक बनी नहीं रह पाएगी । यह तो चलो बाद की बात है, इसे बाद में देखा जायेगा; विनय भाटिया के लिए लेकिन अभी की समस्या यह पैदा हो गई है कि अब जब वह उम्मीदवार के रूप में भले और गंभीर बनने/दिखने का प्रयास कर रहे हैं, तो लोग पूछ रहे हैं कि वह ठंडे क्यों पड़ गए हैं ?